- BJP ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है.
- नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से बीजेपी ने टिकट दिया है.
- पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा को मोयना से और पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दास गुप्ता को भी टिकट मिला है.
West Bengal Assembly Elections 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी की पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है. सीएम ममता बनर्जी की दोनों सीट नंदीग्राम और भवानीपुर से सुवेंदु अधिकारी को टिकट दिया गया है. मालूम हो कि बंगाल में 2021 में हुए चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को नंदीग्राम सीट से हरा दिया था. जिसके बाद भवानीपुर में हुए उपचुनाव में ममता बनर्जी ने जीत हासिल की थी. अब इस बात बीजेपी ने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट से सुवेंदु को उतार दिया है. हालांकि अभी टीएमसी की ओर से लिस्ट जारी नहीं हुई है. देखना होगा कि ममता बनर्जी इस बार किस सीट से चुनाव लड़ती हैं.
क्रिकेटर अशोक डिंडा को मोयना से मिला टिकट
सोमवार को बंगाल चुनाव के लिए जारी बीजेपी की पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की गई है. इसमें पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा को मोयना से बीजेपी ने चुनावी मैदान में उतारा है. अलीद्वारपुर से परितोष दास को टिकट दिया गया है. पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दास गुप्ता को भी टिकट दिया गया है.
बंगाल में टीएमसी और बीजेपी में सीधी टक्कर की संभावना
बंगाल के चुनाव में बीजेपी और टीएमसी के बीच सीधी टक्कर की संभावना जताई जा रही है. बीजेपी ने बंगाल में कमल खिलाने के काफी मेहनत भी की है. बीजेपी की तैयारी कितनी तगड़ी है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चुनाव की घोषणा के अगले ही दिन बीजेपी ने बंगाल के 144 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी.
बंगाल विधानसभा चुनाव 2026ः बीजेपी की पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवारों की घोषणा, जानें कौन कहां से मैदान में
1st List of BJP Candidate for West Bengal Assembly Election by
बंगाल चुनावः बीजेपी की पहली लिस्ट के बड़े नाम
बंगाल चुनाव के लिए जारी बीजेपी की पहली लिस्ट में 144 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं. इस लिस्ट में भाजपा के कई दिग्गज नेताओं को टिकट दिया गया है. नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को दो सीटों से मैदान में उतारा गया है. वहीं, अग्निमित्रा पॉल को आसनसोल दक्षिण से टिकट दिया गया है. कूचबिहार उत्तर (अजा) से सुकुमार रॉय, सीतलकुची (अजा) से सावित्री बर्मन और दिनहाटा से अजय रॉय को उम्मीदवार बनाया गया है.
इसके साथ ही, तूफानगंज से मालती रावा रॉय, कुमारग्राम (अजजा) से मनोज कुमार ओरांव, कालचिनी (अजजा) से विशाल लामा, माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी (अजा) से आनंदमय बर्मन, सिलीगुड़ी से डॉ. शंकर घोष, फांसीदेवा (अजजा) से दुर्गा मुर्मू, गोलपोखर से सरजीत बिस्वास और चाकुलिया से मनोज जैन को मैदान में उतारा गया है.
12 मार्च को हुई केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में तय हुए नाम
पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में 12 मार्च को केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बुलाई गई थी. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत केंद्रीय चुनाव समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए थे. इस बैठक में केंद्रीय चुनाव समिति ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए विभिन्न उम्मीदवारों के नाम पर अपनी स्वीकृति दी थी.
बंगाल में पहले चरण में 152 तो दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे. 23 अप्रैल को पहले चरण के चुनाव में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि 29 अप्रैल को दूसरे चरण के चुनाव में 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा. इसके साथ ही, चार मई को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे.
बंगाल चुनावः BJP प्रत्याशियों की पहली लिस्ट की बड़ी बातें
- नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी भबानीपुर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे.
- भारत के राष्ट्रगीत 'वन्दे मातरम्' की रचना करने वाले साहित्य सम्राट “बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय” के परिवार से सौमित्र चट्टोपाध्याय को नैहाटी से प्रत्याशी बनाया गया है.
- 99 अनारक्षित, 32 अनुसूचित जाति आरक्षित एवं 13 अनुसूचित जनजाति आरक्षित विधानसभाओं में आज प्रत्याशियों की घोषणा की गयी है.
- घोषित प्रत्याशियों में से 62 प्रत्याशी सामान्य वर्ग से एवं 20 प्रत्याशी अन्य पिछड़ा वर्ग से हैं. साथ ही, 48 अनुसूचित जाति वर्ग एवं 14 अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रत्याशियों को टिकट दी गयी है.
- घोषित प्रत्याशियों में से 41 विधायक एवं 3 पूर्व विधायक एवं 2 पूर्व सांसद हैं.
- 23 सीटों पर शिक्षक को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 8 सीटों पर सामाजिक कार्यकर्ता को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 6 सीटों पर अधिवक्ता को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 5 सीटों पर डॉक्टरों को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 3 सीटों पर पत्रकारों को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 3 सीटों पर आध्यात्मिक नेताओं को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 3 सीटों पर सेवानिवृत्त सैनिकों को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 1 सीट पर सामाजिक आंदोलन से जुड़े प्रभावशाली व्यक्तियों को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 1 सीट पर क्रिकेटर को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 1 सीट पर सेवानिवृत्त प्रसाशनिक अधिकारी को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 1 सीट पर लोक-गायक को प्रत्याशी बनाया गया है.
- 11 सीटों पर महिला प्रत्याशियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है.
- 36 सीटों पर युवा प्रत्याशियों (40 से कम उम्र वाले) को प्रतिनिधित्व दिया गया है.
- इसी प्रकार 41 से 55 आयु वर्ग के 72 प्रत्याशियों, 56 से 70 आयु वर्ग में 32 प्रत्याशियों एवं 70 वर्ष से अधिक आयु के केवल 4 प्रत्याशियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है.
यह भी पढ़ें - बंगाल चुनाव दो चरणों में होने से टीएमसी को क्यों राहत और बीजेपी को कैसे दिख रहा मौका?














