Bihar Rajya Sabha Election News Updates: बिहार में जेडीयू नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे, इस पर तस्वीर साफ हो गई है. बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट कर इसका ऐलान किया है. नीतीश कुमार ने आज राज्यसभा चुनाव में आखिरी दिन नामांकन दाखिल कर दिया. उनके साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी पर्चा भरा. इस दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेता अमित शाह के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा और राज्य सरकार के कई अन्य मंत्री मौजूद थे. अमित शाह ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि इन्होंने बिहार में जंगलराज खत्म किया, इनके दामन पर कोई दाग नहीं है.
नीतीश के राज्यसभा जाने से उनके बेटे के बिहार की राजनीति में एंट्री की भी संभावना है. जदयू सूत्रों का कहना है कि बिहार में बीजेपी का सीएम होगा और जेडीयू के दो डिप्टी सीएम हो सकते हैं. बिहार की राजनीति में पिछले दो दशकों से नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहे हैं. ईबीसी वर्ग में गहरी पैठ के साथ उन्हें सुशासन बाबू भी कहा जाता है. महागठबंधन के साथ 2-3 वर्षों का साथ छोड़ दें तो बीजेपी और जेडीयू का गठबंधन बिहार की सत्ता में रहा है, हालांकि कमान हमेशा नीतीश कुमार के हाथों में रही है.
नीतीश ने चार महीने पहले 20 नवंबर को पटना में भव्य शपथग्रहण समारोह में रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. नीतीश के नाम पर बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड है. 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को शानदार जीत मिली थी.
Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination Updates:
आज किन नेताओं ने राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन
राज्यसभा चुनाव के लिए आज अलग-अलग राज्यों के कई नेताओं ने नामांकन किया. इसमें कई बड़े चेहरे शामिल हैं.
- नीतीश कुमार (JDU) - बिहार
- नितिन नबीन (BJP) - बिहार
- संजय भाटिया (BJP) - हरियाणा
- करमवीर सिंह बौद्ध (कांग्रेस) - हरियाणा
- लक्ष्मी वर्मा (BJP) - छत्तीसगढ़
- रामदास अठावले (RPI-A) - महाराष्ट्र
- अभिषेक मनु सिंघवी (कांग्रेस) - तेलंगाना
- उपेंद्र कुशवाहा (RLM) - बिहार
- रामनाथ ठाकुर (JDU) - बिहार
- शिवेश कुमार (BJP) - बिहार
- एम. थम्बीदुरई (AIADMK) - तमिलनाडु
- दिलीप राय (निर्दलीय) - ओडिशा
- सतीश नांदल (निर्दलीय) - हरियाणा
- एल.के. सुधीश (DMDK) - तमिलनाडु
नीतिन नवीन ने किया नामांकन
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया. उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और ज्ञान की प्राचीन धरा बिहार से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के प्रत्याशी के रूप में राज्यसभा के लिए नामांकन पत्र प्रस्तुत करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीके नेतृत्व में देश जिस गति से विकास, सुशासन और आत्मविश्वास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए संसद के माध्यम से बिहार के विकास और जनहित के मुद्दों को पूर्ण निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ आगे रखने के लिए पूर्णतः संकल्पित हूं. इस अवसर पर माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और बिहार सीएम नीतीश कुमार एवं एनडीए के उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं को हृदय से धन्यवाद.
अमित शाह बोले, नीतीश के दामन पर कोई दाग नहीं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने अपने शासनकाल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया है. उनके दामन पर कोई दाग नहीं है.
राज्यसभा जाना नीतीश का अपना फैसलाः गिरिराज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि राज्यसभा जाने का फैसला नीतीश कुमार का अपना निर्णय है. सुना है, तीन साल पहले भी उन्होंने राज्यसभा जाने की पेशकश की थी. लेकिन इस बार वो जा रहे हैं. जो भी सरकार (बिहार में) बनेगी, वो उन्हीं के नेतृत्व में बनेगी.
Bihar Rajya Sabha Election Live: नीतीश ने किसी के दबाव में नहीं लिया फैसला-प्रवक्ता राजीव रंजन
जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने दावा किया कि ये नीतीश कुमार का अपना फैसला है और किसी के दबाव में नहीं लिया गया है. मुख्यमंत्री पद पर दावे के सवाल पर कहा कि हर पार्टी चाहती है कि उसका मुख्यमंत्री बने लेकिन गठबंधन फ़ैसला लेगी.
Bihar Rajya Sabha Election Live: नीतीश कुमार ने सोचा और उसे जमीन पर उतारा- राजीव रंजन
JDU नेता राजीव रंजन प्रसाद ने नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, "बिहार के लिए ये शानदार दूरदर्शन है. आधारभूत संरचना से लेकर, आम लोगों के जीवन की बेहतरी के लिए एक दूरदर्शी नेता के तौर पर नीतीश कुमार ने सोचा और उसे जमीन पर उतारा. उनके योगदान की चर्चा दशकों तक होती रहेगी.
नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए नामांकन किया दाखिल
नीतीश कुमार ने गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है.
सत्ता हथियाने के लिए हो रहा नीतीश के चेहरे का इस्तेमाल- रणदीप सुरजेवाला
कांग्रेस सांसद रणदीप सुरजेवाला ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर कहा कि बीजेपी नीतीश कुमार के चेहरे का इस्तेमाल जरिए वोट और सत्ता हासिल करने के लिए कर रही है.अब वे बीजेपी के जाल में फंस गए हैं.बिहार में सत्ता हासिल करने के बाद अब उन्हें दरकिनार किया जा रहा है.
Bihar Rajya Sabha Election Live: पटना में नीतीश कुमार से मिले अमित शाह
देश के गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार की राजधानी पटना में सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात की. इस दौरान सीएम नीतीश ने शॉल उड़ाकर शाह का स्वागत किया.
Nitish Kumar News LIVE Updates: सबसे पुराने साथी को दिया धोखा, पप्पू यादव का बीजेपी पर वार
सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने वाले पोस्ट को लेकर सांसद पप्पू यादव ने बीजेपी पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि होली के दिन अपने सबसे पुराने साथी को धोखा दे दिया. इसके साथ ही उन्होंने चंद्रबाबू नायडू को भी आगाह किया.
Nitish Kumar News LIVE Updates: नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता-केसी. त्यागी
JDU नेता केसी. त्यागी ने कहा कि नीतीश युग का कभी अंत नहीं हो सकता, उन्होंने नया बिहार बनाया. जैसे कर्पुरी ठाकुर और चौधरी चरण सिंह जिंदा है, ऐसे ही युग-युग तक नीतीश कुमार भी याद किए जाएंगे. जाहिर है कि इससे सदन की भी गरिमा बढ़ेगी, बहस का स्तर ऊंचा होगा और यूं भी ख्याति व अच्छे बौद्धिक ज्ञान के चलते उन्हें सर्वश्रेष्ठ सांसद का पुरस्कार भी मिला था.
CM नीतीश का राज्यसभा जाने वाला ट्वीट दिल्ली में लिखा गया-RJD नेता मनोज झा
आरजेडी नेता मनोज कुमार झा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ट्वीट पर कहा, "तमाम बातें अपनी जगह, ये नीतीश कुमार की भाषा नहीं है. विरोध और समर्थन दोनों में हम उनके साथ रहे हैं. ये ट्वीट दिल्ली में लिखा गया है. कितना बचकाना लगता है ये सुनना भी, ये कोई बात हुई? सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि मैं राज्यसभा में जाना चाहता हूं.
Bihar Rajya Sabha Election Live: जेडीयू खत्म हो जाएगी, हमने पहले ही कहा था-तेजस्वी
नीतीश को राज्यसभा भेजे जाने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें इस बारे में पहले ही पता था. 28 जनवरी 2024 को जब हमने ये बात कही थी कि जेडीयू खत्म हो जाएगी लेकिन बीजेपी जो 400 सीटों की बात करती थी, उसके अनुसार उनका नतीजा नहीं आया इसलिए इसमें 1 साल की देरी हो गई. नहीं तो वे पहले ही JDU खत्म कर देते.
Bihar Rajya Sabha Election Live: ये हो सकते हैं बिहार के दो संभावित डिप्टी सीएम
बिहार में सत्ता परिवर्तन की कवायद शुरू हो गई है और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद संभावना यह कि CM पद बीजेपी के पाले में जाएगा. वहीं दो डिप्टी सीएम पद जेडीयू के पाले में जाएंगे. राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इस रेस में पहला नाम निशांत कुमार का है. दूसरा नाम अशोक चौधरी का है. एक नीतीश के बेटे हैं तो दूसरे उनके करीबी हैं.
Bihar Rajya Sabha Election Live: बीजेपी ने मुख्यमंत्री को हाईजैक कर लिया- तेजस्वी यादव
बिहार में नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजे जाने के बाद नए सीएम को लेकर आरजेडी बीजेपी पर हमलावर है. तेजस्वी यादव का आरोप है कि बीजेपी नहीं चाहती है कि कोई ओबीसी, अति पिछड़ा समाज का नेता मुख्यमंत्री हो. बीजेपी ने मुख्यमंत्री को हाईजैक कर लिया है. जनभावना सत्ता परिवर्तन के खिलाफ है.
Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination LIVE: नीतीश कुमार को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने पर बधाई-सम्राट चौधरी
सीएम नीतीश कुमार को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने पर बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरीने उनको बधाई दी है.
बीजेपी कोटे से सीएम और जदयू कोटे से डिप्टी सीएम बनेंगे- सूत्र
जेडीयू सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर है. बीजेपी कोटे से सीएम और जदयू कोटे से डिप्टी सीएम बनेंगे.
निशांत को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है. विधायक दल की बैठक जल्द बुलाया जाएगा. जेडीयू विधायक नाराज दिखा रहे हैं. बिना विधायक दल की बैठक किए CM नीतीश को राज्यसभा जाने का फैसला लिया.
विधायकों को मानना है कि यह फैसला जेडीयू विधायक दल की बैठक में तय होता है.
Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination LIVE: नीतीश को बिना बैठक राज्यसभा भेजे जाने से विधायक नाराज- सूत्र
जेडीयू सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आई है. बीजेपी कोटे से सीएम और जेडीयू कोटे से DYCM बनेंगे. नीतीश के बेटे निशांत को DYCM बनाया जा सकता है. जल्द विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी. जेडीयू विधायक नाराज दिख रहे हैं. दरअसल बिना विधायक दल की बैठक किए CM नीतीश को राज्यसभा जाने का फैसला लिया गया है. विधायकों को मानना है कि यह फैसला जेडीयू विधायक दल की बैठक में तय होना था.
Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination LIVE: नीतीश कुमार के आवास पर जुटे समर्थक
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पटना आवास पर उनके समर्थकों का जमावड़ा है. नीतीश के समर्थन में नारेबाजी की गई है.
Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination LIVE: तेजस्वी यादव की बात सच साबित हुई: RJD नेता
RJD नेता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर अचानक से देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इतनी जल्दी बीजेपी हटा देगी, इसका अनुमान किसी को नहीं था. मगर हमारे नेता तेजस्वी यादव लगातार कह रहे थे कि भाजपा जदयू को बर्बाद कर देगी और नीतीश को मुख्यमंत्री की कुर्सी से हटा देगी.
Nitish Kumar News LIVE Updates: नीतीश कुमार अपनी मर्जी से गए हैं... गिरिराज सिंह बोले
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार अपने मर्जी से जा रहे है उनकी इच्छा थी और आगे भी उनके मर्जी से भी सरकार चलेगी. उनको कोई भेज नहीं सकता। वह अपने मर्जी से गए हैं. विपक्ष पर कहा कि वो कल तक सदन में बैठकर गाली दे रहे थे और आज नौटंकी कर रहे हैं.
Nitish Kumar News LIVE Updates: जो नई सरकार बनेगी उसे मेरा पूरा सहयोग रहेगा-नीतीश कुमार
सीएम नीतीश कुमार ने एक पोस्ट में कहा कि संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं. इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं. जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन रहेगा.
Nitish Kumar News LIVE Updates: नीतीश कुमार ने जताई राज्यसभा जाने की इच्छा
बिहार के सीएम नीतीश कुमार गुरुवार को राज्यसभा जाने की इच्छा जताई है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि उनके मन में संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही एक इच्छा थी. पढ़िए उन्होंने क्या कहा.
अमित शाह दिल्ली से 11 बजे पटना के लिए रवाना होंगे
राज्यसभा चुनाव के लिए सभी एनडीए उम्मीदवार 1.30 बजे के आसपास नामांकन करेंगे. अमित शाह दिल्ली से 11 बजे पटना के लिए रवाना होंगे. अमित शाह का विशेष चार्टर्ड प्लेन 12:20 में पटना में लैंड होगा. अब 1 बजे नितिन नवीन के साथ शिवेश राम और उपेंद्र कुशवाहा नॉमिनेशन करेंगे.
Nitish Kumar News LIVE Updates: पार्टी उन्हीं की बनाई हुई है, यह नीतीश कुमार का फैसला : ललन सिंह
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पटना पहुंचे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के फैसले पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पार्टी उन्हीं की बनाई हुई है. यह नीतीश कुमार का फैसला है; उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार किया जाना चाहिए. मुख्यमंत्री जो भी रास्ता चुनें, पार्टी उन्हीं की बनाई हुई है. हम चाहें या न चाहें, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा. यह उनकी मर्जी से होगा। बिहार में नीतीश कुमार ने जो हासिल किया है, वह किसी की कल्पना से परे है. नीतीश कुमार ने बिहार का निर्माण किया है, इसलिए यह फैसला नीतीश कुमार का है.
Nitish Kumar News LIVE Updates: नितिन नवीन ने नामांकन के पहले दर्शन किए
राज्यसभा नामांकन दाखिल करने जा रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सुबह काली मंदिर और महावीर मंदिर में दर्शन किए.नितिन नवीन ने कहा, अब तक का मेरा जैसा सफर रहा है, उसी भाव से आगे का भी सफर रहे. बिहार उनके जीवन में खास स्थान रखता है.
Nitish Kumar News LIVE: राजनीतिक अध्याय के अवसान की कहानी- मनोज झा
राजद नेता मनोज कुमार झा ने भी प्रतिक्रिया दी है. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन की संभावना पर मनोज झा ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, इस खबर के पीछे कोई सच्चाई है या अफवाह नहीं है तो ये एक राजनीतिक अध्याय के अवसान की कहानी है. झा ने कहा, भाजपा ने महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे के महाराष्ट्र के मॉडल के बाद काफी बदलाव कर लिए हैं. बिहार में भी उस पर उन्होंने काम करने की कोशिश की है.
Nitish Kumar News LIVE: बिहार में जेडीयू नेता राजीव रंजन हो गए भावुक
नीतीश कुमार के आवास पर जमा जेडीयू कार्यकर्ता
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच पटना में मुख्यमंत्री आवास पर जदयू के कार्यकर्ता इकट्ठा हुए हैं. वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं. कार्यकर्ताओं का कहना है कि नीतीश कुमार के साथ साजिश हुई है.हम उन्हें राज्यसभा नहीं जाने देंगे
Nitish Kumar Rajya Sabha News Live: नीतीश कुमार ही रहें बिहार के सीएम -राजीव रंजन पटेल
JDU नेता राजीव रंजन पटेल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा नामांकन दाखिल करने की संभावना पर कहा, निशांत कुमार को राज्यसभा भेजें, लेकिन बिहार के सीएम नीतीश कुमार रहें. बिहार की जनता रो रही है, किसी ने कल होली नहीं मनाई है. आज हजारों जदयू कार्यकर्ता रो रहे हैं. लोगों ने नीतीश के लिए वोट मांगा था न कि किसी अन्य के लिए नहीं. आज नीतीश कुमार हट जाएंगे तो किसी ने कार्यकर्ताओं से नहीं पूछा. नीतीश कुमार का स्वास्थ्य ठीक है.
Bihar Rajya Sabha Nomination News LIVE: बीजेपी से नितिन नवीन और शिवेश कुमार प्रत्याशी
BJP ने पार्टी प्रमुख नितिन नवीन और बिहार इकाई के महासचिव शिवेश कुमार को राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है. एनडीए में शामिल दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है.
Nitish Kumar News LIVE: नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार बने थे सीएम
नीतीश कुमार ने 4 महीने पहले 20 नवंबर को पटना में रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी. नीतीश कुमार बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं. शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की थी. विधानसभा चुनाव में बीजेपी-जेडीयू की अगुवाई वाले गठबंधन को 200 से ज्यादा सीटों पर शानदार जीत मिली थी.
Bihar Rajyasbha Nomination LIVE: बिहार में राज्यसभा की 5 सीटों पर चुनाव
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की संभावना के बीच जदयू के कुछ नेता भी मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे थे. नीतीश कुमार और बेटे निशांत के समर्थन में नारे लगाए गए. नीतीश कुमार के पुत्र निशांत जल्द ही सक्रिय राजनीति में आने सकते हैं.
Bihar News LIVE: नीतीश कुमार 11.30 बजे के करीब दाखिल कर सकते हैं नामांकन
नीतीश कुमार आज 11.30 बजे नामांकन दाखिल कर सकते हैं. बीजेपी के सूत्रों ने नीतीश कुमार के पद छोड़ने की स्थिति में नए मुख्यमंत्री को लेकर चुप्पी साध रखी है. सूत्रों ने कहा कि इस तरह का फैसला केवल दिल्ली स्थित उनके शीर्ष नेतृत्व द्वारा ही लिया जा सकता है.
Bihar Rajyasabha Nomination LIVE: नीतीश कुमार 11 बजे के करीब दाखिल कर सकते हैं नामांकन
जदयू नेता और बिहार सरकार में मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं. चौधरी का यह बयान राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल होने से ठीक एक दिन पहले आया है. पिछले सप्ताह 75 वर्ष के हुए नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं.मुख्यमंत्री ही अंतिम निर्णय लेंगे.














