15 करोड़ की बेतिया गोल्ड लूट में नया ट्विस्ट ! 'गोल्डन थीफ' सुबोध सिंह के नाम की चर्चा, बंगाल-यूपी तक रेड

बेतिया के सेंको गोल्ड शोरूम में 15 करोड़ रुपये की लूट के बाद जांच का फोकस कथित 'गोल्डन थीफ' सुबोध सिंह और उसके नेटवर्क पर है. 7 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि जांच के तार पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक पहुंचने की चर्चा है. जानिए पूरा मामला.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
Bettiah Gold Loot: बेतिया में सेंको गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े हुई करीब 15 करोड़ रुपये के सोने की डकैती के मामले में कुख्यात 'गोल्डन थीफ' सुबोध सिंह का नाम सामने आ रहा है.
जितेन्द्र गुप्ता

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में सेंको गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े हुई करीब 15 करोड़ रुपये के सोने की डकैती ने पूरे सूबे में हड़कंप मचा दिया है. इस महालूट के बाद पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है और जांच का दायरा बिहार से निकलकर पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैल गया है. अब तक इस मामले में पुलिस ने सात संदिग्धों को हिरासत में लिया है, लेकिन सबसे बड़ा और चौंकाने वाला नाम जो सामने आ रहा है, वह है जेल की सलाखों के पीछे बंद कुख्यात 'गोल्डन थीफ' सुबोध सिंह का. आशंका जताई जा रही है कि जेल के भीतर से ही इस पूरी साजिश की पटकथा लिखी गई और इस वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधियों ने बेहद शातिराना 'स्लीपर सेल मॉडल' का इस्तेमाल किया.

Bettiah Gold Loot: बेतिया में सेंको गोल्ड शोरूम में दिनदहाड़े हुई करीब 15 करोड़ रुपये के सोने की डकैती के मामले में लुटेरों का CCTV फुटेज सामने आई है.
Photo Credit: जितेन्द्र कुमार गुप्ता

क्यों चर्चा में आया 'गोल्डन थीफ' सुबोध सिंह?

दरअसल बेतिया डकैती की वारदात ने देश के बड़े गोल्ड लूटकांडों की पुरानी यादें ताजा कर दी हैं. इस कांड की जांच के दौरान जिस नाम की सबसे अधिक चर्चा हो रही है, वह है सुबोध सिंह. अपराध जगत में 'गोल्डन थीफ' के नाम से चर्चित सुबोध सिंह का नाम पहले भी कई बड़े गोल्ड लूटकांडों से जुड़ चुका है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक उसे सोना लूटने वाले संगठित गिरोह का कथित मास्टरमाइंड बताया जाता रहा है.सुबोध सिंह को साल 2022 में एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल जेल में बंद है.सूत्रों के अनुसार, सुबोध जेल में सलाखों के पीछे रहकर भी अपने विशाल नेटवर्क को ऑपरेट करने की क्षमता रखता है. बेतिया में वारदात का जो तरीका अपनाया गया, वह पूरी तरह से सुबोध सिंह के संगठित गिरोह की कार्यशैली से मेल खाता है. 

वारदात का तरीका बढ़ा रहा शक

सूत्रों के मुताबिक अपराधियों ने वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि लूट में शामिल लोग एक दिन पहले ही बेतिया पहुंच गए थे. उन्होंने रेलवे स्टेशन की पार्किंग में कार खड़ी की और पहले शोरूम की रेकी की. योजना के तहत सही समय का इंतजार किया गया और फिर हथियारों के बल पर करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लिए गए. सबसे दिलचस्प बात यह बताई जा रही है कि लूट के बाद गहनों को एक चैनल से सुरक्षित निकालने की व्यवस्था पहले से तैयार थी. सूत्रों के अनुसार लूटे गए आभूषण कार में रखे गए, जबकि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी बाइक से अलग दिशा में फरार हो गए. इससे यह आशंका मजबूत हुई है कि लूट को अंजाम देने वाले और माल को ठिकाने लगाने वाले लोग अलग-अलग नेटवर्क का हिस्सा थे.
 

Advertisement

Bettiah Gold Loot: बेतिया में सेंको गोल्ड शोरूम में हुई करीब 15 करोड़ रुपये के सोने की डकैती के बाद बिखरा पड़ा शो रूम
Photo Credit: जितेन्द्र कुमार गुप्ता

बेहद हाईटेक है गिरोह का 'स्लीपर सेल मॉडल'

इस डकैती की जांच में जो सबसे बड़ा खुलासा हुआ है, वह है अपराधियों का 'स्लीपर सेल' की तरह काम करना. पुलिस सूत्रों की मानें तो डकैती डालने वाले जमीनी गुर्गों को यह भी पता नहीं होता कि उनका असली आका कौन है. उन्हें सिर्फ फोन और इंटरनेट कॉल्स के जरिए सटीक निर्देश मिलते हैं कि उन्हें कब, कहां और किसे निशाना बनाना है. वारदात पूरी होने के बाद लूटा गया माल किसे सौंपना है, इसकी जानकारी भी केवल जरूरत के हिसाब से ही साझा की जाती है. इस तरीके के कारण पुलिस के लिए मास्टरमाइंड तक पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण हो जाता है.
ये भी पढ़ें: कट्टा-AK47 और जातीय दबदबे वाले भोजपुरी गानों पर बिहार पुलिस सख्त, जारी की चेतावनी, 45 के खिलाफ FIR दर्ज

Advertisement

बंगाल और उत्तर प्रदेश तक पहुंची जांच

सूत्रों के मुताबिक जांच की दिशा अब बिहार से बाहर भी फैल चुकी है. पुलिस पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों से जुड़े संभावित संपर्कों की जांच कर रही है. आशंका है कि गिरोह के कुछ सदस्य या फिर लूटे गए माल के रिसीवर दूसरे राज्यों में मौजूद हो सकते हैं.इसी वजह से कई राज्यों के बीच सूचना साझा की जा रही है और तकनीकी सर्विलांस के जरिए नेटवर्क को खंगाला जा रहा है.

सात गिरफ्तारियां, लेकिन क्या कहानी अभी बाकी है?

इस वारदात में पुलिस ने अब तक सात लोगों को गिरफ्तारी किया है, लेकिन जांच एजेंसियां मान रही हैं कि यह पूरी कहानी नहीं है. सवाल यह है कि क्या गिरफ्तार आरोपी केवल वारदात को अंजाम देने वाले मोहरे हैं या फिर पुलिस असली मास्टरमाइंड तक भी पहुंच चुकी है? फिलहाल पुलिस मामले पर आधिकारिक तौर पर ज्यादा कुछ कहने से बच रही है. माना जा रहा है कि जांच की गोपनीयता बनाए रखने और बाकी संदिग्धों तक पहुंचने के लिए रणनीति के तहत जानकारी साझा नहीं की जा रही.

असली चेहरा कौन?

बेतिया गोल्ड लूटकांड की जांच अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गई है जहां हर नई जानकारी नए सवाल खड़े कर रही है. यदि जांच में सुबोध सिंह या उसके नेटवर्क की भूमिका की पुष्टि होती है, तो यह मामला सिर्फ एक शोरूम में हुई लूट नहीं, बल्कि कई राज्यों में फैले संगठित अपराध सिंडिकेट के बड़े खुलासे में बदल सकता है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि 15 करोड़ रुपये की इस सनसनीखेज लूट के पीछे आखिर किसका दिमाग था? क्या जांच के तार सचमुच जेल में बंद 'गोल्डन थीफ' सुबोध सिंह तक पहुंचेंगे, या फिर पर्दे के पीछे कोई और बड़ा चेहरा छिपा है?
ये भी पढ़ें: गंगा नदी पर 10 KM लंबा नीतीश सेतु तैयार, पटना-वैशाली ही नहीं, सीतामढ़ी-समस्‍तीपुर-दरभंगा तक बढ़ेगी कनेक्टिविटी

Featured Video Of The Day
Cyclone Akvan Alert: चक्रवात अकवान की तट पर दस्तक, ओडिशा में हाई अलर्ट

Topics mentioned in this article
Bettiah News
Bettiah Crime
Bettiah  Senco Gold
Bihar Crime News

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं