2 minutes ago

Assam Election Results: असम में बीजेपी की हैट्रिक या कांग्रेस की वापसी होगी, इसका फैसला आज हो जाएगा. वोटों की गिनती कुछ देर में शुरू होगी. कई एग्जिट पोल सर्वेक्षणों में असम में भाजपा की निर्णायक जीत का अनुमान लगाया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि मौजूदा मुख्यमंत्री सरमा लगातार दूसरी बार सत्ता में लौटेंगे. असम विधानसभा चुनाव में पहचान की राजनीति, कल्याणकारी योजनाओं का वितरण और क्षेत्रीय आकांक्षाएं हावी रहीं. असम की 126 विधानसभा सीट पर 722 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा, जिसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी 35 जिलों के 40 मतगणना केंद्रों पर ईवीएम खोली जाएंगी. उम्मीदवारों में 59 महिलाएं हैं. नगांव जिले में मतगणना तीन अलग-अलग केंद्रों पर होगी, जबकि कोकराझार, तिनसुकिया और जोरहाट में दो-दो केंद्रों पर मतगणना होगी. चुनाव में 722 उम्मीदवारों में से कांग्रेस के सबसे अधिक 99 उम्मीदवार हैं. इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के 90, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के 30, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के 26 और बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) के 11 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. आम आदमी पार्टी (आप) और यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) ने 18-18 सीट पर, तृणमूल कांग्रेस ने 22 सीट पर और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने 16 सीट पर चुनाव लड़ा. इसके अलावा, 258 निर्दलीय उम्मीदवार भी हैं.
ज्‍यादातर एग्जिट पोल्‍स का अनुमान है कि सत्तारूढ़ भाजपा 126 सदस्यीय असम विधानसभा में आसानी से बहुमत का आंकड़ा पार कर लेगी, और अनुमानों के अनुसार पार्टी अकेले दम पर 80 से अधिक सीटें जीत सकती है. विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 64 सीटों का है. यदि अनुमान सही साबित होते हैं, तो यह राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पूर्वोत्तर राज्य में भाजपा के लिए एक और जबरदस्त जनादेश होगा और 2021 के विधानसभा चुनावों के बाद मुख्यमंत्री का पदभार संभालने वाले हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व को और मजबूत करेगा. 

Assam election results 2026 live updates: 

May 04, 2026 07:06 (IST)

Assam Election Results LIVE: जालुकबारी में मुख्यमंत्री हिमंता का अभेद्य किला, जोरहाट में गौरव गोगोई की साख की लड़ाई

जालुकबारी और जोरहाट विधानसभा सीटों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं. जालुकबारी  मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का अभेद्य किला माना जाता है. इस सीट पर सरमा का दबदबा दशकों से कायम है. इस बार भी सबकी नजरें इसी बात पर हैं कि क्या विपक्ष यहां कोई सेंध लगा पाएगा या सरमा अपनी जीत का अंतर और बड़ा करेंगे. वहीं, जोरहाट सीट पर मुकाबला काफी हाई-प्रोफाइल है. यहां कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे गौरव गोगोई मैदान में हैं. उनका मुकाबला बीजेपी के दिग्गज और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हितेंद्र नाथ गोस्वामी से है. गोस्वामी यहां के मौजूदा विधायक भी हैं, इसलिए गोगोई के लिए इस किले को फतह करना एक बड़ी चुनौती मानी जा रही है.

May 04, 2026 06:42 (IST)

Assam Chunav Result LIVE: मतगणना के लिए तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू, केंद्रों पर कड़ी निगरानी

असम विधानसभा चुनाव की मतगणना आज होनी है. इससे पहले राज्य में सुरक्षा और प्रशासन की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों में स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि मतगणना के लिए कई केंद्रों पर तीन-स्तरीय कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. लखीमपुर जिले में भी सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं, जहां पांच विधानसभा क्षेत्रों की इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें लखीमपुर गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में कड़ी निगरानी में रखी गई हैं. 

May 04, 2026 06:32 (IST)

Assam Assembly Election Results 2026 LIVE: काउंटिंग से पहले सीएम सरमा ने की अहम बैठक

असम विधानसभा चुनाव के रिजल्‍ट आने से पहले मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों, सांसदों, राज्य पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ मतगणना दिवस की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक वर्चुअल बैठक की. बीजेपी सूत्रों ने बताया कि ऑनलाइन हुई इस बैठक में समन्वय, बूथ स्तर पर निगरानी, ​​मतगणना व्यवस्था और परिणाम के बाद की संगठनात्मक रणनीति पर ध्यान केंद्रित किया गया, क्योंकि राज्य एक महत्वपूर्ण चुनावी फैसले का इंतजार कर रहा है. राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी बैठक में मौजूद थे. 

May 04, 2026 06:30 (IST)

Assam Election Results LIVE: असम के 74 साल के इतिहास में सबसे ज्‍यादा वोटिंग

असम के 74 साल के इतिहास में इस बार सबसे ज्‍यादा वोटिंग हुई है. इस बार कुल 85.91 प्रतिशत वोटिंग हुई है. जब भी कहीं ज्‍यादा वोटिंग होती है, तो ऐसा माना जाता है कि सत्‍ता परिवर्तन होने वाला है. लेकिन इस बार असम को लेकर सभी एग्जिट पोल्‍स ये दावा कर रहे हैं कि सीएम हिमंता बिस्‍वा सरमा की वापसी होने जा रही है. हालांकि, कुछ ही देर में साफ हो जाएगा कि इस बार असम की जनता ने किसको सत्‍ता सौंपने का मन बनाया है.

Advertisement
May 04, 2026 06:17 (IST)

Assam Election Results 2026 LIVE: हिमंत बिस्वा सरमा मई 2021 में बने थे असम के मुख्यमंत्री

बीजेपी के असम के पहले मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल को सरकार का नेतृत्व करने के लिए चुना गया, लेकिन बाद में उन्हें केंद्र में बुला लिया गया और केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल कर लिया गया. हिमंत बिस्वा सरमा मई 2021 में मुख्यमंत्री बने और उन्होंने असम सरकार और सात पूर्वोत्तर राज्यों में नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है. उनके कार्यकाल की एक और खास बात यह है कि उन्होंने अपनी विचारधारा में एक बड़ा बदलाव किया. 2015 में उन्होंने दो मुख्य कारणों का हवाला देते हुए कांग्रेस छोड़ दी थी. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के शीर्ष पर बैठे 'परिवार-केंद्रित' चेहरों के साथ नेतृत्व और उत्तराधिकार को लेकर विवाद थे.

May 04, 2026 06:17 (IST)

Election Results LIVE: 2021 में असम में अपने दम बहुमत हासिल नहीं कर पाई थी बीजेपी

असम विधानसभा के पिछले चुनाव में बीजेपी बहुमत से कुछ पीछे रह गई और उसने फिर से 60 सीटें जीतीं. हालांकि, बीजेपी के वोट शेयर में बढ़ोतरी हुई और वह बढ़कर 33.21 प्रतिशत तक पहुंच गया. असम गण परिषद 29 सीटों में से सिर्फ नौ सीटें ही जीत पाई. यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल 2016 में कांग्रेस के साथ गठबंधन में कोई भी सीट नहीं जीत पाई थी, उसने साल 2021 में बीजेपी  के साथ मिलकर छह सीटें जीतीं. 

Advertisement
May 04, 2026 06:17 (IST)

Assam Election Results LIVE: असम में 2016 में सत्‍ता में आई थी बीजेपी

साल 2016 में जब बीजेपी असम में सत्ता में आई, तो उसने अपने दो मुख्य सहयोगियों असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के समर्थन से सरकार बनाई. 126 सदस्यों वाली विधानसभा में बीजेपी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लड़ी गई 89 सीटों में से 60 सीटें जीतीं, और कुल जनादेश का लगभग 29.51 प्रतिशत हासिल किया. यह उसके द्वारा पहले जीती गई पांच सीटों की तुलना में एक बहुत बड़ी बढ़त थी.

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Bharat Ki Baat Batata Hoon | Nepal में एक्शन में 'बुलडोजर', Yogi की राह पर बालेन शाह!