- मलयालम अभिनेता मणियानपिल्ला राजू पर तिरुवनंतपुरम में हिट-एंड-रन घटना में दो युवकों को टक्कर मारने का आरोप है.
- इस दुर्घटना में एक युवक का पैर टूट गया और दूसरे की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आई है.
- राजू ने कहा कि मोटरसाइकिल ने उनकी कार को टक्कर मारी थी और उन्होंने एम्बुलेंस की व्यवस्था की थी.
मलयालम अभिनेता मणियानपिल्ला राजू एक हिट-एंड-रन मामले में फंसते नजर आ रहे हैं. राजू पर केरल के तिरुवनंतपुरम में गुरुवार को एक हिट-एंड-रन घटना में शामिल होने का आरोप है. इस दुर्घटना में दो युवक घायल हो गए. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, अभिनेता की कार ने कथित तौर पर त्रिवेंद्रम क्लब के पास दो युवकों को ले जा रही मोटरसाइकिल को टक्कर मारी और फिर मौके से फरार हो गए. घटना के बाद, राजू करीब दस घंटे तक लापता रहे थे. पुलिस ने दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना गुरुवार रात करीब 9.30 बजे वेल्लायंबलम-वझुथक्कड़ रोड पर त्रिवेंद्रम क्लब के सामने हुई. दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जिसमें एक का पैर टूट गया है, जबकि दूसरे का रीढ़ की हड्डी में चोट का इलाज चल रहा है. घायलों की पहचान तिरुवनंतपुरम निवासी 20 साल के सूरज और निदेव के रूप में हुई है.
वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत लापरवाही से वाहन चलाने, जान जोखिम में डालने और दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता करने से इनकार करने के आरोप में वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद पुष्टि की है कि गाड़ी को राजू द्वारा चलाया जा रहा था.
मोटरसाइकिल ने मारी कार को टक्कर: राजू
राजू शुक्रवार सुबह पुलिस स्टेशन पहुंचे. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि एक मोटरसाइकिल ने उनकी कार को टक्कर मार दी. उन्होंने कहा कि मैं सड़क पार करने के लिए धीरे-धीरे कार चला रहा था, तभी मोटरसाइकिल ने मेरी कार को टक्कर मार दी. उन्होंने कहा कि मुझे एक आवाज सुनाई दी और मैंने किसी को गिरते देखा. घटनास्थल से निकलने के बाद मैंने एक व्यक्ति से संपर्क किया और उनसे एम्बुलेंस का इंतजाम करने के लिए कहा.
उन्होंने साफ किया कि कार वही चला रहे थे और अपनी खराब सेहत के कारण वे घटनास्थल से चले गए. उन्होंने कहा कि मैं कैंसर का मरीज हूं और अब मुझे चिकनगुनिया भी हो गया है. साथ ही मेरी पत्नी घर पर अकेली थी.
राजू ने बताया कि उन्होंने पुलिस से संपर्क किया था और उन्हें सूचित किया था कि वे रात में पेश नहीं हो पाएंगे. पीटीआई के अनुसार, उन्होंने कहा कि मैंने उन्हें बताया कि मैं सुबह पेश हो जाऊंगा. वाहन पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा.














