28 April News LIVE Updates: आज 28 अप्रैल है और दिन मंगलवार. देश में बहुत कुछ होने वाला है. ऐसी ही एक खबर मध्य प्रदेश से आई है, जहां समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की संभावनाओं को लेकर बीजेपी सरकार ने एक कमेटी का गठन किया है. इस कमेटी की अगुवाई सुप्रीम कोर्ट से रिटायर्ड जस्टिस रंजना देसाई करेंगी. वहीं, पंजाब के पटियाला में सोमवार देर रात एक रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट होने की भी खबर है. इसके अलावा, घाटकोपर में नाबालिग के साथ हुए रेप केस को लेकर बीजेपी ने पुलिस थाने के बाहर धरना दिया. 28 अप्रैल को क्या कुछ हो रहा है? पढ़ें LIVE UPDATES...
हरियाणाः प्राइवेट बस में आग लगने से 2 जिंदा जले
आज की बड़ी खबरें क्या हैं?
UNGA की अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक भारत पहुंचीं
संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की अध्यक्ष एनालेना बेयरबॉक भारत की अपनी आधिकारिक यात्रा के लिए दिल्ली पहुंच गई हैं. अपने कार्यक्रम के तहत, बेयरबॉक राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी. इसके अलावा, वह इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मंत्रालय (MEITY) के प्रतिनिधियों के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर एक इंटरैक्टिव सत्र भी करेंगी.
आज वाराणसी में रहेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर 50 हजार महिलाओं से संवाद करेंगे. इस दो दिन के दौरे में काशी को भी पीएम बहुत बड़ी सौगात देने वाले हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने काशी दौरे पर 6269.86 करोड़ रुपये की 160 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले पीएम मोदी का ये काशी दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पीएम मोदी फिलहाल तो महिलाओं से संवाद और काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ का दर्शन पूजन करेंगे लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि मंगलवार शाम के बाद पीएम अपने संसदीय क्षेत्र काशी के औचक दौरे पर भी निकल सकते हैं.
कैसा रहेगा आज का मौसम?
दिल्ली एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में आज आंधी-बारिश देखने को मिल सकती है. जम्मू-कश्मीर में 27 से 29 अप्रैल के दौरान, हिमाचल प्रदेश में 28 से 30 अप्रैल और 3 मई को बारिश होने का अलर्ट है. उत्तराखंड में 28 से 3 मई के दौरान गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. दिल्ली, पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़ में 27 से 30 अप्रैल के दौरान बरसात होने का अनुमान है. पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
घाटकोपर रेप केस पर BJP का प्रदर्शन
महाराष्ट्र के घाटकोपर में 5 और 6 साल की दो बच्चियों का कथित तौर पर रेप करने वाला आरोपी गिरफ्तार हो गया है. इस मामले में पुलिस ने फिरोज शेख उर्फ सनी को गिरफ्तार किया है. इस घटना पर बीजेपी नेता किरीट सोमैया और मुंबई मेयर ऋतु तावड़े ने घाटकोपर पुलिस थाने के बाहर प्रदर्शन किया. किरीट सोमैया ने आरोप लगाया कि फिरोज शेख ने 4 लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की कोशिश की. पुलिस फिरोज को गिरफ्तार नहीं करना चाहती थी लेकिन विरोध के बाद उसे गिरफ्तार किया गया. उन्होंने फिरोज की मदद करने वाले पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने की मांग की. वहीं, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े ने कहा कि पुलिस ने पीड़ित परिवार वालों को ही जेल में बंद कर दिया है.
पंजाब में रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट
पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात पंजाब के पटियाला में एक रेलवे ट्रैक के पास धमाका हुआ. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शंभू-अंबाला रेल ट्रैक के पास, जहां यह घटना हुई, एक अज्ञात शव भी बरामद किया गया है. हालांकि, यह साफ नहीं है कि इसका धमाके से कोई संबंध है या नहीं. पटियाला के SSP वरुण शर्मा ने बताया कि धमाके से ट्रैक को भी कुछ नुकसान पहुंचा है. यह घटना रात करीब 10 बजे मालगाड़ियों के लिए बने रेल ट्रैक के पास हुई.
MP में UCC के लिए बनी कमेटी
मध्य प्रदेश की बीजेपी सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की संभावनाओं को लेकर एक कमेटी का गठन किया है. इस कमेटी की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की पूर्व जज, जस्टिस (रिटायर्ड) रंजना प्रसाद देसाई करेंगी. अन्य सदस्यों में रिटायर्ड IAS अधिकारी शत्रुघ्न सिंह, कानूनी विशेषज्ञ अनूप नायर, शिक्षाविद गोपाल शर्मा और समाजसेवक बुधपाल सिंह शामिल हैं. कमेटी को 60 दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट के साथ-साथ एक ड्राफ्ट बिल भी जमा करना होगा.














