Tongue Health Iindicators: जब भी हम वायरल, बुखार या किसी अन्य बीमारी से डॉक्टर के पास जाते हैं, तो वह सबसे पहले हमारी आंखों और जीभ की जांच करते हैं. कई लोगों को यह सामान्य प्रक्रिया लगती है, लेकिन इसके पीछे गहरा विज्ञान और आयुर्वेदिक ज्ञान छिपा होता है. आंखें शरीर की थकान और खून की स्थिति बताती हैं, जबकि जीभ हमारे पाचन तंत्र, लिवर, खून और दोषों (वात, पित्त, कफ) की स्थिति का सीधा संकेत देती है. आयुर्वेद के अनुसार जीभ शरीर के अंदर चल रही गतिविधियों का आईना होती है. जीभ का रंग, बनावट और नमी यह बताती है कि शरीर के अंदर सब कुछ संतुलित है या नहीं.
जीभ के अलग-अलग रंग और उनका क्या मतलब | Different Tongue Colors and What They Mean
1. बहुत ज्यादा सफेद जीभ - कफ और आम का संकेत
अगर जीभ पर मोटी सफेद परत जमी हुई दिखे, तो यह कफ और ‘आम दोष' (टॉक्सिन) के बढ़ने का संकेत है. यह स्थिति तब बनती है जब भोजन ठीक से पच नहीं पाता. अधपचा खाना शरीर में विषैले तत्वों का रूप ले लेता है, जिसे आयुर्वेद में आम कहा जाता है. यही आम जीभ पर सफेद परत के रूप में दिखता है.
इसके लक्षण:
- भारीपन महसूस होना
- बार-बार सर्दी-जुकाम
- पेट में गैस और सूजन
- मुंह से बदबू
क्या करें?
- हल्का और सुपाच्य भोजन लें
- सुबह गुनगुना पानी पिएं
- जीभ साफ करने की आदत डालें
- तला-भुना और मीठा कम करें
2. हल्की लाल या गुलाबी जीभ - पित्त की वृद्धि
सामान्य जीभ हल्की गुलाबी होती है. लेकिन अगर जीभ ज्यादा लाल दिखे, तो यह पित्त दोष बढ़ने का संकेत है. जब शरीर में गर्मी बढ़ जाती है, तब गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याएं शुरू हो जाती हैं. आयुर्वेद के अनुसार पित्त बढ़ने पर जीभ का रंग लाल या चमकीला गुलाबी हो सकता है. यह स्थिति विटामिन B-12 की कमी का भी संकेत हो सकती है.
इसके लक्षण:
- मुंह में जलन
- एसिडिटी
- कमजोरी
- चिड़चिड़ापन
क्या करें?
- ठंडी तासीर वाले फूड्स लें (जैसे नारियल पानी)
- मसालेदार भोजन से बचें
- डॉक्टर की सलाह से विटामिन की जांच करवाएं
3. पीली जीभ - लिवर और पित्त पर असर
अगर जीभ हल्की पीली दिखने लगे, तो यह शरीर में पित्त और आम दोनों के बढ़ने का संकेत है. यह मुख्य रूप से आंतों और लिवर पर असर डालता है. लिवर जब सही तरीके से काम नहीं करता, तो हार्मोन संतुलन भी बिगड़ सकता है और उसका असर जीभ के रंग में दिखाई देता है.
इसके लक्षण:
- मुंह का कड़वा स्वाद
- थकान
- भूख कम लगना
- पाचन गड़बड़ी
क्या करें?
- डिटॉक्स के लिए नींबू पानी और त्रिफला का सेवन (विशेषज्ञ की सलाह से)
- तैलीय भोजन से दूरी
- रेगुलर एक्सरसाइज
4. सूखी जीभ- वात दोष और रस धातु की कमी
अगर जीभ बार-बार सूखी रहती है, तो यह वात दोष बढ़ने का संकेत हो सकता है. ऐसी स्थिति में व्यक्ति को बार-बार प्यास लगती है, लेकिन पानी पीने के बाद भी सूखापन पूरी तरह खत्म नहीं होता. आयुर्वेद के अनुसार यह रस धातु की कमी को भी दर्शाता है.
इसके लक्षण:
- त्वचा का रूखापन
- कब्ज
- कमजोरी
क्या करें?
- दिन की शुरुआत ऑयल पुलिंग से करें
- पर्याप्त पानी पिएं
- घी और तिल के तेल का सीमित सेवन करें
ध्यान रखें:
जीभ शरीर का संकेत देती है, लेकिन यह अंतिम निदान नहीं है. अगर जीभ का रंग लंबे समय तक बदला रहे या अन्य लक्षण भी हों, तो डॉक्टर से जांच जरूर करवाएं. आयुर्वेद हमें सिखाता है कि शरीर के छोटे-छोटे संकेतों को समझकर हम बड़ी बीमारियों से बच सकते हैं.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














