Good News, ट्यूमर को फ्रीज कर नष्ट कर देगी नई MRI मशीन, तो क्‍या मि‍ल गया कैंसर का सटीक और कम दर्द वाला इलाज

Tumor Freezing Treatment: इस नई तकनीक में डॉक्टर रियल-टाइम MRI इमेजिंग की मदद से एक पतली, गैस पावर्ड प्रोब सीधे ट्यूमर में डालते हैं. यह प्रोब तेजी से ठंडी होकर एक कंट्रोल आइस बॉल बनाती है. यह बर्फ का गोला ट्यूमर को फ्रीज कर देता है, जिससे कैंसर सेल्स नष्ट हो जाती हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
इस नई तकनीक में डॉक्टर रियल-टाइम MRI इमेजिंग की मदद से एक पतली, गैस पावर्ड प्रोब सीधे ट्यूमर में डालते हैं.

Painless Cancer Treatment: कैंसर या किसी भी ट्यूमर का नाम सुनते ही सबसे पहले दिमाग में बड़ी सर्जरी, लंबे समय तक हॉस्पिटल में एडमिट रहना, दर्दभरी रिकवरी की तस्वीर आती है. लेकिन ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में अब एक ऐसी मॉडर्न तकनीक शुरू हुई है, जो इस पारंपरिक सोच को बदल रही है. यह है MRI गाइडेड क्रायोएब्लेशन सिस्टम एक अत्याधुनिक तकनीक, जो ट्यूमर को जमा कर नष्ट करती है, वह भी बेहद सटीक तरीके से और कम से कम चीरे के साथ.

क्या है क्रायोएब्लेशन?

क्रायोएब्लेशन एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें असामान्य या कैंसर वाली सेल्स को बहुत ज्यादा ठंड (extreme cold) के जरिए नष्ट किया जाता है. इस नई तकनीक में डॉक्टर रियल-टाइम MRI इमेजिंग की मदद से एक पतली, गैस पावर्ड प्रोब सीधे ट्यूमर में डालते हैं. यह प्रोब तेजी से ठंडी होकर एक कंट्रोल आइस बॉल बनाती है. यह बर्फ का गोला ट्यूमर को फ्रीज कर देता है, जिससे कैंसर सेल्स नष्ट हो जाती हैं, जबकि आसपास के हेल्थ टिश्यू सुरक्षित रहते हैं.

यह तकनीक पारंपरिक सर्जरी से कैसे अलग?

ट्रेडिशनल ओपन सर्जरी में:

  • बड़े चीरे लगाने पड़ते हैं.
  • कई बार धातु के सपोर्ट या इम्प्लांट लगाने पड़ते हैं.
  • अस्पताल में कई दिन रुकना पड़ता है.
  • रिकवरी लंबी और दर्दभरी हो सकती है.

इसके विपरीत, MRI-guided क्रायोएब्लेशन:

  • कम से कम इनवेसिव (कम चीरे वाली) है.
  • ज्यादा सटीक है.
  • पोस्ट-ऑपरेटिव दर्द कम होता है.
  • कई मरीज उसी दिन घर लौट सकते हैं.

डॉक्टरों का कहना है कि MRI की लाइव इमेजिंग से उन्हें ट्रीटमेंट एरिया का क्लियर पिक्चर मिलता है, जिससे वे फ्रीजिंग प्रक्रिया को लगातार मॉनिटर और जरूरत पड़ने पर एडजस्ट कर सकते हैं. इससे उपचार और ज्यादा सुरक्षित और सटीक हो जाता है.

ऑस्ट्रेलिया में पहली बार

अस्पताल विशेषज्ञों के अनुसार, यह MRI यूनिट ऑस्ट्रेलिया में अपनी तरह की पहली है. यह न केवल सॉफ्ट टिश्यू जैसे लिवर और किडनी के ट्यूमर का इलाज कर सकती है, बल्कि रीढ़ (spine) के ट्यूमर के उपचार में भी सक्षम है, जो पहले बेहद जटिल माने जाते थे.

Advertisement

एक मरीज की प्रेरणादायक कहानी:

64 वर्षीय जोसेफिन कॉर्डिना, सिडनी की एक दादी, इस तकनीक की शुरुआती लाभार्थियों में से एक थीं. उनकी रीढ़ में नौ मिलीमीटर का ट्यूमर था, जिससे उन्हें असहनीय दर्द हो रहा था. बैठना या लेटना तक मुश्किल हो गया था. उन्हें पारंपरिक स्पाइनल सर्जरी का विकल्प दिया गया था, जिसमें ट्यूमर हटाकर रीढ़ को धातु सपोर्ट से स्थिर करना पड़ता. जोखिम और लंबी रिकवरी को देखते हुए उन्होंने क्रायोएब्लेशन चुना.

परिणाम चौंकाने वाला था. उन्होंने बताया कि अगले ही दिन वह बिना दर्द के जागीं. कुछ ही समय में वह सामान्य एक्टिविटीज में लौट आईं. उनके लिए यह तकनीक सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि लाइफ क्वालिटी में नया अध्याय थी.

Advertisement

यह नई तकनीक ऑस्ट्रेलिया में लगभग 1 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के बड़े अस्पताल विस्तार कार्यक्रम का हिस्सा है. 2027 तक एक नया समर्पित कैंसर केंद्र खुलने की योजना है, जो दक्षिण-पश्चिम सिडनी के तेजी से बढ़ते क्षेत्र को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा. अधिकारियों का मानना है कि ऐसी तकनीकें न केवल मरीजों को फायदा पहुंचाती हैं, बल्कि पूरे हेल्थ सिस्टम को ज्यादा कुशल बनाती हैं.

क्रायोएब्लेशन ग्लोबल लेवल पर प्रिसीजन मेडिसिन और कम इनवेसिव ट्रीटमेंट की ओर बढ़ते कदम का हिस्सा है. ठंड, गर्मी या फोकस्ड एनर्जी से ट्यूमर नष्ट करने की तकनीकें ट्रेडिशनल सर्जरी के विकप की ओर बढ़ते कदम का हिस्सा है. 

MRI-guided सिस्टम की खासियत है, देखते हुए इलाज करना. यानी डॉक्टर एक ही समय में ट्यूमर को देख भी सकते हैं और उसका उपचार भी कर सकते हैं.

सिडनी में शुरू हुई यह तकनीक कैंसर उपचार में एक मील का पत्थर है. यह दिखाती है कि मॉडर्न साइंस कैसे इलाज को कम दर्दनाक, ज्यादा सटीक और पेशेंट सेंट्रिक बना सकता है.

Advertisement

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

Featured Video Of The Day
Israel Attack Iran BREAKING: ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल बनाने वाले ठिकाने पर इजरायल का हमला! | War