हरियाणा के पानीपत में बहू के पहनावे, पब-बार जाना और लगातार टॉर्चर ने सास-ससुर की जान ले ली. जानकारी के मुताबिक, जिस बहू के चक्कर में सास-ससुर ने आत्महत्या की, वह बहू सोशल मीडिया के जरिए उसके बेटे के संपर्क में आई थी. सोशल मीडिया पर पहचान के बाद दोनों 2 साल तक रिलेशनशिप में रहे. इसके बाद दोनों की शादी हुई. लेकिन शायद ही किसी को उस समय इस बात का अंदाजा रहा होगा, जिसकी शादी के लिए उस समय घर वाले राजी हो रहे हैं. वहीं एक दिन घर से 2-2 अर्थी एक साथ उठवा देगी.
शादी के बाद बदल गया था बेटा
दरअसल, बीते शनिवार (09 मई 2026) को पानीपत के नारा गांव में सास-ससुर (सुमन-44 वर्ष और राजेश-46 वर्ष) ने सल्फास की गोलियां खा ली, जिससे दोनों की मौत हो गई. सुमन की मौत शनिवार रात को पानीपत के सिविल अस्पताल में हुई थी, जबकि राजेश ने रविवार को पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. दोनों के सुसाइड की जांच में जो बात सामने आई, उसने झकझोर करके रख दिया.
परिजनों का कहना है कि आशीष अपने माता-पिता (सुमन और राजेश) का इकलौता बेटा है. शादी के बाद बेटे के व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था. वह अपने माता-पिता की बात सुनने को तैयार ही नहीं था और अक्सर हर मामले में पत्नी का पक्ष लेता था. बताया गया कि आशीष की दिल्ली की रहने वाली स्नेहा से इंस्टाग्राम पर पहचान हुई. फिर यह पहचान दोस्ती में बदल गई और दोनों 2 साल तक रिलेशन में रहे. इसके बाद परिवार की सहमति से आशीष और स्नेहा ने पिछले साल जनवरी 2025 में एक दूसरे से शादी कर ली.
बहू और सास-ससुर में शुरू गया विवाद
जानकारी के अनुसार, शादी के कुछ ही दिन बाद स्नेहा का अपने सास-ससुर (सुमन-राजेश) से झगड़ा होने लगा. परिजनों के मुताबिक, आशीष की पत्नी स्नेहा गांव में छोटे कपड़े पहनकर निकलती तो सास-ससुर को अच्छा नहीं लगता था. जब सास ससुर टोकते तो वह झगड़ा करने लगती थी. इतना ही नहीं स्नेहा पब- बार में जाने की शौकीन थी. शादी के बाद भी उसने वहां जाना नहीं छोड़ा था. जब भी उसे पब में जाने से रोका- टोका जाता, तो वह बिल्कुल नहीं मानती थी. परिजनों ने बताया कि स्नेहा रील्स बनाती रहती, जिससे गांव में उनकी बेइज्जती होती थी और बेटा आशीष भी स्नेहा को समझाता था, पर वह मानने को तैयार नहीं थी.
रोक-टोक पर बहू करने लगी टॉर्चर
परिवार के लोगों के अनुसार, बेटे को रोकने को कहते तो वह भी नहीं सुनता और पत्नी का ही पक्ष लेता. रोक-टोक के चलते बहू ने सास को काफी टॉर्चर करना शुरू कर दिया. आरोप है कि उसकी बहन और माता-पिता भी सास- ससुर को फोन कर धमकाते थे कि उस पर कोई रोक लगाई तो अंजाम अच्छा नहीं होगा. गांव वालों के अनुसार उनकी बहू स्नेहा दिल्ली के परिवेश में पली- बढ़ी थी और वह शादी के बाद गांव के माहौल में ढलने को तैयार नहीं थी.
वह शादी के बाद भी छोटे-छोटे कपड़े पहनकर पब- बार में जाती थी. उसके पहनावे और रील्स बनाने के शौक को लेकर अक्सर सास- ससुर और उसके बीच टोका- टाकी होती थी, जो धीरे-धीरे बड़े क्लेश का रूप लेने लगा. आशीष के घर में स्नेहा के परिजनों का दखल देना और उनकी बेटी को कुछ भी कहने पर बुरे अंजाम की धमकी देना भी आशीष के माता-पिता यानी राजेश और सुमन की आत्महत्या का मुख्य कारण बन गया. डिप्टी एसपी सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के बड़े भाई की शिकायत पर चार जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है.
यह भी पढे़ं-
बहू फिल्मी गानों पर बनाती थी रील्स, लोगों के तानों से परेशान सास-ससुर ने खा लिया जहर
बिहार: खेत में नाबालिग लड़का-लड़की को पकड़ा, लड़के का सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया; कराई शादी














