Faridabad Women Burning Case: हरियाणा के फरीदाबाद से रिश्तों की मर्यादा और इंसानियत दोनों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. डबुआ थाना क्षेत्र के गाजीपुर इलाके में पारिवारिक विवाद इस कदर बढ़ गया कि एक महिला ने अपनी ही दो जेठानियों को जिंदा जलाने की कोशिश की. पेट्रोल से भरा बैग लेकर आई देवरानी ने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और फिर दोनों बहनों को आग के हवाले कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
बालकनी में खड़ी थीं दोनों बहनें
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिलाएं मीना और सीमा सगी बहनें हैं. दोनों की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है. शुक्रवार शाम वे अपने घर की बालकनी में खड़ी थीं. इसी दौरान उनकी देवरानी वहां पहुंची. पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी महिला अपने साथ एक बैग लेकर आई थी. जब घरवालों ने बैग के बारे में पूछा तो उसने कहा कि उसमें इन्वर्टर की बैटरी का पानी है. उसके जवाब पर किसी को शक नहीं हुआ. लेकिन असल में उस बैग में पेट्रोल भरा हुआ था.
बाथरूम के बहाने रची साजिश
आरोप है कि महिला बाथरूम जाने का बहाना बनाकर घर के भीतर गई. वहां उसने मग में पेट्रोल भरा और बाहर आकर मौके का इंतजार करने लगी. जैसे ही मौका मिला, उसने बालकनी में खड़ी दोनों बहनों पर पेट्रोल डाल दिया और माचिस की तीली जलाकर फेंक दी. आग लगते ही दोनों महिलाएं लपटों में घिर गईं. उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं.
अस्पताल में जिंदगी से जूझ रही पीड़िताएं
घटना के तुरंत बाद दोनों महिलाओं को गंभीर हालत में फरीदाबाद के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई और उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. बताया जा रहा है कि एक महिला करीब 60 फीसदी और दूसरी लगभग 80 फीसदी तक झुलस गई है.
पहले कभी नहीं आती थी आरोपी महिला
पड़ोसियों ने बताया कि आरोपी महिला पहले कभी इस घर में नहीं आती थी. उसके अचानक आने से सभी लोग हैरान थे. स्थानीय लोगों के अनुसार, वह मणि की टाल इलाके में किराये के मकान में रहती है. आशंका जताई जा रही है कि देवरानी और जेठानियों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद और आपसी कहासुनी चल रही थी.
पुलिस जांच में जुटी, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही डबुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और पीड़ितों के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है. फिलहाल आरोपी महिला फरार है और उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ें- एक पड़ताल: क्यों लाशों का डंपिंग यार्ड बना मुंबई से सटा वसई-विरार, 16 दिनों में मिल चुके हैं 6 शव!














