हरियाणा में फर्जी 'VIP' का पर्दाफाश, खुद को गृह मंत्रालय का चेयरमैन बता मांग ली पुलिस एस्कॉर्ट; एक गलती से खुली पोल

लालबत्ती वाली गाड़ी, कमांडो की वर्दी में गार्ड और रसूख ऐसा कि पुलिस से ही सुरक्षा मांग ली. करनाल के निसिंग में शातिर ठग रिंकू सैनी का 'VIP ड्रामा' कैसे हुआ फेल? पढ़ें अनिता सिंह की यह रिपोर्ट...

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
करनाल में पकड़ा गया 'फर्जी VIP', लाल बत्ती और नकली कमांडो के साथ झांसा देने वाला रिंकू गिरफ्तार.
NDTV Reporter

Karnal News: करनाल के निसिंग थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन 'सोशल जस्टिस वेलफेयर आयोग' का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान इंद्री के बीबीपुर जाटान निवासी रिंकू सैनी के रूप में हुई है. रिंकू का आत्मविश्वास इतना ऊंचा था कि उसने गांव ब्रास में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाकायदा निसिंग पुलिस से 'पायलट और एस्कॉर्ट' (VIP सुरक्षा) की मांग कर डाली, और यही उसकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई.

प्राइवेट गार्ड को पहना दी थी वर्दी

जब पुलिस सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा देख अधिकारी दंग रह गए. रिंकू सैनी के साथ हरियाणा पुलिस कमांडो की वर्दी में एक निजी सुरक्षा गार्ड (महेंद्र, निवासी पानीपत) तैनात था, जिसके पास अपना लाइसेंसी हथियार भी था. शक होने पर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो पता चला कि रिंकू ने केवल लोगों पर रौब झाड़ने के लिए महेंद्र को प्राइवेट गार्ड रखा था और उसे खुद ही हरियाणा पुलिस की वर्दी पहना दी थी ताकि दुनिया को लगे कि उसे सरकारी सुरक्षा मिली हुई है. पुलिस ने रिंकू के साथ उसके चालक विकास और गार्ड महेंद्र को भी दबोच लिया है.

जांच की तो 12 से ज्यादा FIR दर्ज

जांच में सामने आया है कि रिंकू सैनी कोई मामूली अपराधी नहीं है. उस पर हरियाणा के विभिन्न जिलों के थानों में ठगी के 12 से ज्यादा मामले दर्ज हैं. यह शातिर ठग लोगों को सरकारी नौकरी लगवाने, तबादला करवाने और विदेश भेजने के नाम पर लाखों की चपत लगा चुका है. इससे पहले उसे राजस्थान पुलिस भी गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस को आरोपी की गाड़ी से लालबत्ती, दो लाइसेंसी हथियार, ट्रांसफर नोट और विदेश भेजने से जुड़े संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं. इतना ही नहीं, करनाल में मशहूर पंजाबी गायक बब्बू मान के शो के नाम पर अवैध टिकटें बेचकर भी इसने भारी धोखाधड़ी की थी.

राजनीतिक रसूख, दुबई कनेक्शन

रिंकू सैनी का इतिहास राजनीतिक गलियारों से भी जुड़ा रहा है. साल 2014 के विधानसभा चुनाव के दौरान वह और उसकी पत्नी भाजपा में सक्रिय थे और इंद्री सीट से टिकट की दावेदारी कर रहे थे. हालांकि, धोखाधड़ी के मामले सामने आने के बाद उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था. बीच के कुछ समय में वह दुबई भी रहकर आया और वापस लौटकर अपनी 'बड़ी राजनीतिक पहुंच' का हवाला देकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाने लगा. फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- ‘हमारे कागज पूरे, फिर भी छीनी जा रही जमीन', हरियाणा vs UP सीमा विवाद में सड़कों पर उतरे बागपत के किसान

Featured Video Of The Day
Bharat Ki Baat Batata Hoon | Iran Israel War: Hormuz पर बैठक, अमेरिका दूर! ईरान का ऐलान, Trump खुश!