Saunf Tea Benefits: आयुर्वेद के अनुसार, सबसे सरल और प्राकृतिक तरीका है सौंफ का सेवन. सौंफ की तासीर ठंडी मानी जाती है, जो शरीर के तापमान को नियंत्रित रखती है. लू से बचाव करती है और पेट की गर्मी-जलन को शांत करती है. आयुर्वेद में इसे पित्त दोष संतुलित करने वाली जड़ी-बूटी कहा जाता है, इसलिए गर्म मौसम में सौंफ का पानी, शरबत या चाय पीना बहुत फायदेमंद होता है. यह न सिर्फ ठंडक देती है, बल्कि पाचन को दुरुस्त रखती है और रोजमर्रा की कई परेशानियों से राहत दिलाती है.
सौंफ में एंटीऑक्सीडेंट, एंटीबैक्टीरियल और दर्द निवारक गुण भरपूर होते हैं. यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाती है, गैस, ब्लोटिंग या पेट फूलना, अपच, कब्ज और ऐंठन जैसी समस्याओं को दूर करती है. भोजन के बाद सौंफ चबाने या सौंफ की चाय पीने से पेट की भारीपन और असहजता कम होती है. नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद के अनुसार, सौंफ पाचन क्रिया को सुचारू रखती है और इरिटेबल बाउल सिंड्रोम जैसी पुरानी समस्याओं में भी राहत देती है.
सौंफ के फायदे
गर्मियों में सौंफ का खास फायदा यह है कि यह शरीर से अतिरिक्त गर्मी निकालती है, सूजन कम करती है, थकान दूर करती है और मन को तरोताजा रखती है. नियमित सेवन से वजन नियंत्रण में मदद मिलती है, हार्मोन बैलेंस होता है और त्वचा की चमक बढ़ती है. यह मुंह की बदबू दूर करती है, सांस की तकलीफ में आराम देती है और शरीर से अतिरिक्त पानी निकालने में सहायक होती है.
ये भी पढ़ें: पीरियड्स पेन से लेकर पेट की ऐंठन और कमजोरी को दूर कर देगी ये हरी चाय, जानिए बनाने का तरीका
कैसे बनाएं सौंफ की चाय और शरबत
सौंफ की चाय या शरबत बनाने का तरीका आसान है. इसके लिए 1 चम्मच सौंफ के बीजों को 1 कप पानी में 5-10 मिनट उबालें, छानकर गर्म पीएं. स्वाद के लिए शहद या नींबू मिला सकते हैं. वहीं, शरबत बनाने के लिए सौंफ को पीस लें और पानी में छान लें. स्वाद के लिए हल्कि चीनी या शहद मिला सकते हैं. खाली पेट सौंफ का पानी पीने से डिटॉक्स होता है और दिनभर ठंडक बनी रहती है. सौंफ-मिश्री का मिश्रण भी गर्मी में बहुत अच्छा काम करता है.
सौंफ एक सस्ता, घरेलू और प्रभावी उपाय है, जो गर्मियों में प्राकृतिक ठंडक और सेहत दोनों देता है, हालांकि अधिक मात्रा में सेवन से बचें. गर्भवती महिलाएं या कोई स्वास्थ्य समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लें.
History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














