Ram Navami 2026: रामनवमी हिंदू धर्म का प्रमुख त्योहार है, जिसे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है. यह दिन चैत्र नवरात्रि के नौवें दिन आता है और पूरे देश में बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है. इस खास अवसर पर भक्त सुबह जल्दी उठकर स्नान करते हैं, साफ-सुथरे कपड़े पहनते हैं और पूरे भक्ति भाव से भगवान राम की पूजा करते हैं. कई लोग इस दिन व्रत भी रखते हैं और मंदिरों में जाकर भजन-कीर्तन में शामिल होते हैं. रामनवमी चैत्र नवरात्रि के नौवें दिन पड़ती है, ऐसे में इस दिन कन्या पूजन का भी विशेष महत्व होता है. आज यानी 27 मार्च को रामनवमी का पर्व मनाया जा रहा है. ऐसे में आइए जानते हैं आज रामनवमी कितने बजे तक है, साथ ही जानेंगे आज कन्या पूजा का शुभ मुहूर्त क्या रहेगा.
आज रामनवमी कितने बजे तक है?
हिंदू पंचांग के अनुसार, इस बार नवमी तिथि की शुरुआत 26 मार्च की सुबह 11:48 बजे से हुई थी और यह 27 मार्च की सुबह 10:06 बजे तक रहेगी. उदय तिथि को मानते हुए 27 मार्च 2026 को ही रामनवमी का पर्व मनाया जा रहा है. अयोध्या में आज भगवान श्रीराम के बाल रूप रामलला का जन्मोत्सव ऐतिहासिक और भव्य स्वरूप में मनाया जाएगा. इसके तहत सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक अभिषेक किया जाएगा. इसके बाद 10:30 से 10:40 बजे तक गर्भगृह के पट बंद रहेंगे. 10:40 से 11:45 बजे तक दिव्य श्रृंगार होगा फिर 11:45 बजे भोग के लिए पट बंद होंगे और दोपहर 12:00 बजे जन्मोत्सव आरती के साथ पट खुलेंगे.
कन्या पूजा का शुभ मुहूर्तरामनवमी के दिन कन्या पूजन का भी विशेष महत्व होता है. इस दिन छोटी-छोटी बच्चियों को देवी का रूप मानकर उनकी पूजा की जाती है. उन्हें भोजन कराया जाता है और उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया जाता है. इस बार कन्या पूजन का शुभ समय सुबह 6:18 से 7:50 बजे तक और फिर 10:55 बजे से दोपहर 3:31 बजे तक रहेगा.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, विधि-विधान से पूजा करने और कन्या पूजन करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है. साथ ही भगवान राम की कृपा से जीवन में सकारात्मकता और शांति बनी रहती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














