गयाजी में इन 9 जगहों पर पिंडदान का खास महत्व, अलग-अलग दोषों से मिलती है मुक्ति

हिंदू धर्म में पितृपक्ष को पूर्वजों के तर्पण, श्राद्ध और पिंडदान के लिए सबसे पवित्र समय माना जाता है. गयाजी में देश-विदेश से लोग पिंडदान के लिए आते हैं. यहां कुछ प्रमुख स्थानों पर पिंडदान का विशेष महत्व है जहां अलग-अलग दोषों से मुक्ति मिलती है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
गया में पिंडदान का महत्व
file photo

सनातन धर्म में पितृपक्ष का विशेष महत्व है. 26 सितंबर से पितृपक्ष शुरू हो चुका है और 10 अक्टूबर को सर्वपितृ अमावस्या के साथ इसका समापन होगा. 16 दिनों तक चलने वाले इस काल में हम अपने पितरों के लिए तर्पण और पिंडदान करते हैं, ताकि उनकी आत्मा को शांति मिले और उनका आशीर्वाद परिवार पर बना रहे. हिंदू धर्म में पितृपक्ष को पूर्वजों के तर्पण, श्राद्ध और पिंडदान के लिए सबसे पवित्र समय माना जाता है. इस दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बिहार के गयाजी धाम पहुंचते हैं और अपने पितरों के लिए पिंडदान करते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि गयाजी में कुछ प्रमुख स्थानों पर पिंडदान का विशेष महत्व है और यहां अलग-अलग दोषों से मुक्ति मिलती है.

गयाजी की महत्ता केवल विष्णुपद मंदिर या फल्गु नदी तक सीमित नहीं है. पूरे गयाजी क्षेत्र में 45 से अधिक ऐसे पवित्र स्थल हैं, जहां पिंडदान की परंपरा सदियों से चली आ रही है. इन सभी स्थानों का अपना अलग धार्मिक महत्व माना जाता है और अलग-अलग प्रकार के पितृ दोषों तथा पारिवारिक बाधाओं से मुक्ति की मान्यता जुड़ी हुई है.

विष्णुपद मंदिर

गयाजी का विष्णुपद मंदिर पितृपक्ष का सबसे महत्वपूर्ण स्थल माना जाता है. मान्यता है कि यहां भगवान विष्णु के चरण चिह्न स्थापित हैं. श्रद्धालु मंदिर परिसर में पिंड अर्पित कर अपने पितरों के मोक्ष की कामना करते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, यहां किया गयाजी पिंडदान विशेष फलदायी माना जाता है.

फल्गु नदी तट

फल्गु नदी के तट पर पिंडदान और तर्पण की परंपरा अत्यंत प्राचीन है. मान्यता है कि माता सीता ने इसी नदी के किनारे अपने ससुर राजा दशरथ का पिंडदान किया था. इसलिए फल्गु नदी में तर्पण करने से पितरों की आत्मा को तृप्ति मिलने की मान्यता है.

Advertisement

अक्षयवट

गयाजी का अक्षयवट एक अमर वटवृक्ष माना जाता है. धार्मिक मान्यता है कि यहां पिंडदान करने से पितरों को स्थायी शांति मिलती है और परिवार पर पितरों का आशीर्वाद बना रहता है. इसी कारण इसे गयाजी के सबसे महत्वपूर्ण पिंडदान स्थलों में गिना जाता है.

प्रेतशिला पर्वत

प्रेतशिला पर्वत का संबंध उन लोगों से जोड़ा जाता है जिनकी मृत्यु असामान्य या अकाल परिस्थितियों में हुई हो. ऐसी आत्माओं की शांति के लिए यहां पिंडदान करने की परंपरा है. मान्यता है कि इससे प्रेत बाधा और पितृ दोष से मुक्ति मिलती है.

Advertisement

रामशिला पर्वत

रामशिला पर्वत को भगवान राम के पिंडदान से जुड़ा स्थान माना जाता है. मान्यता है कि भगवान राम ने अपने पिता राजा दशरथ के निमित्त यहां श्राद्ध कर्म किया था. इसलिए यहां पिंडदान करने से पारिवारिक सुख-समृद्धि और पितरों की कृपा प्राप्त होती है.

सीता कुंड

सीता कुंड गयाजी के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. मान्यता है कि माता सीता ने यहां पितृ कर्म संपन्न किया था. श्रद्धालु इस स्थान पर पिंडदान और तर्पण कर अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा अर्पित करते हैं.

इसके अलावा ब्रह्मयोनि पर्वत, धर्मारण्य, मंगला गौरी, उत्तरमानस, सूर्यकुंड और वैतरणी समेत कई अन्य पवित्र स्थान भी गयाजी के पिंडदान स्थलों में शामिल हैं. धार्मिक मान्यता है कि इन स्थानों पर किए गए श्राद्ध और तर्पण से अलग-अलग प्रकार के पितृ दोष, ग्रह बाधाएं और पारिवारिक कष्ट दूर होते हैं.

यह भी पढ़ें:- पितृपक्ष में पितरों से पहले ऋषियों का तर्पण क्यों जरूरी? अगस्त्य मुनि की कथा में छिपा है रहस्य

Advertisement

यह भी पढ़ें:- पितृपक्ष में कौवे को श्राद्ध का खाना क्यों खिलाया जाता है? जानिए पौराणिक कथा और मान्यता

यह भी पढ़ें:- Pitru Paksha: क्या लड़की श्राद्ध-पिंडदान कर सकती है? जानिए नियम और क्या कहते हैं पुराण

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Featured Video Of The Day
जंतर मंतर पर संग्राम को लेकर Congress-BJP प्रवक्ता में तीखी नोक झोंक

Topics mentioned in this article
Pind Daan
Pirtu Paksha
Shradh