हिंदू धर्म में कार्तिक मास को सबसे पवित्र महीनों में से एक माना गया है. इस महीने में किए गए स्नान, दान और भगवान विष्णु की भक्ति का विशेष फल प्राप्त होता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास में सुबह स्नान करने से व्यक्ति को पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है. इस पूरे महीने विशेष नियमों का पालन किया जाता है. कई भक्त कार्तिक के पूरे महीने व्रत भी रखते हैं. अगर, आप भी व्रत रखने का विचार कर रहे हैं तो चलिए आपको बताते हैं कार्तिक में पूरे महीने व्रत कैसे रखें और किन चीजों से परहेज करें.
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक महीने में भगवान विष्णु और भगवान शिव दोनों की आराधना की जाती है. ये महीना भक्ति के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है. इस पूरे महीने दीपदान, भजन-कीर्तन, मंदिर दर्शन, तुलसी पूजन और धार्मिक कथा श्रवण का विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि इस दौरान किया गया पुण्य कई गुना फल देता है.
कार्तिक स्नान का धार्मिक महत्व
शास्त्रों में बताया गया है कि कार्तिक में ब्रह्ममुहूर्त में स्नान करके भगवान विष्णु का पूजन करने से विशेष पुण्य प्राप्त होता है. इस समय स्नान करने से मन की शुद्धि होती है और ईश्वर के प्रति भक्ति बढ़ती है.
क्या कार्तिक मास में व्रत रखना जरूरी है?
कार्तिक स्नान और व्रत दो अलग-अलग नियम हैं. अगर, कोई व्यक्ति पूरे महीने व्रत नहीं रख सकता, तब भी वह कार्तिक स्नान, पूजा, दीपदान और मंत्र जाप कर सकता है. श्रद्धा के साथ की गई भक्ति भी महत्वपूर्ण मानी जाती है.
कार्तिक मास में क्या करें?
कार्तिक के महीने में रोज सुबह जल्दी उठें, स्नान करें, भगवान विष्णु का स्मरण करें, तुलसी के पास दीप जलाएं और अपनी क्षमता के अनुसार दान-पुण्य करें. इसके अलावा मंत्र जाप और कथा सुनें.
कार्तिक मास में क्या नहीं करें?
कार्तिक के महीने मांस, मदिरा, अंडा, प्याज और लहसुन का सेवन नहीं करना चाहिए, कार्तिक मास में शरीर पर तेल नहीं लगाना चाहिए, इस पूरे महीने में ब्रह्मचर्य नियमों का पालन करना चाहिए, रविवार को तुलसी के पौधे को स्पर्श नहीं करना और इस पूरे महीने मन और वाणी में संयम रखें, कम बोलें और वाद-विवाद से दूर रहें.
कार्तिक मास में व्रत और नियम
- ब्रह्म मुहूर्त स्नान- सुबह जल्दी उठकर स्नान करें.
- तुलसी पूजा और दीपदान- रोज सुबह और शाम को तुलसी के पौधे के सामने घी का दीपक जलाएं.
- मंत्र जाप एवं पाठ- भगवान श्री विष्णु के मंत्र 'ऊँ नमो भगवते नारायणाय' या 'ओम नमो भगवते वासुदेवाय' का 108 बार जाप करें.
- खाने का नियम- इस पूरे महीने सात्विक, शुद्ध और एक समय या फलाहार व्रत करें.
- दान-पुण्य- इस महीने में गरीबों और जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और धन का दान करना अत्यंत शुभ माना जाता है.
यह भी पढ़ें:- घर पर अगरबत्ती कैसे बनाएं? गुलाब, गेंदे के फूल और आम के पत्तों से धूप बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- हथेली में ये त्रिकोण दिखे तो चमक सकती है किस्मत, जानें हाथ की रेखाओं में छुपे त्रिभुज उसका अर्थ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं