जब हम किसी से काम की बात करते हैं, तो सबसे पहले यही उम्मीद रखते हैं कि सामने वाला इंसान हमारी बात को समझे और उस पर खरा उतरे. ऑफिस में भले ही सौ लोग आपके निर्देशों पर काम करते हों, लेकिन क्या आपका अपना मन आपकी एक भी बात सुनता है? सच तो यह है कि सुबह से लेकर रात तक हमारी सबसे बड़ी जंग इसी मन के साथ चलती है. मन हर दिशा में भागता रहता है, और हम थककर हार मान लेते हैं.
आज के इस दौर में हमने 'सफलता' की परिभाषा बहुत सीमित कर दी है. समाज में जिसे सफलता माना जाता है, वह असल में सिर्फ एक अचीवमेंट है एक बड़ा पैकेज, घर या नाम और पैसा. ये सब चीजें अपनी जगह बहुत जरूरी हैं और इनके लिए कड़ी मेहनत भी चाहिए, लेकिन इस दौड़ में हम अपनी शांति को पूरी तरह दांव पर लगा देते हैं. हम अक्सर मान लेते हैं कि "मन तो चंचल है, यह तो भागेगा ही" मजे की बात यह है कि जितनी बार हम यह वाक्य दोहराते हैं, मन उतना ही बेकाबू हो जाता है.
मन क्यों अशांत रहता है?
हम अपने शरीर को फिट रखने के लिए जिम जाते हैं, महंगे सप्लीमेंट्स लेते हैं और डाइट का पूरा हिसाब रखते हैं, लेकिन हमारे विचारों का क्या? जिस तरह घर के किसी कोने में पड़ा थोड़ा सा कचरा भी पूरे घर में बदबू फैला देता है, ठीक वैसे ही हमारे अंदर दबी पुरानी कड़वाहट, बचपन की कोई चोट या किसी का कहा हुआ ताना हमारे पूरे मन को प्रभावित करता है. हम अक्सर इन नेगेटिव बातों को दिल और दिमाग की किसी पुरानी अलमारी में ताला लगाकर छिपा तो लेते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि उनकी घुटन आपके शारीरिक और मानसिक ऊर्जा को अंदर ही अंदर दीमक की तरह चाटती रहती है.
मेडिटेशन का रोल
इस मानसिक कचरे को साफ करने के लिए किसी रॉकेट साइंस की जरूरत नहीं है, जैसे सर्दियों में हम अपनी पुरानी रजाइयों और कपड़ों को निकालकर धूप में रख देते हैं, जिससे उनकी सीलन और कीड़े खुद-ब-खुद खत्म हो जाते हैं बिल्कुल वैसे ही हमारे मन के विकारों को भी 'डिवाइन एनर्जी' या मेडिटेशन रूपी धूप की दरकार होती है.
क्या करना चाहिए?
- रोज सुबह उठकर सिर्फ 10 से 15 मिनट अपने लिए निकालें.
- किसी शांत कोने में बैठकर पॉजिटिव एनर्जी को अपने अंदर महसूस करें.
- बिल्कुल वैसे ही जैसे सूरज की पहली किरण शरीर पर पड़ते ही एक नई गर्माहट और स्फूर्ति भर देती है.
- अगर आप इस प्रक्रिया को करते हैं, तो खुद को पॉजिटिव वाइब्रेशन से भर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें: अगर कोई आपको बुरा-भला कहे तो क्या करें? अपनाएं BK Shivani की ये सीख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं