Holi 2026: आज 3 मार्च को साल का पहला चंद्र ग्रहण लग रहा है और इसका सूतक काल भी शुरू हो चुका है. संयोग ऐसा है कि आज ही पूर्णिमा तिथि होने के कारण कई जगहों पर होलिका दहन भी किया जा चुका है. वहीं, कई जगहों पर ग्रहण खत्म होने के बाद होलिका दहन किया जाएगा. ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार चंद्र ग्रहण का प्रभाव धार्मिक कार्यों और शुभ उत्सवों पर पड़ता है, इसलिए इस बार रंगों वाली होली ग्रहण समाप्त होने के बाद खेली जाएगी. ऐसे में होली का उत्साह तो बरकरार है, लेकिन कुछ चीजों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं, कि रंगों वाली होली पर कौन से 5 काम नहीं करने चाहिए. आइए जानते हैं...
यह भी पढ़ें: Chandra Grahan 2026: चंद्र ग्रहण के समय सो सकते हैं क्या, कपड़े धोने चाहिए या नहीं? ज्योतिषाचार्य से जानें सभी सवालों के जवाब
चंद्र ग्रहण के कितने समय बाद खेली जाएगी रंगों वाली होली?
ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार के अनुसार चंद्र ग्रहण समाप्त होने के बाद, यानी आज शाम लगभग 7:15 बजे के बाद, सोसाइटी और पार्कों में रंगों वाली होली खेली जा सकती है. इसके अलावा, कल दिन में भी पारंपरिक रूप से होली खेली जाएगी, इसलिए लोग दोनों समय में उत्सव का आनंद ले सकते हैं. आइए जानते हैं होली पर क्या करने से बचना चाहिए...
1. किसी से न करें झगड़ा
होली के दिन माहौल भले ही मस्ती और रंगों से भरा हो, लेकिन इस उत्साह में किसी से झगड़ा करना, अपशब्द कहना या किसी का अपमान करना बेहद अशुभ माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ऐसा व्यवहार न केवल घर के वातावरण को खराब करता है बल्कि इससे धन की देवी मां लक्ष्मी रुष्ट हो सकती हैं, जिसके कारण घर में समृद्धि और सुख‑शांति प्रभावित हो सकती है.
2. न करें किसी भी प्रकार का नशा
अक्सर लोग होली के उत्सव को भांग या मदिरा के सेवन से जोड़ देते हैं, लेकिन धार्मिक दृष्टि से किसी भी पावन पर्व पर नशा करना पूरी तरह वर्जित माना गया है. शास्त्रों के अनुसार त्योहारों का उद्देश्य मन, शरीर और वातावरण को शुद्ध करना होता है. ऐसे में होली पर किसी भी प्रकार का नशा करने से बचें.
3. सूर्यास्त के बाद न खेलें रंग
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार होली पर सूर्यास्त के बाद रंग खेलने से बचना चाहिए, क्योंकि माना जाता है कि इस समय वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा की जगह नकारात्मक शक्तियां सक्रिय होने लगती हैं. ऐसा भी कहा जाता है कि सूर्यास्त के बाद रंग खेलने से व्यक्ति के जीवन में अनचाही परेशानियां, मानसिक अस्थिरता या नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकते हैं.
4. बड़ों का अनादर
होली पर बड़ों का अनादर करना जीवन में अशुभ परिणाम दे सकता है. मान्यता है कि ऐसा करने से परिवार की सुख‑शांति प्रभावित होती है और घर में नकारात्मकता प्रवेश कर सकती है. होली जैसे प्रेम और सद्भावना के पर्व पर बड़ों का आशीर्वाद प्राप्त करना सबसे शुभ माना जाता है.
5. मांस-मदिरा का सेवन
रंगों के त्योहार होली पर भूलकर भी मांस-मदिरा समेत किसी भी तरह के तामसिक भोजन का सेवन नहीं करना चाहिए. इस दिन बस सात्विक भोजन खाना ही शुभ माना जाता है.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.














