जिंदगी के सफर में किसी लाचार या जरूरतमंद का हाथ थामना एक बेहद नेक काम है, लेकिन यह जरूरी नहीं कि हर शख्स आपकी इस नेकी और संवेदना की उतनी ही कद्र करे. कई बार हम इंसानी फितरत या अपनी सहजता के चलते किसी की मुश्किल देख मदद का हाथ बढ़ा देते हैं, लेकिन धीरे-धीरे वही इंसान इस बात का नाजायज फायदा उठाने लगता है. इस तरह की परिस्थितियां देखते ही देखते हमारी मजबूरी बन जाती हैं, जिसका सीधा असर हमारे कीमती वक्त, कमाई और मानसिक सुकून पर पड़ता है.
आइए चाणक्य नीति से समझते हैं कि किन 5 तरह के लोगों की सहायता करते समय हमें सतर्क रहना चाहिए.
बार-बार अपमान करने वाले लोग:
कई बार हम पुरानी बातों को नजरअंदाज करके उस इंसान की भी मदद कर बैठते हैं जिसने हमारा सरेआम अपमान किया हो. अगर सामने वाला व्यक्ति आपके आत्मसम्मान की परवाह किए बिना केवल अपने स्वार्थ के समय ही संपर्क करता है, तो उसके छिपे हुए इरादों को पहचानना बेहद जरूरी है. पुरानी कड़वाहट को भूलना अच्छी बात है, लेकिन अपनी गरिमा और आत्म-सम्मान को बनाएं रखना भी जरूरी है.
मतलबी स्वभाव वाले लोग:
कुछ लोगों की फितरत ही ऐसी होती है कि वे किसी के प्रति वफादार नहीं होते और अपने निजी फायदों के लिए हर किसी का इस्तेमाल करने से नहीं हिचकिचाते. अगर कोई व्यक्ति आपकी भावनाओं को रौंदते हुए बार-बार सहायता की उम्मीद रखता है, तो उसकी मदद करना आपके लिए भारी मुसीबत बन सकता है. ऐसे लोगों की मीठी बातों में आने के बजाय उनके व्यवहार पर नजर रखें और समय रहते दूरी बना लें.
हर वक्त रोना रोने वाले लोग:
कुछ लोग अपनी जिंदगी की समस्याओं का राग हर समय अलापते रहते हैं. शुरुआत में इंसानियत के नाते उनकी मदद करने का मन होता है, लेकिन यह सिलसिला कभी खत्म नहीं होता. जब आप उनकी एक मुसीबत का हल निकालते हैं, तो वे तुरंत दूसरी नई परेशानी लेकर सामने खड़े हो जाते हैं, जिससे आपकी अपनी चीजें पीछे छूट जाती हैं.
बिना सोचे-समझे बोलने वाले लोग:
बिना सोचे फैसले लेने वाले और अपनी ही गलतियों से सीखने को तैयार न रहने वाले लोगों की मदद करना अक्सर जी का जंजाल बन जाता है. ऐसे लोग बार-बार वही पुरानी गलतियां दोहराते हैं और हर बार अपनी नासमझी का बोझ दूसरों पर डाल देते हैं. इसके अलावा, जो लोग जरूरत से ज्यादा बोलते और बात का बतंगड़ बनाते हैं, उनके सामने अपनी निजी बातें या सीक्रेट्स शेयर करने से बचना चाहिए.
अहंकारी लोग:
अहंकारी लोग आपकी मदद स्वीकार तो आसानी से कर लेते हैं, लेकिन उसके बदले में आपको सम्मान देना अपनी तौहीन समझते हैं. मदद मिलने के बाद भी उनका रवैया ऐसा होता है जैसे उन्होंने आप पर कोई बड़ा एहसान किया हो.
इसे भी पढ़ें: Guru Gochar 2027: नए साल में गुरु बदलेंगे चाल, इन 5 राशियों की चमकेगी किस्मत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं