Chaitra Navratri 2026 Pujan Samagri: चैत्र मास की प्रतिपदा तिथि यानि 19 मार्च 2026, गुरुवार के दिन से शक्ति की साधना का महापर्व नवरात्रि 19 मार्च 2026, बृहस्पतिवार से लेकर 27 मार्च 2026 तक मनाया जाएगा. इस बीच भगवती के भक्त देवी जप-तप और व्रत आदि के जरिए देवी दुर्गा के 09 स्वरूपों को प्रसन्न करके उनका आशीर्वाद पाने का प्रयास करेंगे. नवरात्रि की पूजा में प्रयोग की जाने वाली सभी चीजों का अपना महत्व होता है, लेकिन आप यदि तमाम तरह की पूजन सामग्री के साथ कुछ चीजों को इस साल अपने घर लाते हैं तो आपको देवी के आशीर्वाद के साथ सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होगी. आइए जानते हैं कि नवरात्रि में किन 5 चीजों को घर पर लाने पर व्यक्ति् का भाग्य सोने जैसा चमकने लगता है.
चैत्र नवरात्रि 2026 प्रारंभ : 19 मार्च 2026, बृहस्पतिवार
चैत्र नवरात्रि 2026 समाप्ति : 27 मार्च 2026, शुक्रवार
1. श्रीयंत्र
सनातन परंपरा के अनुसार श्रीयंत्र की पूजा करने वाले साधक पर धन की देवी मां लक्ष्मी की हमेशा कृपा बरसती है. ऐसे में यदि आप देवी दुर्गा से धन-संपदा का आशीर्वाद पाना चाहते हैं तो आपको इस नवरात्रि देवी पूजा की तमाम सामग्री के साथ श्रीयंत्र अवश्य खरीद कर लाना चाहिए. इस श्री यंत्र को किसी योग्य पुजारी के माध्यम से स्थापित करवाने के बाद प्रतिदिन पूजा करनी चाहिए.
2. शंख
सनातन परंपरा में शंख को माता लक्ष्मी का भाई माना गया है क्योंकि उसकी उत्पत्ति भी उसी समुद्र मंथन से हुई है, जिससे मां लक्ष्मी का प्राकट्य हुआ था. हिंदू मान्यता है कि नवरात्रि पर घर में शंख लाने और उसे पूजा में प्रतिदिन बजाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और देवी दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त होता है.
3. कलश
हिंदू मान्यता के अनुसार जिस कलश में 33 कोटि देवी-देवताओं का वास माना गया है, उसे नवरात्रि के अवसर पर जरूर खरीदकर अपने घर पर लाना चाहिए. मान्यता है कि सुख-सौभाग्य के प्रतीक माने जाने वाले कलश के मुख में भगवान विष्णु, कंठ में शिव और मूल में ब्रह्मा जी का वास होता है. इस पावन कलश को नवरात्रि के पहले दिन योग्य पंडित के माध्यम से अपने पूजा स्थान पर स्थापित कराएं.
4. नारियल
सनातन परंपरा में श्रीफल के बगैर कोई भी पूजा या अनुष्ठान अधूरा माना जाता है. शुभ कार्यों की शुरुआत ही नारियल या फिर कहें श्रीफल को फोड़कर की जाती है. नवरात्रि की देवी पूजा में कलश के ऊपर लाल चुनरी से लपेट कर रखा जाता है. हिंदू मान्यता के अनुसार शक्ति की साधना में नारियल शुभता और सौभाग्य को बढ़ाता है.
5. बंदनवार
हिंदू मान्यता के अनुसार मुख्य द्वार पर लगाई जाने वाली बंदनवार शुभता को बढ़ाती है और घर के भीतर नकारात्मक शक्तियों को प्रवेश करने से रोकती है. यदि आप बाजार से महंगी बंदनवार न खरीद सकें तो आप आम या फिर अशोक की पत्तियों की बंदनवार अपने घर के बाहर लगा सकते हैं, उसके पूरे शुभ फल आपको प्राप्त होंगे.
इन चीजों से भी बढ़ेगा आपका सुख-सौभाग्य
हिंदू मान्यता के अनुसार नवरात्रि में शक्ति की साधना में पंचपल्लव, पंचधान्य, पंचमेवा, लाल रंग की चुनरी, लाल चंदन, रोली, लाल गुड़हल का पुष्प, नारियल, शहद, पान का पत्ता, सुपारी, लौंग आदि अर्पित करने पर मां दुर्गा शीघ्र ही प्रसन्न होती हैं और अपने भक्तों पर आशीर्वाद बरसाती हैं.
Chaitra Navratri 2026 Date: चैत्र नवरात्रि कब है? नोट करें सही तारीख और घट स्थापना का शुभ मुहूर्त
चैत्र नवरात्रि से पहले इन चीजों को घर से निकालें
हिंदू मान्यता के अनुसार चैत्र मास के शुक्लपक्ष की प्रतिपदा से पहले यानि चैत्र अमावस्या वाले दिन व्यक्ति को अपने घर में विशेष रूप से साफ-सफाई करनी चाहिए और हर टूटी-फूटी चीज, जैसे खंडित मूर्तियां, बंद पड़ी घड़ी, खराब बिजली के सामान, खराब हो चुकी झाड़ू, सूखे फूल और पौधे, टूटा हुआ शीशश आदि को हटा देना चाहिए.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














