25 days ago

Akshaya Tritiya 2026 LIVE Updates: हिन्दू धर्म में अक्षय तृतीया का पर्व बेहद शुभ और महत्वपूर्ण माना जाता है. संस्कृत में 'अक्षय' शब्द का अर्थ है ‘जो कभी खत्म न हो', इसलिए इस दिन किए गए दान, पुण्य, नए कार्य शुरू करना और घर-मंदिर का निर्माण हमेशा फलदायी माना जाता है. इस दिन पूरे 24 घंटे शुभ रहते हैं. किसी भी शुभ काम के लिए अलग से मुहूर्त देखने की जरूरत नहीं पड़ती. इसके साथ ही इस दिन नए व्यापार, निवेश, विवाह और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की शुरुआत के लिए अत्यंत अनुकूल होता है। लिहाजा, इस पावन अवसर अक्षय तृतीया तिथि पर कई मंदिरों में विशेष उत्सव और कार्यक्रम आयोजित होते हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि इस साल अक्षय तृतीया कब मनाई जाएगी, पूजा और खरीदारी का शुभ मुहूर्त, महत्व समेत अन्य जरूरी बातें. इसकी जानकारी ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित ने NDTV से बातचीत के दौरान दी है. आइए जानते हैं....

अक्षय तृतीया 2026 तिथि

अक्षय तृतीया 2026 तिथी प्रारम्भ: 19 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट से
अक्षय तृतीया 2026 तिथी समापन: 20 अप्रैल को सुबह 07 बजकर 27 मिनट तक रहेगी

Apr 18, 2026 21:07 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: पढ़ें लक्ष्मी जी की आरती

ओम जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता।

तुमको निशिदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता॥

ओम जय लक्ष्मी माता॥

उमा, रमा, ब्रह्माणी, तुम ही जग-माता।

मैया तुम ही जग-माता।।

सूर्य-चंद्रमा ध्यावत, नारद ऋषि गाता॥

ओम जय लक्ष्मी माता॥

दुर्गा रुप निरंजनी, सुख सम्पत्ति दाता।

मैया सुख सम्पत्ति दाता॥

जो कोई तुमको ध्याता, ऋद्धि-सिद्धि धन पाता॥

ओम जय लक्ष्मी माता॥

तुम पाताल-निवासिनि, तुम ही शुभदाता।

मैया तुम ही शुभदाता॥

कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी, भवनिधि की त्राता॥

ओम जय लक्ष्मी माता॥

जिस घर में तुम रहतीं, सब सद्गुण आता।

मैया सब सद्गुण आता॥

सब सम्भव हो जाता, मन नहीं घबराता॥

ओम जय लक्ष्मी माता॥

तुम बिन यज्ञ न होते, वस्त्र न कोई पाता।

मैया वस्त्र न कोई पाता॥

खान-पान का वैभव, सब तुमसे आता॥

ओम जय लक्ष्मी माता॥

शुभ-गुण मंदिर सुंदर, क्षीरोदधि-जाता।

मैया क्षीरोदधि-जाता॥

रत्न चतुर्दश तुम बिन, कोई नहीं पाता॥

ओम जय लक्ष्मी माता॥

महालक्ष्मीजी की आरती, जो कोई जन गाता।

मैया जो कोई जन गाता॥

उर आनन्द समाता, पाप उतर जाता॥

ओम जय लक्ष्मी माता॥

ऊं जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता।

तुमको निशदिन सेवत, हरि विष्णु विधाता। ऊं जय लक्ष्मी माता।।

Apr 18, 2026 20:31 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट

अक्षय तृतीया के मौके पर मां गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे, जिसको लेकर मंदिर समिति और प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम कर लिए गए हैं. मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. यातायात प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सफाई व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन की विशेष तैयारियां की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

Apr 18, 2026 20:02 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया के लिए पूजा सामग्री

  • सोना या चांदी (सिक्का या आभूषण)
  • श्रीयंत्र
  • नई वस्तुएं (जैसे बर्तन, कपड़े)
  • घी, रुई, दीपक, गंगाजल
  • मां लक्ष्मी की तस्वीर
  • फल 
  • मिठाई 
  • हल्दी, गुड़ और चना
  • पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद, शक्कर)

Apr 18, 2026 19:23 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर करें इस मंत्र का जाप

या रक्ताम्बुजवासिनी विलासिनी चण्डांशु तेजस्विनी।

या रक्ता रुधिराम्बरा हरिसखी या श्री मनोल्हादिनी ॥

या रत्नाकरमन्थनात्प्रगटिता विष्णोस्वया गेहिनी। 

सा मां पातु मनोरमा भगवती लक्ष्मीश्च पद्मावती ॥

Advertisement
Apr 18, 2026 17:46 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर क्या न करें?

  • अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर किसी से वाद-विवाद और झगड़ा न करें.
  • इस खास मौके पर हर तरह के नकारात्मक विचार और कार्यों से दूर रहें.
  • इस दिन मांस-मदिरा का सेवन भूलकर भी न करें.
  • बड़े-बुजुर्गों का अनादर और अपमान न करें.

Apr 18, 2026 17:36 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर स्थापित करें श्रीयंत्र

शास्त्रों के अनुसार अक्षय तृतीया पर घर में श्रीयंत्र स्थापित करना बेहद शुभ होता है. माना जाता है कि ऐसा करने से धन की देवी मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर में सकारात्मकता ऊर्जा बनी रहती है. इसके अलावा घर की आर्थिक तंगी दूर होती है और सुख-शांति बनी रहती है.

Advertisement
Apr 18, 2026 17:07 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर करें ये उपाय

अक्षय तृतीया के दिन कौड़ियां खरीदकर लाएं और उन्हें हल्दी में रंगकर मां लक्ष्मी को अर्पित करें. इसके बाद विधि-विधान से अक्षय तृतीया पर पूजा करें और इन कौड़ियो को तिजारी या धन रखने वाले स्थान पर रख दें. मान्यता है कि ऐसा करने से बरकत होती है और मां लक्ष्मी अपना आशीर्वाद बनाए रखती हैं.

Apr 18, 2026 16:41 (IST)

Akshaya Tritiya 2026: मटके में पानी भरकर क्यों किया जाता है दान?

ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित बताते हैं कि अक्षय तृतीया पर मटके में पानी भरकर दान करना चाहिए. इसकी मान्यता है कि वैशाख के महीने में काफी ज्यादा गर्मी होती है, ऐसे में जरूरतमंद लोगों को मटके का पानी या ठंडा पानी का दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है.

Apr 18, 2026 16:29 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: वृंदावन में अक्षय तृतीया का महत्व

अक्षय तृतीया के दिन वृंदावन में कई मंदिरों में फूल सजाए जाते हैं और चंदन अलंकरण का उत्सव मनाया जाता है. साथ ही वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में भगवान के पूरे साल ढके रहने वाले चरण कमल के दर्शन अक्षय तृतीया के दिन ही भक्तों को होते हैं. वृंदावन के गरुड़ गोविंद मंदिर में भगवान के विशेष दर्शन के लिए कपाट खुलता है. वहीं, वृंदावन के गरुड़ गोविंद मंदिर में भगवान विष्णु की 12 भुजाओं वाली मूर्ति भी अक्षय तृतीया के दिन ही दर्शन देती है.

Apr 18, 2026 15:39 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर तिजोरी में रखें ये चीजें

अक्षय तृतीया पर आप तिजोरी या धन रखने वाले स्थान पर हल्दी की 7 गांठें, पीले चावल, कुबेर यंत्र और गोमती चक्र रख सकते हैं.

Advertisement
Apr 18, 2026 15:04 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर कर रहे हैं गाड़ी खरीदने की प्लानिंग? जानिए किस राशि के लिए कौन सा रंग होगा शुभ

अगर इस साल आप अक्षय तृतीया पर नई गाड़ी खरीदने का सोच रहे हैं तो ये खबर आपके लिए ही है. आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि किस राशि के जातक के लिए गाड़ी का कौन सा रंग शुभ रहेगा. आइए जानते हैं...

पूरी जानकारी पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

Apr 18, 2026 14:50 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर करें कुबेर जी की आरती

ऊं जै यक्ष कुबेर हरे,

स्वामी जै यक्ष जै यक्ष कुबेर हरे।

शरण पड़े भगतों के,भण्डार कुबेर भरे॥

ऊं जै यक्ष कुबेर हरे…॥

शिव भक्तों में भक्त कुबेर बड़े,स्वामी भक्त कुबेर बड़े।

दैत्य दानव मानव से,कई-कई युद्ध लड़े॥

ऊं जै यक्ष कुबेर हरे…॥

स्वर्ण सिंहासन बैठे,सिर पर छत्र फिरे, स्वामी सिर पर छत्र फिरे।

योगिनी मंगल गावैं,सब जय जय कार करैं॥

ऊं जै यक्ष कुबेर हरे…॥

गदा त्रिशूल हाथ में,शस्त्र बहुत धरे, स्वामी शस्त्र बहुत धरे।

दुख भय संकट मोचन,धनुष टंकार करें॥

ऊं जै यक्ष कुबेर हरे…॥

भाँति भाँति के व्यंजन बहुत बने,स्वामी व्यंजन बहुत बने।

मोहन भोग लगावैं,साथ में उड़द चने॥

ऊं जै यक्ष कुबेर हरे…॥

बल बुद्धि विद्या दाता,हम तेरी शरण पड़े, स्वामी हम तेरी शरण पड़े

अपने भक्त जनों के,सारे काम संवारे॥

ऊं जै यक्ष कुबेर हरे…॥

मुकुट मणी की शोभा,मोतियन हार गले, स्वामी मोतियन हार गले।

अगर कपूर की बाती,घी की जोत जले॥

ऊं जै यक्ष कुबेर हरे…॥

यक्ष कुबेर जी की आरती,जो कोई नर गावे, स्वामी जो कोई नर गावे।

कहत प्रेमपाल स्वामी,मनवांछित फल पावे॥

ऊं जै यक्ष कुबेर हरे…॥

Advertisement
Apr 18, 2026 14:32 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर शुरू होगी जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारी

पुरी में भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध रथ यात्रा की तैयारी भी अक्षय तृतीया से शुरू होती है पुरी में बलभद्र, सुभद्रा और जगन्नाथ के तीनों रथों का निर्माण इसी दिन प्रारंभ होता है. मंदिर के पुजारी भगवान को माला पहनाकर निर्माण कार्य की शुरुआत करते हैं.

Apr 18, 2026 14:22 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर शुरू होगी चारधाम यात्रा

अक्षय तृतीया तिथि के दिन से चार धाम यात्रा का शुभारंभ हो जाता है. गंगोत्री और यमुनोत्री मंदिर के कपाट इसी दिन फिर से खुल जाते हैं. केदारनाथ और बद्रीनाथ मंदिर भी अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त पर खुल जाते हैं. मान्यता है कि इन महीनों में देवता स्वयं भगवान शिव और विष्णु की पूजा करते हैं.

Apr 18, 2026 14:02 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: मां लक्ष्मी पूजा मंत्र

ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः ॥

ॐ श्री महालक्ष्म्यै च विद्महे, विष्णुपत्नी च धीमहि, तन्नो लक्ष्मीः प्रचोदयात्॥

नमस्ते सर्वदेवानां वरदासि हरिप्रिये। या गतिस्त्वत्प्रपन्नानां सा मे भूयात्त्वदर्चनात्॥

Apr 18, 2026 13:50 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: अक्षय तृतीया पर सोने के अलावा क्या खरीदें?

ज्योतिषाचार्य बताते हैं कि अगर आप अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने के लिए सक्षम नहीं हैं तो पीतल, तांबे या कांसे के बर्तन, सूखा साबुत धनिया, चावल की खरीदारी कर सकते हैं. इसके अलावा व्यापारी लोग कलम, नई डायरी और हल्दी खरीद सकते हैं.

Apr 18, 2026 13:44 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE Update: अक्षय तृतीया पर बन रहे 7 राजयोग

ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित बताते हैं कि इस साल अक्षय तृतीया पर 7 बड़े महायोग बन रहे हैं.

  1. अक्षय योग
  2. गजकेसरी योग
  3. मालव्य योग
  4. आयुष्मान योग
  5. सौभाग्य योग
  6. रवि योग
  7. त्रिपुष्कर योग

Apr 18, 2026 13:41 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE: सोना खरीदारी का सबसे शुभ मुहूर्त

अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का शुभ मुहूर्त 19 अप्रैल को सुबह 10:49 बजे से 20 अप्रैल 2026, सुबह 5:51 बजे तक रहेगा. इस समय खरीदारी करना बेहद फलदायी माना जाएगा.

Apr 18, 2026 13:39 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE Updates: अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने का महत्व

अक्षय तृतीया के दिन सोना खरीदना बहुत शुभ माना जाता है. ऐसा विश्वास है कि इस दिन सोना लेने से घर में धन, सुख‑समृद्धि और खुशहाली आती है. इस दिन शुभ मुहूर्त में खरीदारी करना जरूरी माना जाता है, क्योंकि इस समय सकारात्मक और शुभ ऊर्जा अधिक प्रभावशाली होती है. अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना हिंदू धर्म की एक पुरानी और महत्वपूर्ण परंपरा है. माना जाता है कि इससे देवी‑देवताओं का आशीर्वाद मिलता है और जीवन में उन्नति होती है. सोना सिर्फ धार्मिक महत्व ही नहीं रखता, बल्कि यह एक सुरक्षित निवेश भी माना जाता है. यह लंबे समय में आर्थिक मजबूती और वित्तीय सुरक्षा प्रदान करता है.

Apr 18, 2026 13:35 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 Puja Muhurat LIVE: अक्षय तृतीया 2026 पर पूजा का मुहूर्त

19 अप्रैल को पूजा का मुहूर्त सुबह 10 बजकर 49 मिनट से दोपहर 12 बजकर 20 मिनट तक रहेगा. इस 1 घंटे 32 मिनट की अवधि में पूजा करना सबसे ज्यादा फलदायी माना जाएगा.

Apr 18, 2026 13:32 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE Updates: अक्षय तृतीया पर अबुझ मुहूर्त का महत्व

ज्योतिषाचार्य डॉक्टर गौरव कुमार दीक्षित बताते हैं कि अक्षय तृतीया पर अबुझ मुहूर्त होता है. ये मुहूर्त पूरे साल का बेहद शुभ समय होता है. इस समय में किसी भी तरह का मांगलिक कार्य किया जा सकता है बिना कोई मुहूर्त और नक्षत्र देखें. 

Apr 18, 2026 13:26 (IST)

Akshaya Tritiya 2026 LIVE Updates: कब है अक्षय तृतीया?

वैदिक पंचांग के अनुसार अक्षय तृतीया का पर्व वैशाख महीने के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है. ऐसे में इस साल वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि की शुरुआत 19 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट पर होगी. वहीं, इसका समापन 20 अप्रैल को सुबह 7 बजकर 27 मिनट पर होगा. ऐसे में अक्षय तृतीया का पर्व 19 अप्रैल 2026, दिन रविवार को मनाया जाएगा.

Featured Video Of The Day
Adani Group के साथ Uber ने मिलाया हाथ, CEO ने की Gautam Adani से मुलाकात और Data Centre पर बन गई बात
Topics mentioned in this article