छत्तीसगढ़ की बस्तर लोकसभा सीट (Bastar Lok Sabha Election Results 2019) पर 2014 के चुनाव में BJP के दिनेश कश्यप ने जीत हासिल की थी. उन्हें 3,85,829 वोट मिले थे. वहीं कांग्रेस के दीपक कर्मा 2,61,470 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे थे.
अगर यहां के इतिहास पर नजर डालें, तो सन् 1951 में यह सीट निर्दलीय उम्मीदवार मुचाकी कोसा के हाथ में थी. 1957 में कांग्रेस के सुरति किस्तैया, 1962 में निर्दलीय उम्मीदवार लखमू भवानी, 1967 में निर्दलीय उम्मीदवार जे. सुंरहे दरलाल, 1971 में निर्दलीय उम्मीदवार लम्बोदर बलियार और 1977 में BLD के दिगपाल शाह सांसद थे. उसके बाद 1980 में कांग्रेस के लक्ष्मण कर्मा, 1984, 1989 व 1991 में कांग्रेस के मानकू राम सोढ़ी, 1996 में निर्दलीय उम्मीदवार महेंद्र कर्मा, 1998, 1999, 2004 व 2009 में BJP के बलिराम कश्यप जीते थे. 2011 के उपचुनाव में BJP के ही दिनेश कश्यप इस सीट पर जीते.
दिनेश कश्यप का जन्म 18 नवंबर, 1962 को हुआ था. इन्होंने स्नातकोत्तर (राजनीति शास्त्र), रविशंकर विश्वविद्यालय, रायपुर, छत्तीसगढ़ से शिक्षा प्राप्त की हुई है. यह पेशे से किसान हैं.
इस निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत विधानसभा की 8 सीटें आती हैं, जिनमें कोंडागांव, जगदलपुर, बीजापुर, नारायणपुर, चित्रकूट, कोंटा, बस्तर व दंतेवाड़ा शामिल हैं.
नक्सल समस्या से जूझ रही इस सीट से दो बार सांसद रह चुके दिनेश कश्यप का टिकट BJP ने इस बार काट दिया है, और पूर्व विधायक बैदूराम कश्यप को प्रत्याशी बनाया है, जबकि हालिया विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत से उत्साहित कांग्रेस ने सीट को BJP से छीनने का जिम्मा जनजातीय विधायक दीपक बैज को दिया है. इस सीट पर नक्सलियों की समस्या काफी भयावह रूप धारण किए रही है, और हाल ही में इसके अंतर्गत आने वाली दंतेवाड़ा विधानसभा सीट के BJP विधायक भीमा मंडावी के साथ-साथ चार पुलिसकर्मी भी नक्सली हमले में मारे गए, जिसके बाद चुनाव के लिए सेना के साथ-साथ ड्रोन भी तैनात किए गए हैं.
चुनाव क्षेत्र | अग्रणी | पार्टी | स्थिति |
---|---|---|---|
बस्तर | दीपक बैज | कांग्रेस | जीते |
बिलासपुर | अरुण साव | बीजेपी | जीते |
दुर्ग | विजय बघेल | बीजेपी | जीते |
जांजगीर-चम्पा | गुहाराम अजगले | बीजेपी | जीते |
कांकेर | मोहन मांडवी | बीजेपी | जीते |
कोरबा | ज्योत्सना चरणदास महंत | कांग्रेस | जीते |
महासमुंद | चुन्नी लाल साहू | बीजेपी | जीते |
रायगढ़ | गोमती साईं | बीजेपी | जीते |
रायपुर | सुनील कुमार सोनी | बीजेपी | जीते |
राजनंदगांव | संतोष पांडे | बीजेपी | जीते |
सरगुजा | रेणुका सिंह सरूता | बीजेपी | जीते |
Advertisement