जयपुर में ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट टेस्ट के दौरान एक परीक्षा केंद्र की बिजली जाने के बाद उम्मीदवारों ने जमकर हंगामा किया. जयपुर के श्री सत्य साईं कॉलेज में आयोजित किया गया ये एग्जाम बाद में कैंसल कर दिया गया है. परीक्षा केंद्र के आब्जर्वर ने एग्जाम कैंसिल की जानकारी दी. हालांकि उम्मीदवार अड़े हैं कि लिखित में ये दिया जाए. सबका एग्जाम कैंसिल कीजिए क्योंकि इस दौरान नकल हुई है. जानकारी के अनुसार श्री सत्य साईं कॉलेज में ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एग्जाम हो रहा था. एग्जाम के दौरान ही बिजली गुल हो गई, जिसके चलते एग्जाम देने आए उम्मीदवारों ने हंगामा कर दिया. दरअसल ये एग्जाम ऑनलाइन मोड में हो रहा था. ऐसे में बिजली गुल होने से सिस्टम ठप हो गए और परीक्षा प्रभावित हुई.
उम्मीदवारों का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने के करीब 25 मिनट बाद ही बिजली चली गई. लाइट जाने के बाद सभी उम्मीदवारों को एग्जाम रूम से बाहर निकाला गया और ग्राउंड में एकत्रित किया गया. इस दौरान उम्मीदवारों ने हंगामा किया. ये एंट्रेंस टेस्ट सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होना था.
परीक्षा केंद्र में नहीं थी पावर बैकअप की व्यवस्था
एग्जाम देने आए उम्मीदवारों ने केंद्र की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं. उम्मीदवारों का कहना है कि परीक्षा केंद्र में पावर बैकअप की व्यवस्था ही नहीं थी. ऐसे में बिजली जाते ही, सारे सिस्टम बंद हो गए और एग्जाम को बीच में रोक दिया गया. हालांकि बिजली किस वजह से गई है. इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एग्जाम से जुड़ी जानकारी
- साल में कितनी बार होता है ये एग्जाम: साल में एक बार
- मोड: ऑनलाइन, कंप्यूटर-बेस्ड टेस्ट (CBT) होता है
- कितने सवाल: 120 मल्टीपल-चॉइस सवाल
- कुल मार्क्स: 480 मार्क्स (सही के लिए +4, गलत के लिए -1)
- समय सीमा: 2 घंटे
बता दें कि ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एग्जाम के जरिए आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होमियोपैथी में स्नातकोत्तर कोर्सेज में एडमिशन मिलता है. डॉक्टरों के पीजी एडमिशन का ये एंट्रेस एग्जाम एनटीए की और से आयोजित की गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं