नीट-यूजी (NEET-UG) की दोबारा होने वाली परीक्षा से पहले शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एक हाई लेवल मीटिंग बुलाई, इस बैठक में तमाम खुफिया एजेंसी के अधिकारियों के अलावा सोशल मीडिया कंपनियों के प्रतिनिधि भी शामिल रहे. सोशल मीडिया कंपनियों से कहा गया है कि वे खुद आगे आकर गलत खबरें फैलाने वाले नेटवर्क का पता लगाएं और उन्हें बंद करें. खासतौर पर टेलीग्राम चैनलों पर सख्ती से नजर रखने के लिए कहा गया है.
एग्जाम से पहले समीक्षा बैठक
समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने नीट-यूजी की दूसरी परीक्षा के लिए मदद मांगी और इस बात पर जोर दिया कि परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए कड़ी निगरानी और पुख्ता इंतजाम किए जाएं. इस बैठक में शिक्षा मंत्रालय के बड़े अधिकारी और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के महानिदेशक (DG) भी शामिल हुए.
इसी के साथ सोशल मीडिया कंपनियों जैसे मेटा (Meta), गूगल (Google) और टेलीग्राम (Telegram) के प्रतिनिधियों के साथ भी एक बैठक हुई. इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी गलत खबरों, खासकर टेलीग्राम चैनलों और अनजान ऑनलाइन ग्रुपों पर फैलने वाली अफवाहों पर गहरी चिंता जताई गई. अधिकारियों ने बताया कि कई ऐसे चैनल बड़ी परीक्षाओं से ठीक पहले काफी एक्टिव हो जाते हैं. ये चैनल पेपर लीक होने के झूठे दावे, लोगों को फंसाने वाली खबरें और बिना जांच की जानकारियां फैलाते हैं, जिससे छात्रों और पेरेंट्स के बीच डर का माहौल बन जाता है.
चैनलों को ब्लॉक करने के आदेश
ये भी बताया गया है कि टेलीग्राम और बाकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुछ गिने-चुने फोन नंबरों से ही ऐसे चैनल चलाए जा रहे हैं. ये पता लगाने की कोशिश हो रही है कि साजिश के तहत कौन ऐसा कर रहा है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ऐसे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि परीक्षाओं से पहले झूठी खबरें, प्रोपेगैंडा और डर फैलाने वाले चैनलों की पहचान करके उन्हें तुरंत ब्लॉक और बंद किया जाए.
मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि सोशल मीडिया कंपनियों को शिक्षा मंत्रालय, एनटीए (NTA) और पुलिस-प्रशासन के साथ मिलकर काम करना होगा, जिससे गलत खबरों को तुरंत रोका जा सके और परीक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा बना रहे. उन्होंने छात्रों से भी अपील की है कि गुमराह करने वाली खबरों से बचें और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.
NEET छात्रों के लिए पंजाब सरकार का तोहफा, तीन दिन तक बसों में मुफ्त सफर की सुविधा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं