NEET Re-Exam: नीट की परीक्षा रद्द होने के बाद अब NEET री-एग्जाम की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. इसे लेकर एनटीए युद्ध स्तर पर तैयारी कर रही है, जिसमें पहली बार एयरफोर्स की मदद भी ली जा रही है. अब इसे लेकर कुछ जानकारियां सामने आई हैं, जिसमें बताया गया है कि भारतीय वायुसेना पेपर के अलग-अलग सेट्स को देशभर की 18 जगहों पर ड्रॉप करेगी. यहां से इन्हें एग्जाम सेंटर तक भेजा जाएगा. यानी प्रिंट होने के बाद रास्ते में किसी भी तरह की चूक का कोई सवाल ही नहीं होगा.
रक्षा मंत्रालय की तरफ से आई जानकारी
नीट पेपर के ट्रांसपोर्टेशन की जानकारी रक्षा मंत्रालय की तरफ से आई है. इसमें लोकेशन की जानकारी तो नहीं दी गई है, लेकिन ये जरूर बताया गया है कि 18 लोकेशन पर एयरफोर्स के पायलट क्वेश्चन पेपर पहुंचाएंगे. नीट एग्जाम में पूरा लॉजिस्टिक सपोर्ट एयरफोर्स की तरफ से ही होगा.
Indian Air Force will provide logistical support for the NEET re-test, with aircraft tasked to transport question paper packets to 18 locations across the country. - Indian Defence Ministry Officials
— Aditya Raj Kaul (@AdityaRajKaul) June 8, 2026
21 जून को है परीक्षा
नीट री-एग्जाम 21 जून को देशभर के अलग-अलग सेंटर्स पर होना है. तमाम परीक्षाओं में गड़बड़ी को लेकर पहले ही विपक्ष और छात्र सरकार को घेर रहे हैं, ऐसे में सरकार नीट की दोबारा होने वाली परीक्षा में किसी भी तरह की चूक नहीं चाहती है. यही वजह है कि इसके लिए हर छोटी चीज को देखा जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था किसी बड़े इवेंट से कम नहीं है.
शिक्षा मंत्री ने मांगी थी एयरफोर्स से मदद
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एनडीटीवी के साथ खास इंटरव्यू में ये बताया था कि ट्रांसपोर्टेशन के लिए एयरफोर्स की मदद मांगी गई है. इसके लिए उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक भी की थी, जिसके बाद ये तय हुआ था कि सुरक्षित ट्रांसपोर्टेशन के लिए वायुसेना का इस्तेमाल होगा. इसके अलावा परीक्षा के दिन पैरामिलिट्री फोर्स भी लगाई जाएगी. देशभर के तमाम सेंटर्स पर करीब पांच लाख सुरक्षाबल तैनात किए जाएंगे. 21 जून को करीब 22 लाख से ज्यादा छात्र एक बार फिर नीट की परीक्षा देंगे. इससे पहले 3 मई को नीट परीक्षा हुई थी, जिसे लीक की खबरों के बाद रद्द कर दिया गया.
इंटरनेट बंद, आइसोलेशन में टीम; NEET री-एग्जाम का पेपर सेट करने वालों पर NTA का कड़ा पहरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं