नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA), नई दिल्ली ने जेईई-मेन 2027 के लिए 48 अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs) और उनके जवाब जारी किए हैं. बता दें कि एनटीए द्वारा FAQ जारी किए जाने के पीछे उद्देश्य छात्र जेईई-मेन 2027 एंट्रेंस एग्जाम के रजिस्ट्रेशन, योग्यता शर्तों, परीक्षा फीस, कैटेगरी सर्टिफिकेट और दिव्यांग छात्रों से जुड़े सभी जरूरी नियमों को आसानी से समझ सकें.
इसको लेकर एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि एफएक्यू-17 के अनुसार, जो छात्र 12वीं बोर्ड परीक्षा में न्यूनतम प्रतिशत अंकों की शर्त को पूरा करने के लिए मार्क्स-इंप्रूवमेंट परीक्षा दे रहे हैं, उन्हें फॉर्म भरते समय अपीयरिंग और पास्ड' ऑप्शंस में से पास्ड ऑप्शन का ही सिलेक्ट करना होगा.
देव शर्मा ने आगे बताया कि जेईई-मेन 2027 में शामिल होने के लिए उम्र सीमा की कोई पाबंदी नहीं है और परीक्षा में कैलकुलेटर के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक है. वहीं, इसके उलट, हाल ही में जारी हुई जेईई-एडवांस्ड 2027 की शर्तों में आयु सीमा तय है और वहां कंप्यूटर स्क्रीन पर वर्चुअल कैलकुलेटर की सुविधा भी मिलेगी.
विदित कि जेईई-मेन 2027 का पहला सेशन (Session-1) आगामी 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को आयोजित किया जाएगा, जबकि दूसरे सत्र (Session-2) की परीक्षा 2, 3, 4, 5, 6 और 7 अप्रैल 2027 को होगी. परीक्षा की तारीख, शिफ्ट और स्लॉट का आवंटन कंप्यूटर द्वारा रैंडम तरीके से किया जाएगा.
मेरी पहचान पोर्टल से होगा आवेदनजेईई-मेन 2027 के लिए रजिस्ट्रेशन “मेरी पहचान” - नेशनल सिंगल साइन-ऑन (NSSO) प्लेटफॉर्म के जरिए होगा. इसके लिए 3 ऑप्शन दिए गए हैं भारतीय नागरिकों के लिए डिजीलॉकर (DigiLocker), विदेशी नागरिकों और ओसीआई (OCI) कार्डधारकों के लिए फॉरेन-पासपोर्ट और बिना आधार वाले एनआरआई (NRI) के लिए एनआरआई ऑप्शन. भारतीय छात्रों के लिए डिजीलॉकर ई-केवाईसी (e-KYC) जरूरी है.
फॉर्म भरने से पहले डिजीलॉकर री-केवाईसी करके अपनी ताजा फोटो अपलोड करनी होगी और वही फोटो कन्फर्मेशन पेज पर दिखाई देगी. एनआरआई, ओसीआई और विदेशी नागरिकों को ई-केवाईसी से छूट दी गई है. छात्रों को डिजीलॉकर में अपना खुद का ही आधार, पैन या ड्राइविंग लाइसेंस नंबर डालना होगा, माता-पिता का नहीं.
सेशन को लेकर भ्रम दूर, दोनों सेशन देना फायदेमंद
सेशन-1 के लिए रजिस्ट्रेशन कर चुके छात्रों को सेशन-2 के लिए लॉगिन करके सिर्फ परीक्षा शुल्क देना होगा. वहीं, जो छात्र पहले सेशन में शामिल नहीं होते हैं, वे सीधे दूसरे सेशन के लिए भी नया रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.
दोनों सेशन की परीक्षा देना अनिवार्य नहीं है, लेकिन दोनों में शामिल होने पर जिस सेशन में बेहतर स्कोर होगा, उसी के आधार पर मेरिट और रैंकिंग तय की जाएगी. इसलिए दोनों सेषन की परीक्षा देना छात्रों के लिए फायदेमंद रहेगी.
उम्र की कोई सीमा नहीं, अपार आईडी भी जरूरी नहीं
जेईई-मेन 2027 में उम्र की कोई सीमा नहीं है. साल 2025 या 2026 में 12वीं बोर्ड परीक्षा पास कर चुके या साल 2027 में 12वीं की परीक्षा देने जा रहे सभी छात्र इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. रजिस्ट्रेशन के समय 12वीं बोर्ड का रोल नंबर देना अनिवार्य नहीं है. छात्र फॉर्म में नॉट-अवेलेबल (Not Available) ऑप्शन चुन सकते हैं. इसके अलावा, अपार-आईडी (APAAR ID) होना भी अनिवार्य नहीं है.
कैलकुलेटर पर पूरी तरह पाबंदी, 13 भाषाओं में होगी परीक्षा
जेईई-मेन में कैलकुलेटर पूरी तरह बैन है. साथ ही, परीक्षा खत्म होने से पहले कोई भी छात्र परीक्षा केंद्र नहीं छोड़ सकेगा. यह परीक्षा 13 भाषाओं अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओडिया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू में होगी. छात्र अधिकतम 4 परीक्षा शहर चुन सकते हैं, और ये शहर केवल उनके स्थायी पते या वर्तमान पते वाले राज्य के ही हो सकते हैं. एक बार आवंटित होने के बाद परीक्षा केंद्र किसी भी हाल में नहीं बदला जाएगा,
इसलिए शहर चुनते समय सोच-समझकर प्राथमिकता दें. एडमिट कार्ड डाक से नहीं भेजा जाएगा, इसे वेबसाइट से ही डाउनलोड करना होगा.
फॉर्म में गलती हो जाए तो घबराएं नहींरजिस्ट्रेशन फॉर्म सबमिट करने के बाद भी छात्रों को गलती सुधारने (Correction Window) की सुविधा मिलेगी. यदि छात्र चाहें तो दोबारा नए सिरे से भी आवेदन कर सकते हैं.
कैटेगरी सर्टिफिकेट अपलोड करना जरूरी नहींरजिस्ट्रेशन के दौरान ओबीसी-एनसीएल (OBC-NCL), ईडब्ल्यूएस (EWS), एससी, एसटी और दिव्यांग श्रेणी का प्रमाण पत्र अपलोड करना जरूरी नहीं है. फॉर्म में केवल सर्टिफिकेट नंबर, जारी होने की तारीख और जारी करने वाले अधिकारी की जानकारी भरनी होगी. ओरिजिनल सर्टिफिकेट एडमिशन के वक्त डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान देना होगा.
फीस और ट्रांजेक्शन फेल होने पर क्या करें?
अगर फीस कटने के बाद ट्रांजेक्शन फेल हो जाता है और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड नहीं होता है, तो छात्र को दोबारा फीस जमा करनी होगी. दो बार पैसे कटने रक (Duplicate Payment) बैंक से मिलान के बाद खाते में रिफंड कर दी जाएगी. कन्फर्मेशन पेज और स्कोर कार्ड छात्र और अभिभावक दोनों के रजिस्टर्ड ईमेल पर भेजे जाएंगे.
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधा
देव शर्मा ने बताया कि बेंचमार्क दिव्यांगता वाले अभ्यर्थी परीक्षा में राइटर की सुविधा लेने के पात्र होंगे. इन सभी पात्र बेंचमार्क दिव्यांग छात्रों को 3 घंटे की परीक्षा के लिए कम से कम 1 घंटे का अतिरिक्त समय मिलेगा, चाहे वे राइटर की मदद लें या न लें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं