बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग (BPSSC) को आखिरकार नया अध्यक्ष मिल गया है. सीनियर आईपीएस अफसर जेएस गंगवार को BPSSC का अध्यक्ष बनाया गया है. गृह विभाग ने इस नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी की है. जेएस गंगवार, डीजीपी बनने की रेस में शामिल थे, लेकिन अब उन्हें अधीनस्थ सेवा आयोग की अलग जिम्मेदारी दी गई है. इससे पहले BPSSC के मौजूदा अध्यक्ष केएस द्विवेदी लंबी छुट्टी पर चले गए थे. दरोगा भर्ती परीक्षा में हुई अनियमितता के कारण उन पर कई आरोप लगाए गए थे.
कौन हैं IPS जेएस गंगवार?
जेएस गंगवार का पूरा नाम जितेंद्र सिंह गंगवार है. वो यूपी के फर्रूखाबाद के रहने वाले हैं और 1993 बैच के आईपीएस अफसर हैं. उन्हें नीतीश कुमार का करीबी अफसर माना जाता था. गंगवार ने पिछले कई सालों में बिहार के तमाम बड़े जिलों में काम किया. अगले साल जुलाई में उनका रिटायरमेंट है, उससे ठीक पहले उन्हें BPSSC की जिम्मेदारी दी गई है. बिहार में भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं, इस बीच उनके लिए ये जिम्मेदारी एक चुनौती की तरह होगी. फिलहाल गंगवार विजिलेंस के डीजी के पद पर तैनात हैं.
राष्ट्रपति से मिला है सम्मान
जेएस गंगवार को नक्सल इलाकों में शानदार काम करने का काफी लंबा अनुभव रहा है. इसके अलावा तमाम बड़े मामलों को सुलझाने की समझ भी उनकी गहरी है. राजनीतिक गलियारों में उन्हें प्रशासनिक मामलों का संकट मोचक भी कहा जाता है. यही वजह रही कि नीतीश कुमार के दौर में हर बड़े मामले में उन्हें याद किया गया. उन्होंने साइबर डिपार्टमेंट से लेकर EOU में काम किया है. उनके इसी काम के लिए उन्हें 2010 में पुलिस मेडल मिला और 2019 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया. बताया गया है कि वो अपने पहले वाले पद पर रहते हुए आयोग का अतिरिक्त पदभार संभालेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं