- IPS दीपिका अग्रवाल ने व्यावहारिक प्रशिक्षण पूरा कर रेवाड़ी जिले में ASP के रूप में पदभार संभाला है
- दीपिका अग्रवाल ने DU के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बी.कॉम ऑनर्स और एमबीए की डिग्री हासिल की है
- कॉरपोरेट क्षेत्र की नौकरी छोड़कर जनसेवा की प्रेरणा से उन्होंने UPSC परीक्षा पास कर पुलिस सेवा में प्रवेश लिया
भारतीय पुलिस सेवा में 2023 बैच की IPS अधिकारी दीपिका अग्रवाल ने अपना व्यावहारिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद रेवाड़ी जिले में सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्यभार संभाल लिया है. उनके पदभार ग्रहण करने से जिले में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है. मूल रूप से सिक्किम की राजधानी गंगटोक की रहने वाली आईपीएस दीपिका अग्रवाल ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से बी.कॉम (ऑनर्स) की पढ़ाई की. इसके बाद फाइनेंस विषय में एमबीए की डिग्री हासिल की.
सिविल सेवा में आने से पहले दीपिका अग्रवाल कॉरपोरेट क्षेत्र में एक सफल इन्वेस्टमेंट स्पेशलिस्ट के रूप में कार्य कर रही थीं. हालांकि, जनसेवा और राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित होकर उन्होंने आकर्षक कॉरपोरेट करियर को छोड़ संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा दी और सफलता प्राप्त कर भारतीय पुलिस सेवा में चयनित हुईं.

आईपीएस दीपिका अग्रवाल एएसपी रेवाड़ी हरियाणा
करनाल में लिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
तेलंगाना स्थित सरदार वल्लभभाई राष्ट्रीय पुलिस प्रशिक्षण अकादमी पुलिस अकादमी में बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद दीपिका अग्रवाल ने दिसंबर 2025 से मई 2026 तक हरियाणा के करनाल जिले में जिला एवं फील्ड प्रैक्टिकल ट्रेनिंग प्राप्त की. इस दौरान उन्होंने पुलिसिंग के विभिन्न व्यावहारिक पहलुओं, जांच प्रक्रियाओं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़े महत्वपूर्ण अनुभव हासिल किए.

ips deepika agrawal rewari asp upsc success story
Photo Credit: NDTV
ये होंगी प्रमुख प्राथमिकताएं
हरियाणा के रेवाड़ी में एएसपी के रूप में ज्वाइन करने के बाद आईपीएस दीपिका अग्रवाल की प्राथमिकताओं में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाना और पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना शामिल है. इसके साथ ही आम नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण, थानों में जनसंवाद को बेहतर बनाना है.
अपनी वित्तीय और तकनीकी समझ का उपयोग करते हुए वे साइबर फ्रॉड तथा वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने के साथ-साथ संगठित अपराध के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाने की तैयारी में हैं. दीपिका अग्रवाल के रूप में रेवाड़ी जिले को एक युवा, शिक्षित और प्रशिक्षित पुलिस अधिकारी का नेतृत्व मिला है. उनसे जिले में बेहतर पुलिसिंग, प्रभावी अपराध नियंत्रण और आमजन के साथ मजबूत संवाद स्थापित होने की उम्मीद की जा रही है.
यह भी पढ़ें- हरियाणा की IPS बेटी कनिका यादव का कमाल, SVPNPA पासिंग आउट परेड में बनीं बेस्ट लेडी प्रोबेशनर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं