देशभर के हजारों शिक्षकों के लिए एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है. ऐसे लोग जो शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास नहीं कर पाए हैं, उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने बड़ी राहत दी है और परीक्षा पास करने की आखिरी तारीख को एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया है. लंबे समय से शिक्षक इसके लिए प्रदर्शन कर रहे थे और परेशान थे. अब इन्हें एक साल का वक्त दे दिया गया है. ऐसे टीचर्स के पास अब 31 अगस्त 2028 तक का समय है. इससे पहले कोर्ट ने इसके लिए 31 अगस्त 2027 तक की डेडलाइन तय की थी. यूपी के कुल 1.86 लाख टीचर्स को इस फैसले से थोड़ी राहत मिली है.
परीक्षा के लिए छूट देने से इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षकों की उस मांग को खारिज कर दिया है, जिसमें कहा गया था कि साल 2009 से पहले की नियुक्ति वाले शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से छूट दी जाए. कोर्ट ने साफ किया कि शिक्षकों का मकसद सिर्फ अपनी नौकरी बचाना नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें बच्चों को बेहतर और क्वालिटी एजुकेशन देने पर भी पूरा ध्यान देना चाहिए. इसके लिए टीईटी जैसी परीक्षा पास करना अनिवार्य है. ऐसे में अब इन लाखों शिक्षकों के पास काफी वक्त है कि वो तैयारी करें और शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास करने के बाद खुद की नौकरी को सेफ रखें.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) ने स्कूलों में पढ़ाई के स्तर को सुधारने के लिए सभी शिक्षकों के लिए TET परीक्षा पास करना अनिवार्य कर दिया था. ये नियम आते ही उन तमाम शिक्षकों पर तलवार लटकने लगी, जो बिना टीईटी के कई सालों से स्कूलों में पढ़ा रहे हैं. उनका कहना था कि नियुक्ति के दौरान ऐसी कोई शर्त नहीं थी, ऐसे में उन पर परीक्षा पास करने का दबाव नहीं बनाया जाना चाहिए. इस नियम के खिलाफ यूपी के हजारों शिक्षकों ने दिल्ली आकर भी प्रदर्शन किया था. भले ही सुप्रीम कोर्ट ने परीक्षा की अनिवार्यता खत्म नहीं की हो, लेकिन हजारों शिक्षकों को तैयारी का पूरा मौका दे दिया गया है.
NEET Paper Leak: 'युवाओं को ऐसे निराश नहीं कर सकते', सुप्रीम कोर्ट बोला- जिम्मेदारी तय होनी जरूरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं