यूपी बोर्ड कक्षा 10 में इस साल गौतमबुद्ध नगर जिले में देवेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया है. इस साल जिले में कुल 20,088 छात्रों ने हाईस्कूल परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था. गुरुवार शाम 4 बजे जारी किए गए नतीजों के अनुसार देवेश, जो कि सेठ तुला राम सरस्वती विद्या मंदिर, जेवर के छात्र हैं, उन्होंने 94.33 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं. दूसरे स्थान पर रिशिका कुमारी रहीं हैं, जो एसबीएस इंटर कॉलेज, रोजा जलालपुर की छात्रा हैं. उन्होंने 93.17 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. वहीं तीसरे स्थान पर एसआरएस इंटर कॉलेज के छात्र हरीओम रहे, जिन्होंने 93 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं.
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस बार भी जिले का परीक्षा परिणाम संतोषजनक रहा है. गौतमबुद्ध नगर में लगभग 60 परीक्षा केंद्रों पर 18 फरवरी से 12 मार्च तक परीक्षाएं आयोजित की गई थीं. परिणाम घोषित होने से पहले छात्रों के चेहरों पर चिंता और उत्सुकता साफ नजर आ रही थी, वहीं स्कूल प्रबंधन की ओर से भी परिणाम को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं.
गौतमबुद्ध नगर जिले के टॉपर
- देवेश कुमार (94.33 प्रतिशत) - सेठ तुलाराम सरस्वती विद्या मंदिर, जेवर
- रिशिका कुमारी (93.17 प्रतिशत) - एसबीएस इंटर कॉलेज, रोजा जलालपुर
- हरीओम (93.00 प्रतिशत) - एसआरएस इंटर कॉलेज पवन सिंह (93.00 प्रतिशत) - नागर पब्लिक स्कूल, गढ़ी शहदरा
- नितिका भाटी (92.83 प्रतिशत) - डालचंद शर्मा एमडी ज्ञानदीप कॉलेज
- कौशल कुमार (92.83 प्रतिशत) - एसआरएस इंटर कॉलेज
- प्रिया (92.83 प्रतिशत) - गवर्नमेंट गर्ल्स, होशियारपुर
- शिवानी कुमारी गुप्ता (92.67 प्रतिशत) - जनता इंटर कॉलेज
- किशन (92.33 प्रतिशत) - राष्ट्रीय एसएसआईसी, सदरपुर
- गीत (92.17 प्रतिशत) - आईपीएचएसएस, मंडी श्याम नगर
पिछले तीन सालों का रिजल्ट कैसा रहा
अगर पिछले तीन वर्षों के परिणामों पर नजर डालें तो जिले का प्रदर्शन लगातार अच्छा रहा है. साल 2025 में 91.15 प्रतिशत छात्र सफल हुए थे. साल 2024 में यह प्रतिशत 95.11 रहा था, जबकि 2023 में 93.03 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की थी.
इस वर्ष भी छात्रों ने मेहनत और लगन से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। शिक्षा विभाग ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं