विज्ञापन

दिल्ली में हाइब्रिड क्लास ने बिगाड़ा पेरेंट्स का शेड्यूल, जहरीली हवा से बच्चों की सेहत भी हो रही खराब

Delhi School Hybrid Classes: दिल्ली के स्कूलों में प्रदूषण के चलते हाइब्रिड मोड में क्लासेस चलाई जा रही हैं, ऐसे में पेरेंट्स को आखिरी वक्त में बताया जा रहा है कि उनके बच्चों को स्कूल जाना है या फिर घर से ही क्लास लेनी है.

दिल्ली में हाइब्रिड क्लास ने बिगाड़ा पेरेंट्स का शेड्यूल, जहरीली हवा से बच्चों की सेहत भी हो रही खराब
हाइब्रिड क्लासेस ने बिगाड़ा रूटीन

दिल्ली में लगातार जहरीली होती हवा के बीच बच्चों को काफी ज्यादा परेशानी हो रही है. बेहद गंभीर कैटेगरी में एयर क्वालिटी होने के चलते अभिभावक बच्चों में बार-बार खांसी, सांस संबंधी समस्याओं और संक्रमण की शिकायत कर रहे हैं. साथ ही हाइब्रिड क्लासेस के कारण नौकरी करने वाले पेरेंट्स के लिए बच्चों की सेहत और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाना चुनौतीपूर्ण हो गया है. स्कूलों में पांचवीं कक्षा तक हाइब्रिड मोड से पढ़ाई कराए जाने के फैसले के बाद अभिभावकों का कहना है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन क्लासेस के बीच बार-बार बदलाव और स्कूलों की तरफ से समय पर सूचना नहीं मिलने से बच्चों की पढ़ाई और रूटीन पर असर पड़ रहा है. हालांकि अब ग्रैप-3 हटने के बाद कई स्कूलों ने फिर से रेगुलर क्लासेस शुरू कर दी हैं. 

पेरेंट्स ने बताई अपनी परेशानी

कई अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चे नाक बंद होने, बार-बार खांसी-जुकाम, गले में संक्रमण और ऊर्जा की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं. शालीमार बाग स्थित मॉडर्न पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले एक बच्चे की मां ने कहा कि हाइब्रिड क्लासेस के चलते कामकाजी अभिभावकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. उन्हें ऑफिस की जिम्मेदारियों के साथ घर पर बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई का इंतजाम भी करना पड़ता है.

उन्होंने कहा, "हमें ऑफिस जाते समय बच्चों के लिए घर पर व्यवस्था करनी पड़ती है. स्कूल के समय में बार-बार बदलाव होने से योजना बनाना मुश्किल हो जाता है. बच्चों की सभी क्लासेस में रेगुलर अटेंडेंस सुनिश्चित करना भी मुश्किल है."

बच्चों को हो रही दिक्कत

वसंत विहार स्थित चिन्मय विद्यालय में पांचवीं कक्षा के एक छात्र की मां ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में मौसम से जुड़ी समस्याएं हर साल इस समय सामने आती हैं. उन्होंने कहा कि इन दिनों बच्चे को स्कूल भेजने के लिए चेहरे पर N95 मास्क लगाना और रोग प्रतिरोधक क्षमता तथा ऊर्जा बढ़ाने वाला खाना देना जरूरी हो गया है. उनके मुताबिक, बच्चे थकान, नाक बंद होने और बार-बार गले में संक्रमण की समस्या से जूझ रहे हैं.

उन्होंने कहा कि हाइब्रिड पढ़ाई से शिक्षकों और छात्रों, दोनों की मुश्किलें बढ़ी हैं. खासकर बड़ी क्लासेस में ऑनलाइन मोड से सिलेबस पूरा करना और परीक्षाओं की तैयारी कराना हमेशा प्रभावी नहीं होता. 

राजौरी गार्डन स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा के अभिभावक ने भी रेगुलर क्लासेस बाधित होने पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी नियमित रूप से क्लास अटेंड नहीं कर पा रही है. जिससे परीक्षाएं नजदीक आने के साथ उसकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है. 

छठी कक्षा की एक छात्रा के पिता ने कहा, हर साल इस मौसम में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है. दिवाली से पहले और बाद में रेगुलर क्लास नहीं चलतीं और छात्र लगातार पढ़ाई नहीं कर पाते. परीक्षाएं नजदीक हैं, इसलिए हमें उनकी तैयारी की चिंता सता रही है. 

पेरेंट्स एसोसिएशन ने भी उठाए सवाल

दिल्ली अभिभावक संघ की अध्यक्ष अपराजिता गौतम ने कहा कि स्कूलों के शेड्यूल को लेकर कई अभिभावक असमंजस में हैं और उन्हें अगले दिन बच्चों को स्कूल भेजना है या नहीं, ये जानने के लिए सोशल मीडिया पर में शेयर किए जा रहे मैसेज पर निर्भर रहना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि ये असमंजस केवल सरकारी घोषणाओं तक सीमित नहीं है. कई स्कूल भी अपने फैसलों की जानकारी पहले से स्पष्ट रूप से नहीं देते, जिससे अभिभावकों को बच्चों की उपस्थिति और ऑनलाइन कक्षाओं के समय को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है.

गौतम ने सुझाव दिया कि स्कूलों को छुट्टियों, कक्षाओं के समय और ऑनलाइन या ऑफलाइन पढ़ाई से जुड़े फैसलों की जानकारी कम से कम 48 घंटे पहले देनी चाहिए, ताकि अभिभावक समय रहते अपने शेड्यूल और बच्चों के लिए जरूरी इंतजाम कर सकें.

यह भी पढ़ें | बोर्ड एग्जाम में कैसे लाएं 90%? जाने टॉपर बनने के 5 गोल्डन रूल और 3 महीने का स्टडी प्लान

यह भी पढ़ें | NEET-JEE के लिए इन छात्रों को अपडेट करना होगा AADHAAR कार्ड, NTA ने बताया प्रोसेस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi School News, Delhi School Hybrid Classes, School Classes, Hybrid Classes
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com