दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के सभी स्कूलों को 2 मई को शिक्षा निदेशालय को आईएमडी द्वारा जारी हीट वेव एक्शन प्लान के तहत अपनी अनुपालन रिपोर्ट देने को कहा है. इसके साथ ही सीएम ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे यह सुनिश्चित करें कि स्कूल निर्देशों का पालन करें. सीएम रेखा गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर कहा है कि दिल्ली में सभी स्कूलों को 2 मई को दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय को आईएमडी द्वारा जारी हीट वेव एक्शन प्लान के तहत अपनी अनुपालन रिपोर्ट सौंपनी होगी. हर बच्चा हमारे लिए जरूरी है.
स्कूल में की जाए साफ और ठंडे पानी की व्यवस्था
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए सरकार ने दिशानिर्देश दिए हैं. हर स्कूल को हर 45 से 60 मिनट के बीच वाटर बेल बजाने का निर्देश दिया गया है, जिससे बच्चों को पानी पीना याद रहे. इसके साथ ही हर स्कूल में साफ और ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी. दिल्ली सीएम ने बताया कि हर स्कूल के लिए एक नोडल अधिकारी बनाया जाएगा, जो यह सुनिश्चित करेगा कि सभी दिशानिर्देशों का पालन ठीक से हो. सभी स्कूलों को यह भी हिदायत दी गई है कि बच्चों को खुले में न रखा जाए और न ही कोई स्पोर्ट्स एक्टिविटी कराई जाए.
सीएम रेखा गुप्ता ने अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे बच्चों को कॉटन के हल्के कपड़े पहनाकर ही स्कूल भेजें. इसके साथ ही बच्चों से बातचीत कर यह भी सुनिश्चित करते रहें कि स्कूल में दिए गए दिशानिर्देशों का पालन हो रहा है या नहीं. अगर पालन नहीं हो रहा है तो इसकी जानकारी स्कूल और जिलाधिकारी को तुरंत दें. उन्होंने अभिभावकों से स्कूल के व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़े रहने की अपील की और बताया कि इस ग्रुप में मौसम विभाग से जुड़ी जानकारी शेयर की जाएगी. भीषण गर्मी के बीच कई राज्यों में स्कूलों को बंद कर दिया गया है या इस दौरान स्कूलों को दिशानिर्देशों का पालन करने के लिए निर्देशित किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं