केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 2026 की कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं. छात्र अपना एडमिट कार्ड सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं. करीब पांच लाख से ज्यादा छात्र दोबारा सीबीएसई की ये बोर्ड परीक्षा दे रहे हैं, जिनमें ज्यादातर ऐसे छात्र शामिल हैं, जिन्हें अपने नंबरों में सुधार करना है. दूसरी बोर्ड परीक्षा 15 मई से 21 मई के बीच आयोजित की जाएगी. जिन छात्रों ने दूसरे बोर्ड एग्जाम के लिए आवेदन किया था, वो अपना एडमिट कार्ड तुरंत डाउनलोड कर सकते हैं.
एडमिट कार्ड कैसे डाउनलोड करें
- सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाएं
- होमपेज पर 'कक्षा 10वीं एडमिट कार्ड' वाले लिंक पर क्लिक करें
- अपनी जरूरी जानकारी (जैसे रोल नंबर या रजिस्ट्रेशन नंबर) भरें
- आपका एडमिट कार्ड स्क्रीन पर आ जाएगा, इसे डाउनलोड करें और प्रिंट ले लें
15 मई से शुरू होने वाली सीबीएसई की दूसरी बोर्ड परीक्षा में बिना एडमिट कार्ड के एंट्री नहीं दी जाएगी. इसीलिए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वो एडमिट कार्ड की कॉपी प्रिंट करवा लें और इसे साथ ले जाना न भूलें.
ये छात्र नहीं दे पाएंगे परीक्षा
सीबीएसई की तरफ से टू बोर्ड एग्जाम को लेकर कुछ नियम भी बनाए गए थे, जिनमें बताया गया था कि मुख्य परीक्षा देना अनिवार्य है. जो छात्र मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हुए थे, उन्हें दूसरा मौका नहीं दिया जाएगा. इसके अलावा कम से कम तीन विषयों की परीक्षा देना भी जरूरी था. सभी विषयों में फेल छात्रों को भी दूसरा मौका नहीं दिया जा रहा है. कम नंबर आने पर या फिर एक या दो विषयों में फेल होने पर दूसरी बोर्ड परीक्षा दी जा सकती है.
ये है दूसरे बोर्ड एग्जाम की पूरी डेटशीट
15 मई - गणित स्टैंडर्ड (Mathematics Standard), गणित बेसिक (Mathematics Basic)
16 मई - अंग्रेजी (English Communicative / Language and Literature)
18 मई - विज्ञान (Science)
19 मई - अन्य भाषाएं, गृह विज्ञान (Home Science), हिंदुस्तानी संगीत, रिटेल, पर्यटन
20 मई - पेंटिंग, संस्कृत, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)
21 मई - सामाजिक विज्ञान (Social Science)
ये भी पढ़ें - दिल्ली के वोकेशनल टीचर्स के लिए खुशखबरी, सरकार ने बढ़ाई सैलरी, जानिए अब कितनी मिलेगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं