अगर आपने कभी हॉलीवुड फिल्में देखी हैं या किसी अमेरिकी वेब सीरीज पर ध्यान दिया है, तो एक बात जरूर नोटिस की होगी. वहां लोग अक्सर "डॉलर" की जगह "बक" (Buck) शब्द का इस्तेमाल करते हैं. "फाइव बक्स", "टेन बक्स", "हंड्रेड बक्स"... ये शब्द अमेरिकी अंग्रेजी का हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि आखिर एक डॉलर को Buck क्यों कहा जाता है? क्या यह सिर्फ स्लैंग है या इसके पीछे कोई दिलचस्प इतिहास छिपा है? इसका जवाब आपको सैकड़ों साल पीछे ले जाता है.
जब डॉलर नहीं, हिरण की खाल चलती थी
Buck शब्द की सबसे चर्चित और सबसे मजबूत कहानी 18वीं सदी के अमेरिका से जुड़ी है. उस दौर में अमेरिका के कई इलाकों में आज की तरह नोट और सिक्के आसानी से उपलब्ध नहीं थे. ऐसे में लोग सामान के बदले सामान का लेनदेन करते थे. इसे बार्टर सिस्टम भी कहा जाता है. उस समय नर हिरण की खाल, जिसे अंग्रेजी में Buckskin कहा जाता है, काफी कीमती मानी जाती थी.
इसका इस्तेमाल सिर्फ कपड़े या दूसरी चीजें बनाने के लिए ही नहीं, बल्कि लेनदेन में भी किया जाता था. कई पुराने दस्तावेजों से संकेत मिलता है कि किसी सामान की कीमत "एक बक" या "दो बक" लिखी जाती थी. उस समय इसका मतलब एक या दो हिरण की खाल होता था.
बाद में जब अमेरिकी डॉलर आधिकारिक मुद्रा बना, तब भी लोगों की जुबान से Buck शब्द नहीं गया. पहले जो चीज हिरण की खाल के बदले खरीदी जाती थी, वही बाद में डॉलर देकर खरीदी जाने लगी. धीरे-धीरे Buck का मतलब हिरण की खाल से बदलकर एक डॉलर हो गया.
एक और कहानी भी है
Buck शब्द को लेकर एक दूसरी थ्योरी भी काफी मशहूर है. इसके मुताबिक 19वीं सदी में पोकर खेलने के दौरान खिलाड़ियों की बारी बताने के लिए Buck Knife नाम का एक चाकू इस्तेमाल किया जाता था, जिसके हैंडल पर हिरण का सींग लगा होता था. बाद में उसकी जगह डॉलर रखा जाने लगा. कुछ लोग मानते हैं कि यहीं से डॉलर को Buck कहा जाने लगा. हालांकि, इस थ्योरी के ठोस सबूत नहीं हैं. इसलिए ज्यादातर इतिहासकार Buckskin वाली कहानी को ज्यादा भरोसेमंद मानते हैं.
आज Buck सिर्फ एक स्लैंग नहीं, बल्कि अमेरिकी बोलचाल का हिस्सा बन चुका है. "Big Bucks" का मतलब खूब पैसा कमाना, "Bang for Your Buck" का मतलब पैसे की पूरी कीमत मिलना और "Make a Quick Buck" का मतलब जल्दी पैसा कमाना होता है. अब तो अमेरिकी फिल्मों, टीवी शोज और पॉप कल्चर की वजह से दुनिया के कई देशों में लोग इस शब्द का मतलब समझने लगे हैं. कनाडा में भी कभी-कभी Buck सुनने को मिल जाता है.
ये भी पढ़ें - जुगाड़ शब्द कहां से आया, इसके कितने मतलब होते हैं, अंग्रेजी डिक्शनरी में भी ये शब्द है!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं