रात में उमस और दिन में बरस रही आग, जानिए दिल्ली में बारिश पर गुड न्यूज क्या है

दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान शुक्रवार को कुछ नीचे गिरा. अब IMD ने राजस्थान और पंजाब के लिए शनिवार को रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और चंडीगढ़ मौसम केंद्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
दिल्‍ली में कब राहत की बारिश?
नई दिल्‍ली:

Weather Update: उत्‍तर भारत में इस समय आसमान से 'आग बरस' रही है. चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया है. राजस्‍थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 49.4°C पहुंच गया है. 13 जून देश में 2025 का सबसे गर्म दिन माना जा रहा है. ऐसे में सभी आसमान की ओर टकटकी लगाकर देख रहे हैं कि राहत की बारिश कब होगी? मौसम विभाग की मानें तो दिल्‍ली समेत उत्‍तर भारत के राज्‍यों को आने वाले कुछ दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है. आईएमडी के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्‍ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश तथा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. अगले दो दिन भी ऐसी स्थितियां बनी रहने का अनुमान है और 16 से 18 जून के बीच बारिश की उम्मीद है. 

Add image caption here

दिल्‍ली में कब राहत की बारिश? 

दिल्‍ली में लगातार चार दिनों तक भीषण गर्मी रहने के बाद शुक्रवार को तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गयी. इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए शुक्रवार देर शाम को आंधी और बारिश का अनुमान जताया है. दिल्ली की आधिकारिक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान गिरकर 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है, लेकिन बृहस्पतिवार के 43.9 डिग्री सेल्सियस से कम है. शहर के अन्य मौसम केंद्रों ने भी महत्वपूर्ण गिरावट दर्ज की. रिज क्षेत्र में दिन के तापमान में 4.9 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गयी जबकि आयानगर, लोधी रोड और पालम में क्रमशः 3.6 डिग्री सेल्सियस, 3.7 डिग्री सेल्सियस और 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी. शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो मौसम के औसत से चार डिग्री अधिक है. 

दिल्‍ली में ताजा पूर्वानुमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, हल्की बारिश तथा 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है. अगले दो दिन भी ऐसी स्थितियां बनी रहने का अनुमान है और 16 से 18 जून के बीच बारिश की उम्मीद है. आईएमडी के अनुमान के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 39 से41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. 14 जून के बाद से भीषण गर्मी की उम्मीद नहीं है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 187 रहा जो ‘मध्यम' श्रेणी में आता है. 

Advertisement

हरियाणा और पंजाब में भी भीषण गर्मी 

हरियाणा और पंजाब के विभिन्न हिस्से भीषण गर्मी की चपेट में हैं और शुक्रवार को सिरसा दोनों राज्यों में सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी. मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के हिसार में 44.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.  गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 44 डिग्री, रोहतक में 43.1 डिग्री, नारनौल में 44.3 डिग्री और भिवानी में 43.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. अंबाला और करनाल में लोगों को कुछ राहत मिली, जहां अधिकतम तापमान क्रमश: 38.2 और 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पंजाब में बठिंडा सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं फरीदकोट में अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर में यह 43.6 डिग्री, लुधियाना में 43 डिग्री, पटियाला में 39.2 डिग्री, पठानकोट में 42.5 और गुरदासपुर में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Advertisement

श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 49.4°C पहुंचा

राजस्थान के श्रीगंगानगर में शुक्रवार को देश में सबसे अधिक 49.4°C तापमान दर्ज किया गया है. भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यह देश में इस सीजन के दौरान किसी भी स्टेशन में दर्ज किया गया सबसे अधिकतम तापमान है. IMD के मुताबिक शुक्रवार को देश के 22 शहरों/मौसम केंद्रों में 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तापमान दर्ज किया गया. सबसे ज़्यादा हीट वेव का संकट राजस्थान में रिकॉर्ड किया गया. IMD की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य के 10 शहरों/मौसम केंद्र में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर पहुंच गया. शुक्रवार को राजस्थान के अलावा जम्मू संभाग, हरियाणा और मध्य प्रदेश में भी अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी की स्थिति बनी रही. 

Advertisement

बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान शुक्रवार को कुछ नीचे गिरा. अब IMD ने राजस्थान और पंजाब के लिए शनिवार को रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और चंडीगढ़ मौसम केंद्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
NEET UG 2025 Result Topper: 22 लाख बच्चों में Top करने वाले Mahesh Kumar कौन हैं?