- सोशल मीडिया पर 'गैंगस्टर' बनने की चाह में इंस्टाग्राम पर बना 'किंग ऑफ आजादपुर'.
- 'CRIME' नाम से अकाउंट चलाकर हथियार लहराने के वीडियो पोस्ट करता था.
- कम उम्र में ही 5 से अधिक गंभीर मामलों में शामिल रह चुका था.
दिल्ली पुलिस ने 'किंग ऑफ आजादपुर' और 'CRIME' नाम से सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वाले एक शातिर नाबालिग को पकड़ किया है. यह आरोपी आदर्श नगर इलाके में एक युवक की बाइक जलाने के मामले में फरार चल रहा था. आरोपी सोशल मीडिया रील्स पर सरेआम हथियार लहराकर इलाके में खौफ पैदा करने और अपनी गैंगस्टर छवि बनाने का प्रयास कर रहा था.
शराब के लिए नहीं दी बाइक, तो फूंक दी
पुलिस के मुताबिक, इस नाबालिग ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर आदर्श नगर इलाके में एक युवक की मोटरसाइकिल को सिर्फ इसलिए आग के हवाले कर दिया था, क्योंकि उस युवक ने शराब खरीदने के लिए इन्हें अपनी बाइक देने से साफ इनकार कर दिया था. इस घटना के बाद से ही पुलिस इसकी तलाश में जुटी हुई थी.
सोशल मीडिया पर 'गैंगस्टर' वाली छवि
पकड़ा गया नाबालिग उम्र में भले ही छोटा है, लेकिन अपराध की दुनिया में उसका ट्रैक रिकॉर्ड काफी लंबा है. पुलिस जांच में सामने आया है कि वह पहले भी स्नैचिंग, मारपीट, चोरी, आगजनी और हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) जैसे कम से कम पांच गंभीर मामलों में शामिल रह चुका है. वह कम उम्र में ही इलाके का बड़ा बदमाश बनना चाहता था और इसके लिए उसने सोशल मीडिया का सहारा लिया.
'किंग ऑफ आजादपुर' और हाथ पर 'CRIME' का टैटू
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के सोशल मीडिया एक्टिविटी की हैरान करने वाली जानकारी मिली. आरोपी इंस्टाग्राम पर 'किंग ऑफ आजादपुर' और 'CRIME' नाम से प्रोफाइल चला रहा था. इन अकाउंट्स पर वह सरेआम अवैध हथियारों के साथ रील्स और तस्वीरें पोस्ट करता था, ताकि इलाके के लोगों और विशेषकर युवाओं के बीच अपनी दबंगई कायम कर सके और डर का माहौल बना सके. अपराध के प्रति उसकी दीवानगी इस हद तक थी कि उसने अपने हाथ पर भी बड़े अक्षरों में 'CRIME' लिखवा रखा था.
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
स्पेशल स्टाफ की टीम पिछले काफी समय से इलाके के सक्रिय बदमाशों और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पैनी नजर रख रही थी. तकनीकी सर्विलांस और लोकल इनपुट की मदद से पुलिस को आरोपी की सटीक लोकेशन का पता चला. पुलिस से बचने के लिए वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन आखिरकार टीम ने घेराबंदी करके उसे दबोच लिया.
हथियारों के स्रोत की जांच जारी
दिल्ली पुलिस अब इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि इस नाबालिग के पास ये अवैध हथियार कहाँ से सप्लाई होते थे और इस नेटवर्क में उसके साथ और कौन-कौन से लोग शामिल हैं. इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने आम जनता और युवाओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या अपराध का महिमामंडन न करें, क्योंकि ऐसी गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा हैं और ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर एक्सीडेंट: रोडवेज बस की टक्कर से दंपती समेत 3 की मौत











