दिल्ली के गोविंदपुरी में मां-बेटे की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, मुठभेड़ के बाद चचेरा भाई गिरफ्तार

दिल्ली के गोविंदपुरी में मां-बेटे की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने मृतका के चचेरे भाई सौरभ साहू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने रंजिश और ईर्ष्या के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक महिला और उसके 13 वर्षीय बेटे की घर में बेरहमी से हत्या की गई थी
  • पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की मदद से आरोपी सौरभ साहू को गिरफ्तार किया
  • आरोपी ने पुलिस को पकड़ने से बचने के लिए फायरिंग की जिसमें सब-इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट ने उनकी जान बचाई
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।



दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस को साउथ-ईस्ट जिला पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, बीती 20-21 मई की रात को एक महिला और उसके 13 साल के मासूम बेटे की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल था.  (वसीम फ़िरोज़ की रिपोर्ट)

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज की और घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले. इसके साथ ही मृतका के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) एनालिसिस और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली गई, जिससे आखिरकार पुलिस आरोपी सौरभ साहू तक पहुँचने में कामयाब रही. आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृत महिला का चचेरा भाई निकला.

तफ्तीश के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी तुगलकाबाद एक्सटेंशन के घाटी वाला पार्क इलाके में आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए मौके पर जाल बिछाया. जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे घेर लिया और सरेंडर करने के लिए कहा. 

खुद को घिरा देख आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय अपने पास छिपाई अवैध पिस्तौल निकाल ली और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. आरोपी ने कुल चार राउंड फायर किए, जिसमें से एक गोली सीधे सब-इंस्पेक्टर (SI) यशपाल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर जा लगी. बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से एसआई की जान बाल-बाल बची.

Advertisement

गोली आरोपी के पैर में लगी

इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की और फायरिंग की. पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया. घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, खाली खोखे और हत्या के समय पहने हुए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं.

रंजिश के चलते वारदात को अंजाम

कड़ी पूछताछ में आरोपी सौरभ साहू ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. उसने खुलासा किया कि उसने गहरी ईर्ष्या और निजी रंजिश के चलते अपनी चचेरी बहन और उसके बेटे की हत्या की थी. पुलिस के अनुसार, मृत महिला अक्सर आरोपी को उसकी नशे की लत और गलत व आपराधिक गतिविधियों को लेकर टोकती और समझाती थी. यही बात आरोपी को नागवार गुजरती थी और वह उससे बेहद नाराज़ रहता था. 

Advertisement

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी सौरभ साहू आदतन अपराधी है और वह पहले भी चोरी, स्नैचिंग और लूट जैसे गंभीर अपराधों के चार मामलों में शामिल रह चुका है. फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी है.

इसे भी पढ़ें: ट्विशा शर्मा मामले का SC ने लिया स्वतः संज्ञान , CJI की अध्यक्षता वाली बेंच 25 मई को करेगी सुनवाई

Featured Video Of The Day
Rajasthan के Jalore में खूनी खेल; बदमाशों ने युवक को सरिए से पीटा, फिर ऊपर चढ़ा दी स्कॉर्पियो