दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर, टक्कर के बाद कार सवार ने शख्स को कई मीटर तक घसीटा, मौत

पुलिस अधिकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की मदद से 28 वर्षीय चालक शिवम दुबे का पता लगाया गया. उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के मूल निवासी दुबे ने बुधवार को दक्षिण दिल्ली के महिपालपुर में रहने वाले अपने एक दोस्त से कार ली थी और वह किसी से मिलने के लिए कनॉट प्लेस गया था.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
नई दिल्ली:

कनॉट प्लेस में कार से कथित तौर पर टक्कर मारे जाने और करीब 10 मीटर तक घसीटे जाने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को घटना के बाद कार चालक मौके से भाग गया था, जिसे अगले दिन गिरफ्तार कर लिया गया. अधिकारियों ने बताया कि कार की चपेट में आने के बाद लेखराज (45) को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. लेखराज फुटपाथ पर जीवन-यापन करते थे.

पुलिस अधिकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की मदद से 28 वर्षीय चालक शिवम दुबे का पता लगाया गया. उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश के मूल निवासी दुबे ने बुधवार को दक्षिण दिल्ली के महिपालपुर में रहने वाले अपने एक दोस्त से कार ली थी और वह किसी से मिलने के लिए कनॉट प्लेस गया था.

पूरा मामला समझिए

अपराह्न करीब 3.25 बजे लौटते समय दुबे ने कार से लेखराज को कथित तौर पर टक्कर मार दी, जो कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में बाराखंभा की तरफ रोड के पास सड़क पार कर रहे थे. अधिकारी ने बताया कि लेखराज कार के पहियों के नीचे फंस गए, लेकिन दुबे कथित तौर पर गाड़ी चलाता रहा.

करीब 10 मीटर तक घसीटे जाने के बाद लेखराज को सड़क पर छोड़कर दुबे मौके से फरार हो गया. अधिकारी ने बताया कि लेखराज को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

कनॉट प्लेस इलाके से भागने के बाद दुबे ने कार वापस अपने दोस्त को सौंप दी. सीसीटीवी की जांच की गई और कार के मालिक की पहचान की गई. अधिकारी ने बताया कि इसके बाद दुबे को गिरफ्तार कर लिया गया और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. अधिकारियों ने बताया कि उक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है. मामले में जांच जारी है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: Did Iran trap Donald Trump? | Syed Suhail | Bharat Ki Baat Batata Hoon