- दिल्ली मेट्रो के नौ स्टेशनों के नाम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता वाले नामकरण प्राधिकरण ने बदले हैं.
- कुल 21 मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने के प्रस्तावों पर विचार किया था जिसमें 7 संशोधित और 2 पूरी तरह बदले गए.
- स्थानीय पहचान के अनुरूप उत्तरी पीतमपुरा का नाम हैदरपुर गांव और पीतमपुरा का नाम मधुबन चौक कर दिया गया है.
दिल्ली मेट्रो के नौ स्टेशनों के नामों में बदलाव किया गया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता वाले राज्य नामकरण प्राधिकरण ने इन मेट्रो स्टेशनों के नाम बदले हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय के एक बयान के अनुसार, प्राधिकरण ने 21 मेट्रो स्टेशनों के नाम बदलने के प्रस्तावों पर विचार किया. हालांकि इनमें से 12 मेट्रो स्टेशनों के नामों में कोई बदलाव नहीं किया गया. वहीं सात मेट्रो स्टेशनों के नामों में संशोधन किया गया है, जबकि दो मेट्रो स्टेशनों का नाम पूरी तरह से बदला गया है.
संशोधित स्टेशन के नाम हैं: उत्तरी पीतमपुरा-प्रशांत विहार (पहले प्रशांत विहार), जगतपुर-वजीराबाद (पहले जगतपुर), नानक प्याऊ-डेरावल नगर (पहले डेरावल नगर), खानपुर-वायुसैनाबाद (पहले खानपुर), नानकसर-सोनिया विहार (पहले सोनिया विहार), श्री राम मंदिर मयूर विहार (पहले मयूर विहार पॉकेट 1), और मंगोलपुर कलां-पश्चिम एन्क्लेव (पहले पश्चिम एन्क्लेव).
ये भी पढ़ें: पीएम मोदी ने मेट्रो में 8वीं की छात्रा से किया सवाल? जानिए क्या मिला जवाब
इन दो स्टेशनों के नाम बदले
इसके अलावा बयान में कहा गया है कि स्थानीय पहचान के अनुरूप उत्तरी पीतमपुरा का नाम बदलकर हैदरपुर गांव और पीतमपुरा का नाम बदलकर मधुबन चौक कर दिया गया है.
क्षेत्रों की पहचान दर्शाते हैं मेट्रो स्टेशन: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो स्टेशन केवल आवागमन के साधन नहीं हैं, बल्कि उन क्षेत्रों की पहचान और सांस्कृतिक महत्व को भी दर्शाते हैं, जिनकी वे सेवा करते हैं. इसलिए, प्रत्येक नाम को सावधानीपूर्वक विचार-विमर्श के बाद ही अंतिम रूप दिया गया है.














