Noida Police Station Stone Pelting VIDEO: नोएडा में न्यूनतम मजदूरी की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन ने सोमवार को हिंसक रूप ले लिया. बेकाबू भीड़ ने पुलिस थाने पर पथराव किया, जिसके बाद हालात संभालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. थाने पर पत्थर फेंके जाने का वीडियो भी सामने आया है. कई इलाकों में तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि प्रशासन और सरकार के हस्तक्षेप के बाद स्थिति थोड़ी काबू में आ गई.
थाने पर पथराव, पुलिस फोर्स अलर्ट पर
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में मजदूर पुलिस थाने तक पहुंच गए और वहां पथराव किया. सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने थाने के आसपास से भीड़ को खदेड़ा और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई.
फेज‑2 में बिगड़े सबसे ज्यादा हालात
सबसे गंभीर स्थिति नोएडा के फेज‑2 इलाके में देखने को मिली. यहां प्रदर्शनकारी मजदूरों ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की और कुछ जगहों पर आगजनी की घटनाएं भी हुईं. अफरा‑तफरी के बीच पुलिस को कई स्थानों पर लाठीचार्ज करना पड़ा. हालात काबू में रखने के लिए इलाके में आरआरएफ की तैनाती की गई है.
मजदूर क्यों कर रहे प्रदर्शन
मजदूरों का कहना है कि वे महीने में 15 हजार रुपये से भी कम कमाते हैं, जबकि उनसे रोजाना 10 से 12 घंटे काम कराया जाता है. ओवरटाइम का सही भुगतान नहीं होता, छुट्टी और बोनस जैसी सुविधाएं भी नहीं मिलतीं. इसी को लेकर उन्होंने 8 घंटे की शिफ्ट और कम से कम 20 हजार रुपये मासिक वेतन की मांग रखी है.
मजदूरों की जुबानी दर्द
प्रदर्शन में शामिल लक्ष्मी ने बताया कि हम बस ओवरटाइम का पैसा और कम से कम 20 हजार रुपये की सैलरी मांग रहे हैं. कंपनी में हमारा शोषण हो रहा है. न समय पर खाना मिलता है, न महिलाओं के लिए सुरक्षा है. एक अन्य मजदूर ने कहा कि रोजाना 300‑400 रुपये में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है. महंगाई बढ़ रही है, लेकिन मजदूरी वही की वही है.
उच्च स्तरीय समिति का गठन
न्यूनतम मजदूरी के लिए हिंसक प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा फैसला किया है. राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मजदूरों के हितों की रक्षा और औद्योगिक शांति कायम करने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है. इस समिति का उद्देश्य विभिन्न स्टेकहोल्डर्स से बातचीत कर औद्योगिक असामंजस्य को दूर करना और शांति बनाए रखना है. गठित हाई लेवल कमेटी आज रात तक समाधान निकाल सकती है.














