अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस पर 'पीरियड फ्रेंडली उत्तर प्रदेश' कैंपेन लॉन्‍च, यूएन की प्रवक्‍ता ने किया MoU साइन

रंजीता प्रियदर्शिनी ने ‘पीरियड फ्रेंडली उत्तर प्रदेश’ पहल को लेकर कहा कि इस कैंपेन का मकसद मासिक धर्म से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना, महिलाओं को गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार दिलाना और पेड पीरियड लीव को नीति के स्तर पर आगे बढ़ाना है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

पीरियड यानी मासिक धर्म, एक ऐसे विषय पर, जिस पर लोग न केवल पब्लिकली, बल्कि घर में भी खुल कर बात नहीं करते, रविवार को 'पीरियड फ्रेंडली उत्तर प्रदेश' कैंपेन लॉन्‍च किया गया. पेड पीरियड लीव यानी महीने के मुश्किल दिनों में बिना वेतन काटे कम से कम एक दिन की छुट्टी दिए जाने की वकालत करने वालीं ग्‍लोबल लीडर रंजीता प्रियदर्शिनी ने अंतरगौतम बुद्ध नगर के कुलेसरा में एक एनजीओ एकता सेवा समिति के साथ MoU यानी समझौता ज्ञापन (Memorandum of Understanding) पर हस्‍ताक्षर किया. अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्‍य अतिथि केरल में DG रह चुके रिटायर्ड IPS संजीव पाटजोशी, विशिष्‍ट अतिथि दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर के पुत्र दीपक सिंह नागर, रंजीता, एकता सेवा समित‍ि के अध्‍यक्ष उत्तम प्रकाश तिवारी ने राज्‍यव्‍यापी कैंपेन की शुरुआत की.

रंजीता प्रियदर्शिनी, इस विषय पर संयुक्‍त राष्‍ट्र की एकमात्र ग्‍लोबल स्‍पोक्‍सपर्सन हैं, जो UN में पेड पीरियड लीव का मुद्दा उठा चुकी है. साथ ही 66 देशों की सरकारों के साथ इस विषय पर बात कर चुकी हैं. उन्‍होंने कुछ महीने पहले ब्रिटेन की संसद में भी इस विषय पर स्‍पीच दी थी. ओडिशा से आने वाली रंजीता की पहल पर उनके गृह राज्‍य और कर्नाटक में इस पर कानून बन चुका है, जबकि बिहार विधानसभा में भी ये मुद्दा उठाया जा चुका है.

अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस के मौके पर ग्रेटर नोएडा के पंडित नानक चंद शर्मा ग्राउंड, कुलेसरा श्रीराम कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्‍या में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने भाग लिया. स्वागत भाषण के बाद राष्ट्रगान से कार्यक्रम की शुरुआत हुई. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ओडिशी नृत्यांगना और कोरियोग्राफर बिभुदत्त दास ने विशेष प्रस्तुति दी. जन सेवा समिति फाउंडेशन के सदस्यों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर समुदाय की रचनात्मक ऊर्जा को प्रदर्शित किया.

सामाजिक परिवर्तन की दिशा में अहम कदम: डॉ पाटजोशी

मुख्य अतिथि डॉ. संजीव पाटजोशी (IPS) ने अपने संबोधन में रंजीता प्रियदर्शिनी के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे साहसिक और वैश्विक महत्व का आंदोलन बताया. उन्होंने कहा कि अंतरराष्‍ट्रीय महिला दिवस पर MoU साइन होना उत्तर प्रदेश के लिए प्रगतिशील सोच का प्रतीक है और यह सामाजिक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

कार्यक्रम का सबसे अहम क्षण वह रहा जब रंजीता प्रियदर्शिनी और एकता सेवा समिति के अध्यक्ष उत्तम प्रकाश तिवारी ने ‘पीरियड फ्रेंडली उत्तर प्रदेश' पहल को लागू करने के लिए औपचारिक रूप से समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के बाद इस पहल का उद्देश्य बताया. उन्‍होंने कहा कि इस कैंपेन का मकसद मासिक धर्म से जुड़े मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना, महिलाओं को गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार दिलाना और पेड पीरियड लीव को नीति के स्तर पर आगे बढ़ाना है.

Advertisement

संस्‍था ने किया पेड पीरियड लीव का समर्थन 

एकता सेवा समिति के अध्यक्ष उत्तम प्रकाश तिवारी ने पेड पीरियड लीव का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी संस्था इस अभियान को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. कार्यक्रम में प्रिया सिंह ने स्वास्थ्य शिक्षा, कानूनी जागरूकता और समाज में महिलाओं की बढ़ती नेतृत्व भूमिका पर प्रकाश डाला. महासचिव गौरी शंकर ने रंजीता द्वारा संस्था पर जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया. इसके अलावा संगीता तिवारी, शैलेश शर्मा और डॉ अखिलेश यादव ने भी मासिक धर्म स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण की जरूरत पर अपने विचार रखे. संध्यारानी ने धन्यवाद ज्ञापन किया. 

इस अवसर पर मानमती अस्पताल की ओर से एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें सभी जरूरी मेडिकल जांच मुफ्त में की गईं. केके एजुकेशन फाउंडेशन ने भी सहयोग देते हुए महिलाओं और बच्चों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Kanpur Murder Case: 11 साल तक बेटियों को सीने से लगाया, उसी पिता ने Twin Daughters का गला रेता