Indira Gandhi International Airport: दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट इलाके में अब ट्रैफिक नियम तोड़ना आसान नहीं रहेगा. Delhi International Airport Limited (DIAL–GMR) और Delhi Traffic Police ने मिलकर एक हाईटेक ऑटोमेटेड ट्रैफिक एनफोर्समेंट सिस्टम शुरू किया है. इस नई व्यवस्था का मकसद है सड़क सुरक्षा बढ़ाना, ट्रैफिक में अनुशासन लाना और एयरपोर्ट के आसपास गाड़ियों की आवाजाही को स्मूद बनाना है.
लगाए गए 14 हाई-डेफिनिशन ANPR कैमरे
इस प्रोजेक्ट के तहत फिलहाल IGI एयरपोर्ट इलाके के अलग-अलग अहम पॉइंट्स पर 14 हाई-डेफिनिशन ANPR (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरे लगा दिए गए हैं. ये कैमरे हर गुजरने वाली गाड़ी का नंबर प्लेट पढ़कर तुरंत रिकॉर्ड कर लेते हैं. आने वाले समय में 35 और ऐसे कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे पूरा एयरपोर्ट रोड नेटवर्क लगभग पूरी तरह निगरानी में आ जाएगा.
उल्लंघन करने पर ई-चालान जारी होगा
अब सवाल ये है कि किन-किन गलतियों पर चालान कटेगा? तो इस सिस्टम के जरिए ओवरस्पीडिंग, गलत या अवैध पार्किंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, तीन लोगों का बाइक पर बैठना (ट्रिपल राइडिंग), बिना हेलमेट गाड़ी चलाना, स्टॉप लाइन तोड़ना और रेड लाइट जंप करना. इन सभी उल्लंघनों पर सीधे ई-चालान जारी होगा. यानी अब ट्रैफिक पुलिस के मौके पर मौजूद होने की जरूरत नहीं, कैमरा खुद ही आपकी गलती पकड़ लेगा.
ये कैमरे एयरपोर्ट के कई अहम इलाकों में लगाए गए हैं, जैसे सेंट्रल स्पाइन रोड, कार्गो टर्मिनल एरिया, रंगपुरी, सेंटौर होटल जंक्शन, एरोसिटी, NSG जंक्शन और टर्मिनल-1 एग्जिट रोड... ये सभी जगहें ऐसी हैं, जहां ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है और नियम तोड़ने की शिकायतें भी अक्सर आती रही हैं.
फोटो और डिटेल कैप्चर करता है
ई-चालान का पूरा प्रोसेस भी पूरी तरह टेक्नोलॉजी बेस्ड है. जैसे ही कोई गाड़ी नियम तोड़ती है, ANPR कैमरा उसकी फोटो और डिटेल कैप्चर करता है. ये डेटा सीधे NIC और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के सिस्टम से जुड़ जाता है. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी उस फुटेज को वेरिफाई करते हैं और फिर नियमों के मुताबिक ई-चालान जारी किया जाता है. कुल मिलाकर, DIAL–GMR और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ये जॉइंट पहल IGI एयरपोर्ट इलाके में ट्रैफिक मैनेजमेंट को पूरी तरह बदलने वाली है. अब लापरवाही या नियम तोड़ने पर तुरंत कार्रवाई होगी, जिससे सड़कें सुरक्षित होंगी.
ये भी पढ़ें: CM योगी ने बच्चों को दुलारा, चॉकलेट भी दी, जनता दर्शन में आए 200 फरियादियों की सुनी समस्याएं; समाधान का दिया भरोसा














