गाजियाबाद: इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री में भीषण आग, 25 दमकल गाड़ियां बुझाने में जुटीं, खाली कराई आसपास की कंपनियां

गाजियाबाद के बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित LN Electronics फैक्ट्री में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेज थी कि आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराना पड़ा. 25 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं रहीं.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Ghaziabad Factory Fire: गाजियाबाद के औद्योगिक इलाके में सोमवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेज थी कि काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई देने लगा. हालात ऐसे बन गए कि प्रशासन को आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराना पड़ा और मौके पर दमकल की 25 गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं.

यह घटना एनएच-9 से सटे बुलंदशहर इंडस्ट्रियल एरिया की LN Electronics फैक्ट्री में हुई. दोपहर के समय अचानक आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक नजर आ रहा था, जिससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए.

मशीन गर्म होने से भड़की आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में लगी CNC मशीन के ज्यादा गर्म होने की वजह से आग लगी. देखते ही देखते आग ने पूरी यूनिट को अपनी चपेट में ले लिया. फैक्ट्री में इलेक्ट्रॉनिक सामान, पंखे और लाइट बनाने का काम होता है, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई.

25 दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात

आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत बड़ा एक्शन लिया. करीब 25 फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. इसके अलावा हाइड्रोलिक फायर वाहन भी बुलाया गया, ताकि ऊंचाई से आग पर काबू पाया जा सके.

Advertisement

आसपास की फैक्ट्रियां कराई गईं खाली

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आसपास की कई फैक्ट्रियों को एहतियातन खाली करा लिया. आग फैलने का खतरा बना हुआ था, इसलिए कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया. इस दौरान पूरे इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए.

कई जिलों की टीमें जुटीं आग बुझाने में

साहिबाबाद, वैशाली और घंटाघर कोतवाली समेत पास के जिले नोएडा से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं. फायर कर्मियों ने करीब 17 हौज पाइप एक साथ लगाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की. करीब तीन घंटे तक लगातार राहत और बचाव कार्य चलता रहा.

Advertisement

कोई जनहानि नहीं, करोड़ों का नुकसान

सीएफओ राहुल पाल के अनुसार, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. हालांकि, आग की वजह से फैक्ट्री को भारी नुकसान हुआ है और करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

Featured Video Of The Day
Exclusive: केजरीवाल ले रहे पंजाब के फैसले? CM भगवंत मान ने तोड़ी चुप्पी