300 CCTV फुटेज खंगाली, फिर बिछाया जाल; पुलिस ने दूध चोर गैंग को पकड़ा, दो आरोपी गिरफ्तार

Delhi Milk Theft: 26 मार्च की सुबह दूध सप्लाई करने वाला एक डेयरी के बाहर दूध के कैरेट रखकर चला गया. जबकि कुछ ही समय बाद दो चोर ऑटो लेकर वहां पहुंचे और एक-एक कर दूध के 9 कैरेट अपने ऑटो में रख लिए. यह पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई थी.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Delhi Milk Theft: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में दूध और दही चोरी करने वाला एक शातिर गैंग आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर शुरू हुई जांच ने बड़ा खुलासा किया, जिसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इन चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले. मामला 26 मार्च 2026 का है, जब दूध और दही चोरी का एक वीडियो सोशल मीडिया और यूट्यूब पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो सामने आने के बाद आउटर डिस्ट्रिक्ट की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड हरकत में आई और आरोपियों को पकड़ने के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई. टीम ने इलाके में लगे सैकड़ों कैमरों की फुटेज खंगाली और साथ ही मुखबिरों को भी एक्टिव किया.

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने बिछाया जाल

जांच के दौरान पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि दो आरोपी मोहित उर्फ पाथा और आयुष मान पांडे उर्फ पंडित विकास नगर के शिव विहार इलाके में अपने एक साथी से मिलने आने वाले हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया. कुछ देर बाद एक बजाज मैक्सिमो तीन पहिया वाहन वहां पहुंचा. जैसे ही एक शख्स गाड़ी से उतरा, मुखबिर ने उसकी पहचान कर ली और पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को दबोच लिया.

खाली दूध के 14 क्रेट बरामद

जब पुलिस ने तीन पहिया वाहन की तलाशी ली, तो उसमें से 14 खाली दूध के क्रेट बरामद हुए. गाड़ी के कागज मांगने पर आरोपी कुछ भी दिखा नहीं पाए. जांच में पता चला कि ये वाहन पहले से ही चोरी का है, जो प्रेम नगर थाने में दर्ज एक मामले से जुड़ा हुआ है. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने कुछ दिन पहले उत्तम नगर इलाके से दूध और दही चोरी किया था. पुलिस रिकॉर्ड चेक करने पर इस बात की पुष्टि भी हो गई. चोरी किया गया दूध और दही उन्होंने डाबड़ी और बिंदापुर इलाके के सप्लाई पॉइंट्स पर बेच दिया था.

स्कूटी और बाइक भी चुराया

इतना ही नहीं, आरोपियों ने ये भी बताया कि उन्होंने हाल ही में एक होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी चोरी की थी. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर ये दोनों वाहन भी बरामद कर लिए, जो तिलक नगर और रन्हौला थानों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े निकले.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, ये आरोपी दूध सप्लाई करने वाले वाहनों का पीछा करते थे और जब डिलीवरी के दौरान बाहर दूध के क्रेट रखे जाते थे, तो मौके का फायदा उठाकर उन्हें चुरा लेते थे. चोरी का सामान ले जाने के लिए ये लोग खुद चोरी किए हुए वाहनों का इस्तेमाल करते थे. गिरफ्तार आरोपियों में मोहित उर्फ पाथा (27 वर्ष) रन्हौला का रहने वाला है और उसके खिलाफ पहले से ही चोरी, स्नैचिंग और वाहन चोरी के 38 मामले दर्ज हैं. वहीं दूसरा आरोपी आयुष मान पांडे उर्फ पंडित (19 वर्ष) भी उसी इलाके का रहने वाला है.

पुलिस ने इस कार्रवाई में कुल 5 मामलों का खुलासा किया है और आरोपियों के कब्जे से एक चोरी का तीन पहिया वाहन, एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और 14 खाली दूध के क्रेट बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें: 1500 AI कैमरे से निगरानी, QR आधारित एंट्री, चप्पे-चप्पे पर पहरा; नई दिल्ली स्टेशन का कुछ ऐसा होगा सुरक्षा घेरा

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Fuel Price Hike | Bulldozer Action | Bhojshala | पेट्रोल से HC तक आज की बड़ी खबरें
Topics mentioned in this article