Big Boss OTT-2 winner Elvish Yadav: बिग बॉस OTT-2 के विजेता एल्विश यादव से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. बदमाशों ने विदेशी नंबर से व्हाट्सएप मैसेज भेजकर न सिर्फ एल्विश यादव बल्कि उनके पिता को भी जान से मारने की धमकी दी. आरोपियों ने दो दिन के भीतर रकम न देने पर गोली मारने की धमकी दी है. शिकायत मिलते ही गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 308(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
10 करोड़ रुपये की मांग
पुलिस को दी शिकायत में एल्विश यादव ने बताया कि 5 मई को उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई थी, जिसे वह रिसीव नहीं कर सके. इसके कुछ देर बाद उसी नंबर से मैसेज आया, जिसमें भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी बताया. मैसेज में एल्विश से 10 करोड़ रुपये की मांग की गई और रकम दो दिन में देने को कहा गया. पैसे न देने पर गोली मारने की धमकी भी दी गई. यही धमकी भरा मैसेज उनके पिता के मोबाइल पर भी भेजा गया. इस पर उन्होंने सेक्टर 56 थाना पुलिस में सूचना दी. पुलिस ने शिकायत के बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच अपराध शाखा को सौंप दी है. पुलिस अब कॉल और मैसेज की लोकेशन व स्रोत का पता लगाने में जुटी है.
एल्विश के घर पर बदमाशों ने दो दर्जन राउंड की थी फायरिंग
बता दें कि 17 अगस्त 2025 को Elvish Yadav के घर पर बाइक सवार बदमाशों ने करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की थी. इस मामले में सेक्टर-56 थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 व 27 के तहत केस दर्ज किया था. जांच के दौरान अपराध शाखा फरीदाबाद ने इशांत नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था. इसके बाद अपराध शाखा सेक्टर-40 ने फरीदाबाद निवासी जतिन को भी दबोचा था, जबकि फरार आरोपी गौरव और आदित्य को दिल्ली की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था. अब एक बार फिर एल्विश यादव को मिली रंगदारी की धमकी के बाद पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.
(Sahil Manchanda की रिपोर्ट)














