लिव इन पार्टनर और उसकी 9 साल की बेटी का कातिल दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार, मुंबई भागने की तैयारी में था

पूछताछ में आरोपी ने दोनों हत्याओं की बात कबूल कर ली. उसने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात महिला से फेसबुक के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे और महिला की 9 साल की बेटी भी उनके साथ रहती थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दिल्ली पुलिस ने उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हुए डबल मर्डर केस का आरोपी दीपक बहादुर को गिरफ्तार किया है.
  • आरोपी दीपक बहादुर ने अपनी लिव-इन पार्टनर और उसकी 9 साल की बेटी की हत्या की थी.
  • आरोपी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास पकड़ा गया था, वह मुंबई जाने के लिए ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली:

दिल्ली पुलिस की नॉर्थ-वेस्ट जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस के आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 38 साल के दीपक बहादुर के रूप में हुई है, जो नेपाल का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक उसने अपनी लिव-इन पार्टनर और उसकी 9 साल की बेटी की हत्या कर दी थी और इसके बाद फरार हो गया था. जानकारी के मुताबिक 6 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे रुद्रप्रयाग जिले के तिलवाड़ा गांव के रहने वाले योगेंद्र लाल ने पुलिस को सूचना दी कि दीपक बहादुर पिछले कई दिनों से अपने किराए के कमरे पर दिखाई नहीं दे रहा है और कमरे से तेज बदबू आ रही है. 

सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. कमरे का दरवाजा बंद था और अंदर का माहौल संदिग्ध लग रहा था. जब पुलिस ने कमरे की जांच की तो अंदर एक महिला और एक 9 साल की बच्ची के शव मिले. दोनों की मौत कई दिन पहले हो चुकी थी.

लिव इन पार्टनर और उसकी बेटी की हत्या कर भाग गया था आरोपी

जांच के दौरान पता चला कि कमरे में रहने वाला दीपक बहादुर घटना के बाद से ही गायब है, जिससे उस पर शक गहरा गया. इसके बाद रुद्रप्रयाग कोतवाली में 7 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया और आरोपी की तलाश शुरू की गई.

रुद्रप्रयाग से भागकर दिल्ली आ गया था आरोपी

जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों से पुलिस को आरोपी की लोकेशन दिल्ली के आजादपुर मंडी इलाके के पास मिली. मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने दिल्ली पुलिस के नॉर्थ-वेस्ट जिला स्पेशल स्टाफ से मदद मांगी. टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी.

दिल्ली से मुंबई जाने की तैयारी में था, तभी पकड़ा गया

निगरानी के दौरान आरोपी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के आसपास देखा गया. स्टेशन पर भारी भीड़ होने की वजह से उसे तुरंत पकड़ना मुश्किल था, लेकिन पुलिस टीम ने इलाके में लगातार तलाश जारी रखी. आखिरकार आरोपी को उस समय पकड़ लिया गया जब वह मुंबई जाने के लिए ट्रेन में सवार होने की कोशिश कर रहा था.

पूछताछ में हत्या की यह बताई वजह

पूछताछ में आरोपी ने दोनों हत्याओं की बात कबूल कर ली. उसने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात महिला से फेसबुक के जरिए हुई थी, जिसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे और महिला की 9 साल की बेटी भी उनके साथ रहती थी. कुछ समय बाद उसे शक हुआ कि महिला किसी दूसरे व्यक्ति के साथ भी रिश्ते में है, जिससे वह काफी परेशान और डिप्रेशन में रहने लगा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ और गुस्से में उसने महिला और उसकी बेटी की हत्या कर दी.

Advertisement

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था और दिल्ली पहुंच गया था. दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उत्तराखंड पुलिस के हवाले कर दिया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच की जा रही है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

Featured Video Of The Day
Middle East Crisis: UAE का आसमान बना जंग का मैदान, 113 ड्रोन हमले से दहल उठा पूरा का पूरा इलाका!