पटना में चेन्नई से आई 3000 लीटर नशीली कफ सिरप, ट्रक से उतारी जा रही थीं 200 कार्टन में हजारों बोतलें

Bihar News: पटना पुलिस ने रामकृष्ण नगर में छापेमारी कर 30 हजार बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की है. हिमाचल में निर्मित यह नशा चेन्नई से बुक होकर बिहार पहुंचा था, मामले में पुलिस ने यूपी के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Patna Seizure 3000L of narcotic cough syrup
IANS

Bihar News: बिहार में शराबबंदी के बाद पैर पसार रहे 'सूखे नशे' के खिलाफ पटना पुलिस ने एक बार फिर से बड़ी कार्रवाई की है. सोमवार को रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में एक कंटेनर से भारी मात्रा में कोडिन युक्त  प्रतिबंधित अवैध कफ सिरप को जब्त किया है. पुलिस ने मौके से करीब 30 हजार बोतलें जब्त की हैं, जिनका बाजार मूल्य लाखों में आंका जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय तस्कर को भी दबोचा है.

 गोदाम में उतारी जा रही थी खेप

 कार्रवाई को लेकर पुलिस ने बताया कि रामकृष्णा नगर के जकरियापुर क्षेत्र में एक ट्रक (कंटेनर) से कोडिन युक्त अवैध कफ सिरप उतारकर गोदाम में रखे जाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई थी. जिसकी पुष्टि करने के बाद नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी, पटना के निर्देशन में औषधि निरीक्षक, पटना के सहयोग से एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.

30 हजार बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप किया जब्त

गठित टीम के जरिए कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर छापेमारी की गई. पुलिस ने यहां से 200 कार्टन में रखे 30 हजार बोतल कोडिन युक्त 'एस कॉफ' नाम के कफ सिरप (लगभग 3000 लीटर) बरामद किया है. पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है.

हिमाचल से चेन्नई और फिर बिहार का कनेक्शन

पटना नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने सोमवार को बताया कि बरामद कफ सिरप का निर्माण हिमाचल प्रदेश में हुआ है. जिसे  ट्रांसपोर्ट के जरिए चेन्नई से बुक किया गया था. साथ ही जिसे इसकी डिलवरी देनी थी उसके नाम का भी पता चल गया है, सत्यापन कर उसपर एक्शन करने की कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा मामले में एक मोहम्मद जमशेद को गिरफ्तार किया गया है जो यूपी के मुरादाबाद का रहने वाला है.

बुकिंग करने वाले नाम के सत्यापन में लगी पुलिस

आगे जानकारी देते हुए एसपी ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है, लेकिन उसके पास ज्यादा जानकारी नहीं है. इसलिए सारी जांच बुक करने वाले व्यक्ति पर केंद्रित है जिससे आगे की जानकारी मिल सकेगी और जांच तो आगे बढ़ाया जा सकेगा.

Advertisement

6 दिनों में दूसरी बड़ी कार्रवाई

बता दें कि छह दिन पूर्व भी पुलिस ने गौरीचक थाना क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12,050 बोतल कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद की थी. इस दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया था जबकि एक आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था.

यह भी पढ़ें: रांची के सुजाता चौक पर 'डांसिंग कॉप' का जलवा, विसल और अनोखे स्टाइल से मिनटों में क्लियर कराते हैं ट्रैफिक

Advertisement
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Bharat Ki Baat Batata Hoon | Iran Israel War | Pilot के लिए दांव पर 18 हजार करोड़!
Topics mentioned in this article