पंजाब के नवांशहर में खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या, भरे बाजार ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत

पंजाब के नवांशहर में भरे बाजार एक खिलाड़ी की अज्ञात हमलावरों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी. 7-8 गोलियां लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

पंजाब में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. ताजा मामला नवांशहर के कस्बा औड़ से सामने आया है, जहां शुक्रवार रात भरे बाजार में अज्ञात हमलावरों ने एक खिलाड़ी को गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान निशान सिंह उर्फ मोनी (पुत्र सुरजीत सिंह) निवासी घूमार मोहल्ला, औड़ के रूप में हुई है. निशान सिंह एक स्पोर्ट्समैन था और अक्सर इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा आता-जाता रहता था. वह अपनी दो बहनों का इकलौता भाई था. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे कस्बे में दहशत का माहौल है.

बाबा धर्मगीर मंदिर के पास वारदात

प्रत्यक्षदर्शियों और मौके से मिली जानकारी के मुताबिक यह वारदात शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे की है. निशान सिंह बाबा धर्मगीर मंदिर के पास अपने कुछ परिचितों से बातचीत कर रहा था. इसके बाद वह पास ही एक रेहड़ी पर गोलगप्पे खाने लगा. गोलगप्पे खाने के बाद निशान सिंह जैसे ही अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर बस स्टैंड की तरफ बढ़ने लगा, तभी अचानक अज्ञात हमलावर वहां पहुंच गए. हमलावरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए शरीर और चेहरे को लोई (कंबल) से ढक रखा था.

हमलावरों ने आते ही निशान सिंह पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई इस गोलीबारी से पूरे बाजार में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. निशान सिंह के शरीर के अलग-अलग हिस्सों में 7 से 8 गोलियां लगीं. जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं सड़क पर गिर गया और हमलावर फरार हो गए.

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया: खून से लथपथ निशान सिंह को स्थानीय लोगों और जान-पहचान वालों ने तुरंत नवांशहर के एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया. हालांकि उसकी हालत बेहद गंभीर थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement

पहले भी हुआ था हमला, घर में चल रही थी शादी की बात

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक निशान सिंह की मौत ने पूरे परिवार को उजाड़ कर रख दिया है. उसके एक भाई की पहले ही मौत हो चुकी थी, जिसके बाद वही परिवार का इकलौता सहारा था। वह अभी अविवाहित था और इन दिनों परिवार उसकी शादी की बात चला रहा था.

पहले भी जिम में मारी थी गोली

यह भी सामने आया है कि कुछ महीने पहले एक जिम में भी निशान सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था और उसे गोली मारी गई थी। उस वक्त वह किस्मत से बच गया था। लेकिन उस घटना के बाद से ही उसे लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। पुलिस अब इस पुराने विवाद को भी जांच के केंद्र में रख रही है।

Advertisement

पुलिस कार्रवाई: फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, CCTV खंगाल रही पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस की सीनियर टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से गोलियों के खोल व अन्य सबूत इकट्ठा किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. हमलावरों का सुराग लगाने के लिए बाजार और बस स्टैंड के आस-पास लगे सभी CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है. अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Featured Video Of The Day
Delhi Bulldozer Action: दिल्ली के शालीमार बाग में सुबह 4 बजे से गरज रहा बुलडोजर, तोड़े जा रहे 150 घर