- गुजरात ATS ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जो देश में बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे
- आरोपियों ने BJP के नेताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों को निशाना बनाने की साजिश रची थी
- आरोपी व्हाट्सएप और टेलीग्राम पर देश‑विरोधी नेटवर्क चला रहे थे और नफरत फैलाने वाली भाषा का प्रयोग कर रहे थे
गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो देश में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में लगे थे. एटीएस ने एक आरोपी को गुजरात से जबकि दूसरे आरोपी को मुंबई के साकीनाका इलाके से गिरफ्तार किया है. एटीएस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े पदाधिकारियों को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे.
चैट से खुली पोल
इस मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी पर्याप्त हथियार जुटाने की योजना पर काम कर रहे थे. एटीएस को हाथ लगी चैट्स से खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि यदि हथियार मिल जाते हैं तो देश में किसी बड़ी वारदात को अंजाम दिया जाएगा. सूत्रों के अनुसार, आरोपी लंबे समय से इस साजिश पर काम कर रहे थे.
ये भी पढ़ें : ऑफिस आते-जाते एक्सीडेंट हुआ तो मिलेगी 'On Duty' डेथ जैसी सहायता, गुजरात हाई कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला
बड़ी वारदात को देने की फिराक में थे
एटीएस को मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए कई ग्रुप चला रहे थे, जिनके माध्यम से देश‑विरोधी नेटवर्क संचालित किया जा रहा था. इन ग्रुप्स में लगातार नफरत फैलाने वाली बातें की जा रही थीं और देश‑विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने की योजना बनाई जा रही थी. चैट्स की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अन्य धर्मों के लोगों के लिए “काफिर” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे और खुले तौर पर नफरत फैलाने वाली भाषा का प्रयोग किया जा रहा था.
अभी एटीएस की पूछताछ जारी
एटीएस के अनुसार, इन चैट्स में साफ तौर पर देश‑विरोधी मंशा दिखाई दी है. सूत्रों का कहना है कि दोनों आरोपी काफी समय से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों और हमले की साजिश रचने में जुटे थे. फिलहाल एटीएस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन लोग जुड़े हैं तथा साजिश कितने बड़े स्तर पर फैली हुई थी.














