दिल्ली: लापता स्क्रैप कारोबारी की हत्या, पैसों के विवाद में दोस्त ने ही उतारा मौत के घाट, फरीदाबाद में मिला शव

पुरानी दिल्ली के चांदनी महल से लापता स्क्रैप कारोबारी आरिब की हत्या का खुलासा हुआ है. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर फरीदाबाद से शव बरामद किया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
मामले की जांच में जुटी पुलिस
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दिल्ली के चांदनी महल इलाके से स्क्रैप कारोबारी आरिब 7 मार्च को फरीदाबाद गया था और वापस नहीं लौटा
  • आरिब के लापता होने की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की और उसकी अंतिम कॉल हर्ष नाम के युवक से मिली थी
  • हर्ष ने अपना मोबाइल राहुल को दिया था, जो फरीदाबाद में किराए के मकान में रह रहा था और बाद में अलीगढ़ भाग गया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

पुरानी दिल्ली के चांदनी महल इलाके से लापता हुए एक स्क्रैप कारोबारी की हत्या का मामला सामने आया है. 7 मार्च को करीब ढाई लाख रुपये लेकर फरीदाबाद गए कारोबारी के घर वापस न लौटने के बाद परिवार की शिकायत पर शुरू हुई जांच अपहरण से होते हुए हत्या तक पहुंची. पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मृतक का शव फरीदाबाद से बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक 7 मार्च की देर रात थाना चांदनी महल में आरिब नाम के शख्स के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.

पीड़ित की पहचान और अंतिम कॉल डिटेल्स

31 वर्षीय आरिब, शकील‑उर‑रहमान का बेटा था और दिल्ली गेट के पास गली मंदिर वाली, कुचा चलान में रहता था. परिवार के अनुसार आरिब स्क्रैप टूल्स का कारोबार करता था और 7 मार्च के दिन कारोबार के सिलसिले में करीब 2.5 लाख रुपये नकद लेकर फरीदाबाद गया था, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला. इस मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आखिरी बार आरिब की बातचीत हर्ष नाम के युवक से हुई थी, जो करावल नगर का रहने वाला है.

ये भी पढ़ें ; दिल्ली में कार के अंदर मिले दो लोगों के शव, बंद गाड़ी के अंदर से मिले शराब के पाउच

हर्ष से पूछताछ, राहुल तक पहुंच और एफआईआर

पुलिस ने हर्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपना मोबाइल फोन राहुल नाम के युवक को दे दिया था, जो उस समय फरीदाबाद में किराए के मकान में रह रहा था. मामले में संदेह बढ़ने पर पुलिस ने 10 मार्च को एफआईआर दर्ज की और तुरंत एक टीम को फरीदाबाद रवाना किया. वहां पहुंचने पर पता चला कि राहुल अचानक किराए का कमरा खाली करके अपने पैतृक गांव अलीगढ़ भाग गया है. इसके बाद चांदनी महल थाने की टीम अलीगढ़ पहुंची, राहुल को ट्रेस कर पूछताछ के लिए दिल्ली ले आई.

राहुल का कबूलनामा: पैसों के विवाद में हत्या, शव बरामद

शुरुआती पूछताछ में राहुल ने खुलासा किया कि आरिब की हत्या फरीदाबाद में कर दी गई थी और इस वारदात में उसका एक साथी बाबू भी शामिल था. पूछताछ में सामने आया कि स्क्रैप कारोबार से जुड़े पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद इस हत्या की वजह बना. राहुल के खुलासे के बाद दिल्ली पुलिस और फरीदाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने फरीदाबाद में तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान आरिब का शव बरामद कर लिया गया और दूसरे आरोपी बाबू को भी गिरफ्तार कर लिया गया.

ये भी पढ़ें : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिला एयरोड्रम लाइसेंस, उद्घाटन का रास्ता साफ

फरीदाबाद पुलिस को मामला, आगे की जांच जारी

हत्या की वारदात और शव की बरामदगी फरीदाबाद पुलिस के अधिकार क्षेत्र में हुई है, इसलिए पूरा मामला अब वहीं दर्ज किया जा रहा है. दोनों आरोपियों को फरीदाबाद पुलिस के हवाले कर दिया गया है और आगे की जांच वही करेगी. पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार, घटनास्थल की परिस्थितियों और पैसों के पूरे लेनदेन की जांच कर रही है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान-अमेरिका के बीच महायुद्ध अब 10 साल तक चलेगा? | Iran War News | Kachehri