- पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने चंडीगढ़ ग्रेनेड हमले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है
- दो हमलावरों की पहचान कर ली गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है
- जांच में पता चला है कि यह आतंकी साजिश पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के समर्थन से संचालित थी
चंडीगढ़ में हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने संयुक्त ऑपरेशन में इस केस को सुलझाने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई के जरिए न सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, बल्कि एक बड़ी आतंकी साजिश को भी नाकाम किया गया है. इस बारे में पंजाब के डीजीपी ने एक्स पर जानकारी साझा की है.
पांच गिरफ्तार, दो हमलावरों की पहचान
पंजाब पुलिस के अनुसार, चंडीगढ़ ग्रेनेड हमले की जांच में बड़ी सफलता हासिल हुई है. काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ मिलकर इस मामले को सुलझा लिया है. इस घटना में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि हमले को अंजाम देने वाले दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है. पुलिस ने एक ग्रेनेड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है. फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार अभियान चला रही हैं.
ये भी पढ़ें : चंडीगढ़ में बीजेपी दफ्तर के बाहर हुए धमाके में पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
ISI से जुड़े मॉड्यूल और विदेशी हैंडलर्स का खुलासा
शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के समर्थन से संचालित था. पुलिस के मुताबिक, पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे विदेशी हैंडलर्स की पहचान भी की गई है. इस पूरे नेटवर्क में कई कटआउट्स और सब‑मॉड्यूल्स का इस्तेमाल किया गया था. पंजाब पुलिस का कहना है कि इस ऑपरेशन के जरिए क्षेत्र में शांति और सौहार्द बिगाड़ने की एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया है.
फरार आरोपियों की तलाश, सुरक्षा पर जोर
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं. पंजाब पुलिस ने दोहराया है कि वह क्षेत्र की सुरक्षा, संरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
ये भी पढ़ें ; चंडीगढ़: BJP दफ्तर के बाहर धमाके का वीडियो आया सामने, खालिस्तान आतंकी ने ली जिम्मेदारी
क्या है मामला
बुधवार शाम हुए विस्फोट से चंडीगढ़ में अफरा-तफरी मच गई थी. तब पुलिस ने बताया कि धमाका किसी देसी उपकरण के फेंके जाने से हुआ प्रतीत होता है, किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. जिसके बाद एनआईए की एक टीम विस्फोट की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची थी. उन्होंने बताया कि विस्फोट शाम करीब पांच बजे हुआ. इसका वीडियो भी सामने आया था, जिसमें अपने हाथ में हेलमेट लिए हुए एक व्यक्ति हथगोले जैसी वस्तु फेंकता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति इस कृत्य को रिकॉर्ड कर रहा है. वस्तु फेंके जाने के बाद, दोनों भागने लगे और फिर धमाके की आवाज सुनाई दी. दस सेकंड के वीडियो में उनके चेहरे दिखाई नहीं दे रहे थे.














